सरकार ने BSNL CMD के लिए आवेदन मंगाए, पहली बार प्राइवेट सेक्टर के लिए खोला यह पद

15 जुलाई 2024 को DoT के रॉबर्ट जे. रवि को कंपनी के CMD का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था, जिसके बाद उन्हें कई बार कार्यकाल बढ़ाने का मौका मिला. अप्रैल में रवि का कार्यकाल छह महीने के लिए अक्टूबर तक बढ़ा दिया गया था. BSNL को FY26 की चौथी तिमाही में 1,269 करोड़ रुपये का नेट लॉस हुआ.

बीएसएनएल Image Credit: tv9 bharatvarsh

टेलीकम्युनिकेशन विभाग (DoT) ने सरकारी टेलीकॉम कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) में चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर (CMD) के पद के लिए आवेदन मंगाए हैं. पहली बार इस पद के लिए प्राइवेट सेक्टर के कैंडिडेट्स को भी मौका दिया जा रहा है. BSNL में पिछले दो साल से कोई फुल-टाइम CMD नहीं है.

15 जुलाई 2024 को DoT के रॉबर्ट जे. रवि को कंपनी के CMD का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था, जिसके बाद उन्हें कई बार कार्यकाल बढ़ाने का मौका मिला. अप्रैल में रवि का कार्यकाल छह महीने के लिए अक्टूबर तक बढ़ा दिया गया था.

सर्च-कम-सिलेक्शन कमेटी

DoT ने बुधवार को जारी नोटिफिकेशन में कहा, ‘सरकार ने पब्लिक एंटरप्राइजेज सिलेक्शन बोर्ड (PESB) के चेयरमैन की अध्यक्षता में एक सर्च-कम-सिलेक्शन कमेटी (SCSC) बनाई है. यह कमेटी BSNL के CMD पद पर ‘इमीडिएट एब्जॉर्प्शन’ (तुरंत नियुक्ति) के आधार पर नियुक्ति के लिए है, जिसके लिए वेतनमान 80,000-1,25,000 रुपये तय किया गया है. कमेटी ने आवेदन जमा करने की आखिरी तारीख 22 जुलाई को दोपहर 3:00 बजे (IST) तय की है.

पहले भी कई बार हो चुकी है कोशिश

14 जुलाई 2024 को पी. के. पुरवार का कार्यकाल खत्म होने के बाद से फुल-टाइम CMD को नियुक्त करने की यह पहली कोशिश नहीं है. पिछले साल लगभग 10 उम्मीदवारों का इंटरव्यू लिया गया था, लेकिन उनमें से किसी को भी इस पद के लिए शॉर्टलिस्ट नहीं किया गया.

क्या होनी चाहिए योग्यता?

योग्यता के नियमों के अनुसार, उम्मीदवार का इंजीनियरिंग ग्रेजुएट, चार्टर्ड अकाउंटेंट, कॉस्ट अकाउंटेंट, पोस्ट-ग्रेजुएट या किसी नामी संस्थान से मैनेजमेंट में पोस्ट-ग्रेजुएट डिप्लोमा/MBA के साथ ग्रेजुएट होना जरूरी है. उम्मीदवार की कम से कम उम्र 45 साल और ज्यादा से ज्यादा 59 साल होनी चाहिए.

प्राइवेट सेक्टर के उम्मीदवारों का अनुभव ऐसी कंपनी में होना चाहिए जिसका सालाना टर्नओवर 2,000 करोड़ रुपये या उससे अधिक है. यह पद पब्लिक सेक्टर की कंपनियों, केंद्र सरकार, पब्लिक सेक्टर के बैंकों और राज्य के पब्लिक सेक्टर के उद्यमों (जिनका सालाना टर्नओवर 2,000 करोड़ रुपये या उससे ज्यादा हो) के उम्मीदवारों के लिए भी खुला है.

टर्नओवर का नियम

DoT ने नोटिफिकेशन में कहा, ‘जिस कैलेंडर ईयर में पोस्ट के लिए विज्ञापन दिया गया है, उससे पहले के तीन फाइनेंशियल ईयर के औसत ऑडिटेड सालाना टर्नओवर को मंजूरी वाली सीमा के लिए आधार माना जाएगा.’ साथ ही, प्राइवेट सेक्टर के आवेदकों का आवेदन की तारीख पर बोर्ड-लेवल के पदों पर फुल-टाइम काम करने का अनुभव होना चाहिए या वे उस समय काम कर रहे होने चाहिए.

नोटिफिकेशन के अनुसार, सेंट्रल गवर्नमेंट के आवेदकों के पास भारत सरकार में एडिशनल सेक्रेटरी के लेवल का पद या उसके बराबर का पे-स्केल होना चाहिए.

BSNL का वित्तीय प्रदर्शन

BSNL को FY26 की चौथी तिमाही में 1,269 करोड़ रुपये का नेट लॉस हुआ, जबकि एक साल पहले इसी तिमाही में उसे 280 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हुआ था. मार्च तिमाही में ऑपरेशन से होने वाली रेवेन्यू सालाना आधार पर 14 फीसदी घटकर 5,721 करोड़ रुपये रह गई. इसकी वजह कंपनी के तीन मुख्य सेगमेंट- कंज्यूमर फिक्स्ड एक्सेस, कंज्यूमर मोबिलिटी और एंटरप्राइज़ सर्विसेज़, से होने वाली रेवेन्यू में कमी थी.

BSNL का नुकसान FY26 में बढ़कर 4,738 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 2,247 करोड़ रुपये था. ऑपरेशन से होने वाली कमाई 1.7 फीसदी बढ़कर 21,199 करोड़ रुपये हो गई, जो DoT और टेलीकॉम ऑपरेटर के बीच हुए समझौते के तहत तय 28,476 करोड़ रुपये के लक्ष्य से काफी कम है.

यह भी पढ़ें: Tata Motors PV के शेयरों में आएगी रफ्तार, ब्रोकरेज ने जताया भरोसा; जानें- कितना है टारगेट प्राइस