मेटल से ज्यादा मार्केट से हो रही कमाई, Book Value से 30% नीचे ट्रेड कर रहा शेयर, क्या आपको लगाना चाहिए दांव?
Maithan Alloys का शेयर अपनी बुक वैल्यू से नीचे ट्रेड कर रहा है, लेकिन इसके पीछे छिपी कहानी साधारण नहीं है. कंपनी का बड़ा मुनाफा अब कोर बिजनेस से नहीं, बल्कि शेयर बाजार में किए गए निवेश से आ रहा है, ऐसे में जानें कि कैसे कंपनी का बिजनेस बदल रहा है और शेयरों पर क्या असर पड़ सकता है.
शेयर बाजार में जब कोई स्टॉक अपनी बुक वैल्यू से नीचे ट्रेड करता है, तो वैल्यू इनवेस्टर्स की आंखें चमक उठती हैं. Maithan Alloys के साथ भी कुछ ऐसा ही हो रहा है. 30 अप्रैल 2026 को, कंपनी का मार्केट कैप करीब 2,891 करोड़ रुपये है, जबकि इसका सिर्फ निवेश पोर्टफोलियो ही 3,056 करोड़ रुपये का है. यानी पूरी कंपनी की कीमत उसके पास रखे कैश और निवेश से भी कम है.
ऊपर से देखने पर यह ‘जैकपॉट’ लग सकता है, लेकिन आंकड़ों की गहराई में उतरने पर कहानी कुछ और ही निकलती है.
मुनाफे का गणित- फैक्ट्री से कम, बाजार से ज्यादा
वित्त वर्ष 2024-25 (FY25) के नतीजे चौंकाने वाले हैं. कंपनी का मुख्य काम फेरो-अलॉय बनाना है, लेकिन मुनाफे की मशीन कहीं और चल रही है.
- कंपनी ने अलॉय बेचकर केवल 194 करोड़ रुपये का ऑपरेशनल प्रॉफिट कमाया, अलॉय बेचना कंपनी का कोर बिजनेस है.
- PBT आंकड़ा 858 करोड़ रुपये रहा.
- कुल मुनाफे का लगभग 77% हिस्सा यानी 664 करोड़ रुपये का गैप फैक्ट्री से नहीं, बल्कि कंपनी के निवेशों से आया है.
इसमें 832 करोड़ रुपये का ‘फेयर वैल्यू गेन’ (शेयरों की वैल्यू बढ़ना) और 184 करोड़ रुपये निवेश बेचने से मिला मुनाफा शामिल है. साफ है कि अब ‘प्लांट’ कंपनी का मेन प्लेयर नहीं रह गया है.
निवेश पोर्टफोलियो या ट्रेडिंग डेस्क?
Maithan Alloys के पास सरप्लस कैश को मैनेज करने का तरीका किसी एग्रेसिव हेज फंड जैसा है. वैल्यू रिसर्च की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी केवल पैसा बचा नहीं रही, बल्कि उसे बाजार में बड़े पैमाने पर रोटेट कर रही है.
FY25 के अंत में निवेश की स्थिति:
| निवेश का प्रकार | राशि (करोड़ रुपये में) |
| लिस्टेड शेयर्स (सीधे निवेश) | 1,525 |
| पोर्टफोलियो मैनेजमेंट सर्विस (PMS) | 273 |
| अल्टरनेटिव इन्वेस्टमेंट फंड्स (AIF) | 156 |
| NSE में हिस्सेदारी (अनलिस्टेड) | 932 |
| कुल करंट इनवेस्टमेंट | 1,980 |
कंपनी ने पूरे साल में 4,528 करोड़ रुपये के निवेश खरीदे और 4,265 करोड़ रुपये के बेचे. यह वॉल्यूम बताता है कि मैनेजमेंट का ध्यान स्टील सेक्टर से ज्यादा स्टॉक मार्केट की चाल पर है.
