मूड खराब है? ये 7 कॉमेडी फिल्में मिनटों में कर देंगी फ्रेश, हंसी रुकने का नाम नहीं लेगी
अगर आपका दिन खराब चल रहा है या मन भारी है, तो ये 7 कॉमेडी फिल्में आपके चेहरे पर मुस्कान ला सकती हैं. 3 Idiots से लेकर Hera Pheri और Home Alone तक- ये फिल्में हंसी, मनोरंजन और पॉजिटिव वाइब्स का पूरा डोज देती हैं.
Best Comedy Movies of All Time: कुछ दिन ऐसे होते हैं जब कुछ भी अच्छा नहीं लगता- काम का दबाव, लगातार आती खबरें और मन का भारीपन. ऐसे समय में सबसे आसान इलाज है एक अच्छी कॉमेडी फिल्म. कुछ फिल्में ऐसी होती हैं जिन्हें आप कई बार देख चुके होते हैं, फिर भी हर बार उतनी ही हंसी आती है. चाहे बॉलीवुड की पागलपंती भरी कहानी हो या हॉलीवुड की मजेदार कॉमिक टाइमिंग ये फिल्में मूड को तुरंत हल्का कर देती हैं. अगर आप भी थोड़ा मुस्कुराने का कारण ढूंढ रहे हैं, तो ये फिल्में आपके दिन को बेहतर बना सकती हैं.
क्या देखें: मूड ठीक करने वाली 7 मजेदार फिल्में
3 Idiots- Amazon Prime Video
ये फिल्म लगभग सभी लोगों ने देखी होगी. दो दोस्तों फरहान और राजू की कहानी, जो अपने खोए हुए दोस्त रैंचो की तलाश में निकलते हैं. रास्ते में कॉलेज के दिनों की यादें सामने आती हैं- सख्त प्रिंसिपल, पढ़ाई का दबाव और रैंचो का अलग सोच वाला अंदाज. यह फिल्म सिर्फ हंसाती ही नहीं, बल्कि जिंदगी को अपने तरीके से जीने का संदेश भी देती है. दोस्ती, प्यार और समाज पर कटाक्ष- सब कुछ एक साथ मिलता है.
The Hangover- JioHotstar
चार दोस्त बैचलर पार्टी के लिए लास वेगास जाते हैं, लेकिन अगली सुबह उन्हें पिछली रात की कुछ भी याद नहीं रहती. होटल के कमरे में अजीब हालात, बाथरूम में बाघ और दूल्हा गायब! शादी से पहले दोस्त को ढूंढने की यह पागल दौड़ बेहद मजेदार घटनाओं से भरी है. तेज रफ्तार और बेतुके हास्य से भरपूर यह फिल्म खराब दिन के लिए परफेक्ट है.
Welcome- Amazon Prime Video
दो गैंगस्टर भाई अपनी बहन की शादी किसी शरीफ लड़के से करवाना चाहते हैं, लेकिन लड़का अपराधियों से दूर रहना चाहता है. इसके बाद शुरू होती है झूठ, गलतफहमी और पागलपन से भरी कॉमेडी. उदय शेट्टी और मजनू भाई की जोड़ी इस फिल्म की जान है. डायलॉग इतने मशहूर हैं कि आज भी सुनते ही हंसी आ जाती है. अगर किसी ने ये फिल्म न भी देखी हो लेकिन उसने इसके डॉयलाग्स तो जरूर सुने होंगे. कंट्रोल मजनू…कंट्रोल!
Mr. Bean’s Holiday- YouTube
भोले-भाले और अजीब हरकतों वाले मिस्टर बीन छुट्टियां मनाने फ्रांस जाते हैं, लेकिन उनकी यात्रा मजेदार मुसीबतों में बदल जाती है. सामान खोना, गलतफहमियां और अनजाने में किसी बच्चे को “किडनैप” कर लेना. सब कुछ बेहद हास्यास्पद तरीके से होता है. बिना ज्यादा संवाद के भी यह फिल्म जोरदार हंसी दिलाती है.
Munna Bhai M.B.B.S.- Amazon Prime Video
मुंबई का एक दयालु गैंगस्टर अपने पिता को खुश करने के लिए खुद को डॉक्टर बताता है. सच सामने आने पर वह सचमुच मेडिकल कॉलेज में दाखिला ले लेता है. अपने दोस्त सर्किट और “जादू की झप्पी” के साथ वह मरीजों का इलाज इंसानियत से करता है. यह फिल्म हंसी के साथ दिल को छू लेने वाला संदेश भी देती है.
Home Alone- JioHotstar
8 साल का केविन गलती से घर में अकेला छूट जाता है जब उसका परिवार छुट्टी पर चला जाता है. शुरुआत में उसे मजा आता है, लेकिन जल्द ही दो चोर उसके घर पर नजर गड़ा लेते हैं. फिर केविन अपने घर की रक्षा के लिए अजीब-अजीब और मजेदार जाल बिछाता है. यह फिल्म बच्चों और बड़ों दोनों के लिए मनोरंजन का पूरा पैकेज है.
Hera Pheri- YouTube
तीन बेरोजगार लोगों की कहानी जो पैसों की तंगी से जूझ रहे हैं. गलती से उन्हें एक किडनैपिंग कॉल मिलती है और वे फिरौती का पैसा खुद रखने की योजना बना लेते हैं. इसके बाद जो अफरा-तफरी और गलतफहमियां होती हैं, वह हिंदी सिनेमा की सबसे मजेदार कॉमेडी में गिनी जाती है. बाबूराव, राजू और श्याम की तिकड़ी आज भी दर्शकों की पसंदीदा है.
ये भी पढ़ें- थ्रिल, एक्शन या इमोशन, वीकेंड प्लान है तैयार, इस वीकेंड नेटफ्लिक्स पर देखें ये 3 नई फिल्में
