गैस की किल्लत से चमके TTK प्रेस्टीज, Gandhimathi और स्टोव क्राफ्ट के शेयर, 15% तक की तेजी, मिला ये फायदा
एलपीजी सप्लाई में संभावित कमी की खबरों के बीच किचन अप्लायंस कंपनियों के शेयरों में तेजी देखी गई. TTK Prestige, Gandhi Mathi Appliances और Stove Kraft के शेयर 15% तक चढ़ गए. इंडक्शन कुकटॉप की बढ़ती मांग से इन कंपनियों के कारोबार में संभावित बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है.
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और एलपीजी सप्लाई में आई कमी का असर अब शेयर बाजार में भी दिखाई देने लगा है. मुंबई, बेंगलुरु और चेन्नई जैसे बड़े शहरों में होटल और रेस्टोरेंट को मिलने वाली कमर्शियल एलपीजी गैस की सप्लाई प्रभावित होने की खबरें आई है. इस बीच गैस के विकल्पों से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में बढ़त देखने को मिली है. बुधवार, 11 मार्च को TTK Prestige, Butterfly Gandhimathi और Stove Kraft के शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिली. इन कंपनियों के शेयर करीब 15% तक उछल गए. आइये जानते कि गैस की कमी की खबरों के बीच इन शेयरों में उछाल क्यों आया.
इन शेयरों में क्यों आई तेजी
मिंट की रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई, बेंगलुरु और चेन्नई जैसे शहरों में होटल और रेस्टोरेंट को मिलने वाली कमर्शियल एलपीजी गैस की सप्लाई प्रभावित हुई है. इससे बाजार में यह उम्मीद बढ़ी है कि उपभोक्ता गैस की जगह इंडक्शन कुकटॉप और अन्य इलेक्ट्रिक कुकिंग उपकरणों का ज्यादा इस्तेमाल कर सकते हैं. कुछ रिपोर्ट्स में बताया गया है कि इंडक्शन स्टोव की बिक्री 60% से 300% तक बढ़ गई है जिससे इस इंडस्ट्री की कंपनियों को फायदा हो सकता है. TTK Prestige, Gandhimathi और Stove Kraft जैसी कंपनियां इंडक्शन, कुकटॉप, हॉट प्लेट और अन्य इलेक्ट्रिक कुकिंग अप्लायंसेस बनाती हैं. हालांकि एक्सपर्ट्स का मानना है कि फिलहाल इन शेयरों में आई तेजी शॉर्ट टर्म सेंटिमेंट पर आधारित हो सकती है.
TTK Prestige
TTK Prestige भारत की प्रमुख किचन अप्लायंस कंपनियों में से एक है. कंपनी के कुल रेवेन्यू में करीब 35% हिस्सेदारी प्रेशर कुकर से जबकि 17-18% हिस्सा कुकवेयर और गैस स्टोव से आता है. वहीं इंडक्शन कुकटॉप से लगभग 10-12% राजस्व मिलता है. वित्त वर्ष 2025 में कंपनी का कुल राजस्व करीब 2,894 करोड़ रुपये रहा था. कंपनी का लक्ष्य वित्त वर्ष 2027 तक इसे बढ़ाकर 5,000 करोड़ रुपये तक पहुंचाने का है. यह शेयर बुधवार को 14.64% की तेजी के साथ 556 रुपये के इंट्रा डे हाई पर पहुंच गया.
Butterfly GandhiMathi Appliances
Butterfly ब्रांड के लिए जानी जाने वाली Gandhi Mathi Appliances की मजबूत पकड़ खास तौर पर दक्षिण भारत के बाजार में है. कंपनी की कुल आय का लगभग 77% हिस्सा दक्षिण भारत से आता है. कंपनी का डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क काफी मजबूत है, जिसमें 500 से ज्यादा डिस्ट्रीब्यूटर्स और करीब 25,000 रिटेल आउटलेट्स शामिल हैं. इसके अलावा कंपनी का करीब 85% उत्पादन इन-हाउस होता है. इसका शेयर बुधवार को 9.34% की उछाल के साथ 663 रुपये के स्तर तक चढ़ गया.
Stove Kraft
Stove Kraft भी किचन अप्लायंस सेक्टर की बड़ी कंपनी है. कंपनी के कुल राजस्व में करीब 49% हिस्सेदारी इंडक्शन कुकटॉप से आती है. इसके अलावा कंपनी चिमनी, हब्स और छोटे किचन अप्लायंस भी बनाती है. कंपनी ने प्रीमियम किचन प्रोडक्ट्स सेगमेंट में तेजी से विस्तार किया है और IKEA जैसे वैश्विक रिटेलर्स के साथ पार्टनरशिप भी की है. यह शेयर भी बुधवार को 7.33% की तेजी के साथ 523.55 रुपये पर पहुंच गया.
इसे भी पढ़ें: SEDEMAC IPO की धमाकेदार एंट्री, गिरते बाजार में बना सहारा, 13% से ज्यादा प्रीमियम पर शेयर लिस्ट
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
