Android यूजर्स सावधान! Instagram-Facebook पर दिख रहे फर्जी ऐप्स खाली कर सकते हैं बैंक अकाउंट

Instagram और Facebook पर दिखने वाले फर्जी पोर्न ऐप्स Android फोन का कंट्रोल हासिल कर सकते हैं. सरकार ने ऐसे ऐप्स से सावधान रहने को कहा है. संदिग्ध APK डाउनलोड करने और Accessibility Permission देने से बैंकिंग डेटा और पैसे खतरे में पड़ सकते हैं.

Instagram और Facebook

Highlights

  • सरकार ने खतरनाक पोर्न ऐप्स को लेकर अलर्ट जारी किया
  • संदिग्ध APK से फोन और बैंकिंग डेटा खतरे में
  • अनजान ऐप्स को Accessibility Permission देने से बचें हमेशा

अगर आप Android फोन इस्तेमाल करते हैं और सोशल मीडिया पर दिखने वाले अनजान ऐप्स डाउनलोड कर लेते हैं, तो सावधान हो जाइए. केंद्र सरकार ने ऐसे खतरनाक ऐप्स को लेकर अलर्ट जारी किया है, जो पोर्न ऐप के नाम पर यूजर्स को फंसाकर फोन का कंट्रोल अपने हाथ में ले सकते हैं. इनका इस्तेमाल वित्तीय धोखाधड़ी के लिए किया जा सकता है.

Instagram और Facebook विज्ञापनों से शुरू होता है खेल

National Cybercrime Threat Analytics Unit (NCTAU) ने ऐसे खतरनाक Android ऐप्स को लेकर चेतावनी दी है. ये ऐप्स मुख्य रूप से Facebook और Instagram पर दिखने वाले विज्ञापनों के जरिए यूजर्स तक पहुंचते हैं.

विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद यूजर को ऐसी वेबसाइट पर भेजा जाता है, जहां वीडियो या अन्य कंटेंट देखने के लिए Android APK डाउनलोड करने को कहा जाता है. खास बात यह है कि यह APK Google Play Store के बजाय किसी बाहरी वेबसाइट से डाउनलोड कराया जाता है.

Night Play समेत इन ऐप्स से रहें सावधान

सरकारी एडवाइजरी में Night Play, Reloop, Kyss, Vimo, Rivo, Nexo और Vixa जैसे ऐप्स का जिक्र किया गया है. हालांकि, इनके अलावा दूसरे नामों से भी इसी तरह के ऐप्स सामने आ सकते हैं.

ऐप इंस्टॉल होने के बाद यह यूजर से कई तरह की परमिशन मांग सकता है. कुछ मामलों में इसे एक और ऐप या अपडेट डाउनलोड करने की अनुमति मिल जाती है. इसके बाद फोन पर खतरनाक सॉफ्टवेयर का नियंत्रण बढ़ सकता है.

Accessibility Permission सबसे बड़ा खतरा

इन ऐप्स का सबसे बड़ा खतरा Android की Accessibility सुविधा के गलत इस्तेमाल से जुड़ा है. यूजर अगर किसी अनजान ऐप को यह परमिशन दे देता है तो वह फोन की स्क्रीन और कई दूसरी गतिविधियों को नियंत्रित करने में सक्षम हो सकता है.

ऐसी स्थिति में साइबर अपराधी बैंकिंग ऐप, पासवर्ड, OTP और दूसरी संवेदनशील जानकारी तक पहुंच बनाने की कोशिश कर सकते हैं. इसके जरिए अनधिकृत ट्रांजैक्शन और वित्तीय धोखाधड़ी का खतरा बढ़ जाता है.

VPN के जरिए भी चोरी हो सकता है डेटा

सरकार ने यह भी चेतावनी दी है कि कुछ खतरनाक ऐप फोन में VPN इंस्टॉल कर सकते हैं. इसके जरिए फोन का इंटरनेट ट्रैफिक हमलावरों के सर्वर से होकर गुजर सकता है. इससे यूजर के डिवाइस से भेजा गया डेटा खतरे में पड़ सकता है और उसका गलत इस्तेमाल किया जा सकता है.

फोन को सुरक्षित रखने के लिए क्या करें?

सरकार ने यूजर्स को सलाह दी है कि ऐप हमेशा Google Play Store या किसी भरोसेमंद ऐप स्टोर से ही डाउनलोड करें. सोशल मीडिया विज्ञापनों, संदिग्ध वेबसाइटों या अनजान लिंक से APK फाइल डाउनलोड करने से बचें.

इसके अलावा किसी अनजान ऐप को Accessibility Permission न दें. फोन में Google Play Protect चालू रखें और Android का सॉफ्टवेयर समय-समय पर अपडेट करते रहें. बैंक अकाउंट और UPI ट्रांजैक्शन पर भी नजर रखें.

अगर फोन में ऐसा संदिग्ध ऐप पहले से मौजूद है, तो उसे हटाने की कोशिश करें. जरूरत पड़ने पर Safe Mode में जाकर ऐप अनइंस्टॉल किया जा सकता है. अगर ऐप हट नहीं रहा है या बार-बार वापस आ रहा है, तो जरूरी डेटा का बैकअप लेकर फैक्ट्री रीसेट करना पड़ सकता है. किसी ऑनलाइन फ्रॉड का शिकार होने पर तुरंत 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन पर शिकायत करें या सरकारी साइबर क्राइम पोर्टल पर रिपोर्ट दर्ज करें.

यह भी पढ़ें- Foldable iPhone टूटा तो छूट जाएंगे पसीने! सिर्फ स्क्रीन रिपेयर में खर्च हो सकता है इतना पैसा