इंडक्शन चूल्हा एक घंटे में कितनी बिजली खाता है? जानें LPG के मुकाबले सस्ता या महंगा

कई लोग इंडक्शन चूल्हे की तरफ रुख कर रहे हैं. लेकिन लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल ये भी है कि क्या इंडक्शन पर खाना बनाने से बिजली का बिल बहुत ज्यादा आता है या फिर यह LPG से सस्ता पड़ता है. आइए जानते हैं अगर 1 घंटा इंडक्शन चूल्हा पर खाना बनाया जाए तो कितना बिजली का बिल आएगा.

इंडक्शन चुल्हा 1 घंटे में कितना बिजली खाता है

Induction electricity consumption: अमेरिका, ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव और तेल बाजार में अनिश्चितता का असर अब रसोई तक पहुंचता दिखाई दे रहा है. कई जगहों पर कमर्शियल गैस की सप्लाई को लेकर सख्ती बढ़ाई गई है. सरकार घरेलू गैस की उपलब्धता पर नजर रख रही है. ऐसे माहौल में कई लोग इंडक्शन चूल्हे की तरफ रुख कर रहे हैं. लेकिन लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल ये भी है कि क्या इंडक्शन पर खाना बनाने से बिजली का बिल बहुत ज्यादा आता है या फिर यह LPG से सस्ता पड़ता है. आइए जानते हैं अगर 1 घंटा इंडक्शन चूल्हा पर खाना बनाया जाए तो कितना बिजली का बिल आएगा.

एक घंटे में इंडक्शन चूल्हा कितनी बिजली खर्च करता है?

इंडक्शन चूल्हे आम तौर पर 1200W से 2000W की पावर के होते हैं. इस पर खाना बनाने का खर्च आपके इंडक्शन की पावर रेटिंग और खाना पकाने के तापमान पर निर्भर करता है. आमतौर पर 2000W का इंडक्शन अधिकतम सेटिंग पर 1 घंटे में लगभग 2 यूनिट खर्च कर सकता है.

इसे ऐसे समझें, बिजली की खपत निकालने का फॉर्मूला: Energy (kWh) = Power (W) × Time (hour) ÷ 1000
अगर 2000W का इंडक्शन 1 घंटे चले तो, 2000 × 1 ÷ 1000 = 2 यूनिट बिजली यानी अगर इंडक्शन चूल्हा पूरे 1 घंटे लगातार फुल पावर पर चलता है तो वह करीब 2 यूनिट बिजली खर्च करेगा.

अगर बिजली 8 रुपये यूनिट हो तो खर्च कितना होगा?

मान लेते हैं कि आपके इलाके में बिजली की कीमत 8 रुपये प्रति यूनिट है और 1 घंटे में 2 यूनिट बिजली का खर्च होता है. ऐसे में 2 × 8 = 16 रुपये प्रति घंटा. यानी अगर आप एक घंटे इंडक्शन पर खाना बनाते हैं तो बिजली का खर्च लगभग 16 रुपये आएगा.

LPG पर एक घंटे में कितना खर्च आता है?

भारत में घरेलू उपयोग के लिए आमतौर पर 14.2 किलो का LPG सिलेंडर इस्तेमाल किया जाता है. अब इसे पैसे के हिसाब से समझते हैं. मान लेते हैं कि घरेलू 14.2 किलो LPG सिलेंडर की कीमत 913 रुपये है, जो कि अलग अलग शहरों के हिसाब से अलग अलग होती है. अगर हमें 1 घंटे में खर्च जानना है तो इसके लिए सबसे पहले हमें 1 किलो गैस की कीमत निकालनी होगी.

फॉर्मूला: 1 किलो गैस की कीमत = सिलेंडर की कीमत ÷ कुल वजन . ऐसे में 913 ÷ 14.2 = 64.29 रुपये यानी 1 किलो LPG गैस की कीमत करीब 64.29 रुपये होगी.

अब गैस की खपत समझते हैं. एक सामान्य 2 बर्नर गैस स्टोव में अगर दोनों बर्नर चल रहे हों तो लगभग 0.30 किलो गैस प्रति घंटा खर्च हो सकती है. ऐसे में 0.30 × 64.29 = 19.28 रुपये. इसका मतलब है कि अगर गैस चूल्हा लगातार 1 घंटा चलता है तो लगभग 19 से 20 रुपये की LPG गैस खर्च होती है.

इसे भी पढ़ें- LPG संकट पर सरकार ने साफ की स्थिति, जानें- बुकिंग के बाद कितने दिन में आपके घर पहुंचेगा सिलेंडर