सरकार से इस बड़ी योजना को मंजूरी मिलते ही गोली की रफ्तार से भागे वॉटर इंफ्रा शेयर; Shakti Pumps 18% और Jain Irrigation 9% तक चढ़े
केंद्र सरकार द्वारा Jal Jeevan Mission 2.0 को मंजूरी मिलने के बाद सिंचाई और जल अवसंरचना से जुड़े शेयरों में तेजी देखी गई. Shakti Pumps करीब 18% और Jain Irrigation लगभग 9% चढ़े. सरकार ने ग्रामीण जल आपूर्ति योजना को 2028 तक बढ़ाते हुए बड़े निवेश का ऐलान किया है.
केंद्र सरकार से जल जीवन मिशन 2.0 को मंजूरी मिलने के बाद बुधवार को सिंचाई और वॉटर इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिली. इस घोषणा के बाद शक्ति पम्प्स, जैन इरिगेशन और NCC लिमिटेड समेत कई कंपनियों के शेयरों में तेज खरीदारी देखी गई. आइये जानते हैं कि किन शेयरों में कितनी तेजी आई और इस योजना से कंपनियों को क्या फायदे मिल सकते हैं.
कितनी आई तेजी
सबसे ज्यादा उछाल Shakti Pumps (India) के शेयर में देखने को मिला जो करीब 18.5% बढ़कर 580.4 रुपये तक पहुंच गया. वहीं Jain Irrigation Systems का शेयर भी करीब 8.5% चढ़कर 35.2 रुपये पर पहुंच गया. इसके अलावा इंफ्रास्ट्रक्चर और इंजीनियरिंग सेक्टर की कंपनियों में भी खरीदारी देखी गई. NCC Ltd का शेयर 3.9% बढ़कर 150.7 रुपये, KEC International 2.6% चढ़कर 553.2 रुपये और Prince Pipes and Fittings का शेयर करीब 6.8% बढ़कर 265.4 रुपये पर पहुंच गया.
सरकारी मंजूरी से क्या होगा
दरअसल यह तेजी तब आई जब केंद्रीय मंत्रिमंडल ने जल जीवन मिशन के अगले चरण को मंजूरी दी. इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में पीने के पानी की आपूर्ति योजना को 2028 तक बढ़ाया गया है और इसके लिए फंडिंग भी बढ़ाई गई है. सरकार ने इस मिशन के लिए अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर योजनाओं के साथ मिलाकर करीब 8.7 लाख करोड़ रुपये के कुल निवेश का प्रावधान किया है.
क्या-क्या होगा काम
सरकार के अनुसार मिशन के नए चरण में केवल इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने पर ही नहीं बल्कि ग्रामीण जल आपूर्ति की विश्वसनीयता और स्थिरता पर भी जोर दिया जाएगा. इसके तहत एक राष्ट्रीय डिजिटल प्लेटफॉर्म Sujalam Bharat भी शुरू किया जाएगा जिससे गांवों में पीने के पानी के पूरे नेटवर्क की डिजिटल मैपिंग की जाएगी. इस सिस्टम के तहत हर गांव को एक “Sujal Gaon” या सर्विस एरिया आईडी दी जाएगी, जिससे पानी के स्रोत से लेकर घरों के नलों तक सप्लाई की पूरी चेन को डिजिटल तरीके से ट्रैक किया जा सकेगा. इस योजना का काम पूरा करने के लिए इन कंपनियों को ठेका मिल सकता है.
सरकार ने सामुदायिक भागीदारी को भी बढ़ाने की योजना बनाई है. इसके लिए “Jal Arpan” पहल के तहत वॉटर इंफ्रास्ट्रचर को स्थानीय निकायों को सौंपा जाएगा और “Jal Utsav” जैसे कार्यक्रमों के जरिए जल संरक्षण को बढ़ावा दिया जाएगा.
19.36 करोड़ ग्रामीण घरों को नल जल कनेक्शन है देना
2019 में शुरू हुए जल जीवन मिशन का उद्देश्य हर ग्रामीण घर तक नल से जल पहुंचाना है. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक जनवरी 2026 तक इस योजना के तहत करीब 3.6 लाख करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं और लगभग 81% ग्रामीण घरों तक नल जल कनेक्शन पहुंच चुका है.
अब मिशन के नए चरण का लक्ष्य दिसंबर 2028 तक करीब 19.36 करोड़ ग्रामीण घरों को नल जल कनेक्शन देना है. इसके लिए वित्त वर्ष 2027 के बजट में 67,600 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो पिछले वर्ष के 67,000 करोड़ रुपये से थोड़ा अधिक है.
इसे भी पढ़ें: SEDEMAC IPO की धमाकेदार एंट्री, गिरते बाजार में बना सहारा, 13% से ज्यादा प्रीमियम पर शेयर लिस्ट
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
