जब निफ्टी-सेंसेक्स टूट रहे हैं तब ये स्टॉक बना संकटमोचक! शेयर में 13% की तेजी, जानें बेयरिश माहौल में क्यों लग रहा दांव

शेयर बाजार में भारी गिरावट के बीच एक शेयर अचानक चमक गया. जब निफ्टी और सेंसेक्स गिर रहे थे, तब LTTS का स्टॉक एक ही दिन में करीब 13% तक उछल गया. इस तेजी के पीछे म्यूचुअल फंड की खरीदारी और भारी ट्रेडिंग वॉल्यूम को वजह माना जा रहा है.

L&T Technology Services share price Image Credit: AI Generated

शुक्रवार को शेयर बाजार में जबरदस्त गिरावट देखने को मिली. सेंसेक्स 1400 से ज्यादा अंक टूट गया और निफ्टी भी करीब 2 फीसदी फिसल गया. मिडकैप शेयरों में भी तेज बिकवाली रही. लेकिन इसी माहौल में एक IT कंपनी शेयर बाजार के रुझान के बिल्कुल उलट चलती दिखी. L&T Technology Services का शेयर अचानक जोरदार उछाल के साथ ऊपर चढ़ गया और दिन के दौरान करीब 13 फीसदी तक बढ़ गया. गिरते बाजार में यह तेजी निवेशकों का ध्यान खींचने वाली रही.

बाजार गिरा लेकिन इस शेयर में आई तेजी

शुक्रवार को जब बाजार में ज्यादातर शेयर दबाव में थे, तब L&T Technology Services का शेयर तेजी से ऊपर गया. दिन के दौरान यह करीब 13 फीसदी तक उछला, जो मार्च 2020 के बाद इसकी सबसे बड़ी एक दिन की तेजी है.

हालांकि कारोबार के अंत तक शेयर की तेजी कुछ कम हो गई और यह 9.6 फीसदी (300 रुपये) की बढ़त के साथ 3430 रुपये पर बंद हुआ. Nifty 500 इंडेक्स में यह दिन का सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाला शेयर रहा.

भारी वॉल्यूम में हुई खरीदारी

इस तेजी के पीछे बड़ी खरीदारी भी देखने को मिली. शुक्रवार को कंपनी के करीब 35 लाख शेयरों में कारोबार हुआ. यह इसके 20 दिन के औसत वॉल्यूम 1.5 लाख शेयर से काफी ज्यादा है. इतना ही नहीं, एक दिन में 1,151 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार हुआ, जो कंपनी के फ्री फ्लोट मार्केट कैप का करीब 12 फीसदी है. यह जुलाई 2021 के बाद किसी एक दिन में सबसे ज्यादा ट्रेडिंग वॉल्यूम भी रहा.

52 हफ्ते के निचले स्तर से आया उछाल

दिलचस्प बात यह है कि दिन की शुरुआत में इस शेयर में गिरावट थी. शुरुआती कारोबार में यह 52 हफ्ते के निचले स्तर 3010 रुपये तक पहुंच गया था. लेकिन करीब 11 बजे के बाद इसमें तेजी शुरू हुई और वॉल्यूम बढ़ने के साथ शेयर में जोरदार रिकवरी देखने को मिली.

तेजी की वजह क्या हो सकती है

कंपनी की ओर से एक्सचेंज को कोई बड़ी घोषणा नहीं की गई है. हालांकि रिपोर्ट्स के मुताबिक फरवरी महीने में कुछ म्यूचुअल फंड्स ने कंपनी में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है. ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार Canara Robeco Midcap Fund और LIC Mutual Fund ने फरवरी में L&T Technology Services में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है. माना जा रहा है कि इस वजह से शेयर में खरीदारी का रुझान बढ़ा.

यह भी पढ़ें: क्या इस एक खबर से शेयर बाजार में अचानक आई बड़ी तबाही! आपका भी शेयरों में लगा है पैसा तो जान लें ये बात

कंपनी के तिमाही नतीजे कैसे रहे

कंपनी के हालिया तिमाही नतीजों की बात करें तो दिसंबर तिमाही में L&T Technology Services का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 6 फीसदी घटकर 303 करोड़ रुपये रहा. पिछले साल इसी अवधि में यह 322 करोड़ रुपये था.

हालांकि लेबर कोड के असर को हटाकर देखें तो कंपनी का मुनाफा करीब 2 फीसदी बढ़कर 329 करोड़ रुपये रहा. वहीं कंपनी की आय में अच्छी बढ़त देखने को मिली. दिसंबर तिमाही में ऑपरेशंस से रेवेन्यू 10 फीसदी बढ़कर 2,923 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल इसी अवधि में 2,653 करोड़ रुपये था. कंपनी का EBIT मार्जिन 14.6 फीसदी रहा.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.