SEDEMAC IPO की धमाकेदार एंट्री, गिरते बाजार में बना सहारा, 13% से ज्यादा प्रीमियम पर शेयर लिस्‍ट

गिरते बाजार के बीच SEDEMAC Mechatronics के शेयरों ने भारतीय बाजार में मजबूत शुरुआत करते हुए 13% से ज्यादा प्रीमियम पर लिस्टिंग की. इश्यू प्राइस से ऊपर लिस्‍ट होने से निवेशकों को फायदा मिला. IPO को सब्‍सक्रिप्‍शन के दौरान संस्थागत निवेशकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला और कमजोर GMP के बावजूद इसकी अच्‍छी लिस्टिंग हुई.

SEDEMAC Mechatronics IPO Image Credit: @Money9live

SEDEMAC Mechatronics ShareListing: वैश्विक अनिश्चितता और पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के चलते भारतीय शेयर बाजार में आजकल गिरावट का दौर जारी है. आज भी शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही हल्की गिरावट के साथ ट्रेड करते दिखाई दिए. मगर गिरते बाजार के बीच SEDEMAC Mechatronics के शेयरों की भारतीय शेयर बाजार में धमाकेदार एंट्री हुई. जिससे निवेशकों को राहत मिली.

NSE पर SEDEMAC Mechatronics का शेयर 1,535 रुपये पर खुला जो इसके इश्यू प्राइस 1,352 रुपये से करीब 13.54 प्रतिशत ज्यादा है. वहीं BSE पर यह शेयर 1,510 रुपये पर लिस्ट हुआ जो इश्यू प्राइस से लगभग 11.69 प्रतिशत ऊपर है.

IPO को मिला था अच्छा रिस्पॉन्स

SEDEMAC Mechatronics का IPO 4 मार्च से 6 मार्च 2026 के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था और इसका अलॉटमेंट 9 मार्च को हुआ. इस IPO को निवेशकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला था खास तौर पर संस्थागत निवेशकों ने इसमें दिलचस्पी दिखाई थी. सब्सक्रिप्शन डेटा के मुताबिक QIB यानी क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स कैटेगरी में 8 गुना से ज्यादा मांग देखने को मिली, जबकि रिटेल निवेशकों की भागीदारी अपेक्षाकृत कम रही.

OFS आधारित था IPO

SEDEMAC Mechatronics का IPO पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) था. इसके तहत कुल 80,43,300 इक्विटी शेयर बेचे गए. यह शेयर प्रमोटर्स मनीष शर्मा और अश्विनी अमित दीक्षित के साथ अन्य शेयरधारकों की ओर से बेचे गए थे.

यह भी पढ़ें: AI की रेस में TCS का बड़ा दांव, बनाएगी डेटा सेंटर नेटवर्क, 20000 नई भर्तियां और अरबों के निवेश का प्‍लान, फोकस में स्‍टॉक

ग्रे मार्केट का हाल

लिस्टिंग के पहले ग्रे मार्केट में भी इस IPO को लेकर हलचल थी. 9 मार्च तक इस आईपीओ का GMP 73 रुपये दर्ज किया गया था, लेकिन आज ये जीरो था. ऐसे में इसमें लिस्टिंग गेन की उम्‍मीद नहीं थी. मगर एनएसई और बीएसई पर SEDEMAC के शेयरों की अच्‍छी लिस्टिंग हुई, जिससे निवेशकों को अच्‍छा मुनाफा मिला.