AI Summit 2026: सिक्योरिटी गार्ड नहीं, अब टाटा का ‘पुचू’ करेगा घर और फैक्ट्री की रखवाली, जानें कैसे करेगा काम
AI Impact Summit 2026 में TCS ने 'पुचू’ नाम का AI-पावर्ड स्मार्ट सिक्योरिटी डिवाइस पेश किया है. यह 24x7 निगरानी, गैस लीक और धुआं पहचान, रियल-टाइम अलर्ट और मोबाइल सर्विलांस जैसी सुविधाएं देता है. यह घरों और इंडस्ट्रियल यूनिट्स की सुरक्षा में पारंपरिक सिक्योरिटी गार्ड की भूमिका को बदल सकता है.
नई दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने एक अनोखा AI-पावर्ड स्मार्ट सिक्योरिटी डिवाइस ‘पुचू’ (Puchu) पेश किया है. यह डिवाइस घरों, दफ्तरों और इंडस्ट्रियल यूनिट्स की सुरक्षा के लिए तैयार किया गया है और भविष्य में पारंपरिक सिक्योरिटी गार्ड की भूमिका को काफी हद तक बदल सकता है. टाटा के अधिकारियों के मुताबिक, यह स्मार्ट सिस्टम 24 घंटे निगरानी करने में सक्षम है और रियल-टाइम अलर्ट देकर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाता है.
किस तरह से काम करता है ‘पुचू’
टाटा के ग्लोबल हेड लक्ष्मण पार्थशास्त्री ने ‘टीवी 9 भारतवर्ष’ को बताया कि ‘पुचू’ एक मोबाइल AI डिवाइस है जो उन जगहों तक भी पहुंच सकता है जहां इंसानी गार्ड के लिए जाना मुश्किल होता है. इसमें हाई-टेक कैमरे और एडवांस सेंसर लगे हैं जो हर गतिविधि पर नजर रखते हैं और तुरंत डेटा भेजते हैं. किसी भी संदिग्ध गतिविधि, सिक्योरिटी ब्रेच या तकनीकी खराबी की स्थिति में यह सिस्टम तुरंत मालिक या मैनेजमेंट को अलर्ट भेज देता है.
क्या हैं इसकी खासियतें
लक्ष्मण पार्थशास्त्री के अनुसार, ‘पुचू’ की खासियत सिर्फ निगरानी तक सीमित नहीं है. यह गैस लीक, धुआं और असामान्य गंध जैसी स्थितियों को भी पहचान सकता है. यदि किसी फैक्ट्री या घर में आग लगने का खतरा हो या गैस लीक हो रही हो तो यह डिवाइस तुरंत अलार्म और नोटिफिकेशन जारी कर देता है. इससे दुर्घटनाओं को समय रहते रोका जा सकता है और सुरक्षा का स्तर बढ़ाया जा सकता है.
24×7 लगातार कर सकता है काम
सबसे बड़ी बात यह है कि ‘पुचू’ को आराम या नींद की जरूरत नहीं होती है. यह 24×7 लगातार काम कर सकता है और मजबूत बैटरी बैकअप के साथ लंबे समय तक एक्टिव रहता है. इससे घरों और प्रोडक्शन यूनिट्स की निगरानी बिना रुकावट के संभव हो जाती है.
टाटा का मानना है कि AI-आधारित ऐसे डिवाइस आने वाले समय में सिक्योरिटी सिस्टम को पूरी तरह बदल देंगे. स्मार्ट सेंसर, रियल-टाइम डेटा और ऑटोमेटेड अलर्ट के जरिए ‘पुचू’ जैसे उपकरण सुरक्षा के क्षेत्र में नई क्रांति ला सकते हैं और इंसानी निगरानी पर निर्भरता कम कर सकते हैं.
इसे भी पढ़ें: दिल्ली में आज से शुरू होगा India AI Summit 2026, Sam Altman और Sundar Pichai होंगे शामिल, भारत बनेगा AI का नया हब