क्या बंद हो रहा है प्लांट?
कंपनी का निवेश पोर्टफोलियो जितना चमक रहा है, उसका मैन्युफैक्चरिंग बिजनेस उतना ही दबाव में है. इसके पीछे कई ठोस कारण हैं:
- गिरती डिमांड: बाहरी ग्राहकों से मिलने वाला रेवेन्यू 1,805 करोड़ रुपये से घटकर 1,727 करोड़ रुपये रह गया है. एक्सपोर्ट में भी भारी गिरावट देखी गई है.
- महंगी बिजली: फेरो-अलॉय बनाने में बिजली का सबसे ज्यादा खर्च होता है. बिजली की दरें बढ़ने से कंपनी का खर्च 415 करोड़ से बढ़कर 500 करोड़ रुपये हो गया.
- यूनिट का बंद होना: कंपनी की सहायक इकाई ‘इम्पेक्स मेटल एंड फेरो अलॉयज’ ने 1 मई 2023 से उत्पादन बंद कर दिया है, क्योंकि बिजली की ऊंची दरों के कारण प्लांट चलाना घाटे का सौदा बन गया था.
निवेशक के लिए क्या है जोखिम?
अगर आप Maithan Alloys में निवेश करते हैं, तो आपको यह समझना होगा कि आप क्या खरीद रहे हैं:
- पारदर्शिता की कमी: एक म्यूचुअल फंड में आपको पता होता है कि फंड मैनेजर क्या खरीद रहा है और क्यों. लेकिन यहां मैनेजमेंट करोड़ों रुपये का निवेश अपनी मर्जी से कर रहा है, जिसकी कोई स्पष्ट ‘इनवेस्टमेंट फिलॉसफी’ सार्वजनिक नहीं है.
- लिक्विडिटी का मुद्दा: कंपनी के पास NSE के 932 करोड़ रुपये के शेयर हैं. चूंकि यह अभी अनलिस्टेड है, इसे तुरंत कैश में नहीं बदला जा सकता.
- बाजार पर निर्भरता: जिस दिन शेयर बाजार गिरेगा, कंपनी का मुनाफा भी ताश के पत्तों की तरह ढह जाएगा, क्योंकि इसकी कमाई का 75% से ज्यादा हिस्सा मार्केट की तेजी पर टिका है.
यह भी पढ़ें: Google ₹1.25 लाख करोड़ से बनाएगा India’s AI Hub, Airtel, Adani बनेंगे बड़े खिलाड़ी, इन स्टॉक को न करें मिस
Maithan Alloys आज एक ऐसी कंपनी बन चुकी है जिसने ‘मैन्युफैक्चरिंग का चोला’ ओढ़ रखा है, लेकिन उसका दिल ‘वित्तीय निवेश’ में धड़क रहा है. एक वैल्यू इनवेस्टर के लिए 0.7 की बुक वैल्यू आकर्षक हो सकती है, लेकिन याद रहे कि बाजार इसे डिस्काउंट पर इसलिए ट्रेड कर रहा है क्योंकि इसकी मुख्य आय अनिश्चित है. अगर आप केवल अलॉय बिजनेस के भरोसे यहां आ रहे हैं, तो आपको बाजार के रिपोर्ट कार्ड को ध्यान से पढ़ने की जरूरत है. मैथन अलॉय कंपनी के शेयर मौजूदा वक्त में 990 रुपये के आस पास ट्रेड कर रहे है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
Federal Bank के शेयर 350 रुपये का हिट करेंगे टारगेट, ब्रोकरेज बुलिश; जानें, ट्रिगर का क्या बनेगा आधार
क्रैश हुए Vedanta के शेयर! भारी गिरावट के पीछे क्या है सच? जानिए पूरा मामला
रिलायंस पावर के खिलाफ US एक्जिम बैंक ने फाइल की इन्सॉल्वेंसी पिटीशन, शेयरों में गिरावट; जानें- क्या है मामला
