AI, 5G और EV की सुनामी में कौन बनेगा चिप किंग? 103 अरब डॉलर के बाजार पर दांव! सेमीकंडक्टर बूम में चमक सकते हैं ये 4 शेयर
भारत का सेमीकंडक्टर बाजार 2030 तक 103.4 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है. सरकार के 76,000 करोड़ रुपये के सेमिकॉन इंडिया प्रोग्राम, एआई, 5जी, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स और डेटा सेंटर की बढ़ती मांग के बीच सीजी पावर और आरआईआर पावर इलेक्ट्रॉनिक्स जैसी कंपनियां निवेशकों के रडार पर हैं. ये कंपनियां चिप डिजाइन, ओसैट फैसिलिटी, सेमीकंडक्टर पैकेजिंग और सिलिकॉन कार्बाइड टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में तेजी से विस्तार कर रही हैं.
Semiconductor Stocks: भारत सरकार सेमीकंडक्टर सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए लगातार बड़े कदम उठा रही है. इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, 5जी, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स और डेटा सेंटर की बढ़ती मांग के बीच भारत का सेमीकंडक्टर बाजार भी तेज रफ्तार से बढ़ने की राह पर है. इंडिया इलेक्ट्रॉनिक्स एंड सेमीकंडक्टर एसोसिएशन के अनुमान के अनुसार, भारत का सेमीकंडक्टर बाजार 2030 तक 13 फीसदी की सीएजीआर से बढ़कर 103.4 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है. इस ग्रोथ को देखते हुए निवेशकों की नजर उन कंपनियों पर है, जो देश के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम में अपनी मजबूत मौजूदगी बना रही हैं. सरकार ने भी इस क्षेत्र को प्रोत्साहन देने के लिए 76,000 करोड़ रुपये के बजट के साथ सेमिकॉन इंडिया प्रोग्राम शुरू किया है. इसके तहत एलिजिबल प्रोजेक्ट्स को 50 फीसदी तक वित्तीय सहायता दी जा रही है.
CG Power: चिप निर्माण की दिशा में बड़ा कदम
मुरुगप्पा समूह की कंपनी सीजी पावर पारंपरिक रूप से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग कारोबार में सक्रिय रही है, लेकिन अब उसने सेमीकंडक्टर क्षेत्र में भी मजबूत कदम रखा है. इक्विटीमास्टर की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी गुजरात में 75.8 अरब रुपये की लागत से ओसैट फैसिलिटी विकसित कर रही है. इस परियोजना को केंद्र और राज्य सरकार से वित्तीय सहायता भी मिल रही है. कंपनी ने जापान की रेनेसास इलेक्ट्रॉनिक्स से रेडियो फ्रीक्वेंसी कंपोनेंट कारोबार का अधिग्रहण भी किया है.
इसके अलावा एआई आधारित डिजाइन क्षमताओं को मजबूत करने के लिए कंपनी ने एजकॉर्टिक्स में निवेश किया है. वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का रेवेन्यू 25 फीसदी बढ़कर 124.2 अरब रुपये और नेट प्रॉफिट 27 फीसदी बढ़कर 12.3 अरब रुपये पहुंच गया. कंपनी के पास 171.1 अरब रुपये का अनएक्जीक्यूटेड ऑर्डर बैकलॉग भी मौजूद है. बुधवार को इंट्रा-डे कारोबार में कंपनी का शेयर 2.75 फीसदी गिरकर 924.50 रुपये पर ट्रेड कर रहा था.
Kaynes Technologies: भारत की पहली कमर्शियल मल्टी-चिप मॉड्यूल निर्माता
Kaynes टेक्नोलॉजीज इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम डिजाइन और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र की प्रमुख कंपनी है. कंपनी भारत के सेमीकंडक्टर पैकेजिंग और टेस्टिंग बाजार में अपनी पकड़ मजबूत कर रही है. उसने साणंद स्थित फैसिलिटी से भारत का पहला कमर्शियल मल्टी-चिप मॉड्यूल लॉन्च किया है. रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी की नई यूनिट जुलाई 2026 के आसपास व्यावसायिक उत्पादन शुरू कर सकती है.
मैनेजमेंट को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2027 में केवल ओसैट कारोबार से 250 करोड़ से 300 करोड़ रुपये तक का रेवेन्यू प्राप्त होगा. अगले पांच वर्षों में यह कारोबार 2,500 करोड़ रुपये से अधिक का रेवेन्यू दे सकता है. बुधवार को इंट्रा-डे कारोबार में कंपनी का शेयर 0.03 फीसदी गिरकर 3,216 रुपये पर ट्रेड कर रहा था.
MosChip Technologies: स्वदेशी चिप डिजाइन पर फोकस
MosChip टेक्नोलॉजीज भारत की पहली लिस्टेड फैबलेस सेमीकंडक्टर कंपनी मानी जाती है. कंपनी चिप डिजाइन और प्रोडक्ट इंजीनियरिंग सर्विसेज प्रदान करती है. यह सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ एडवांस्ड कंप्यूटिंग और सोसियोनेक्स्ट के साथ मिलकर ‘औम’ नामक हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग प्रोसेसर विकसित कर रही है.
इसके अलावा कंपनी भारत सरकार की डिजाइन-लिंक्ड इंसेंटिव स्कीम के तहत स्मार्ट एनर्जी मीटर आईसी भी विकसित कर रही है. वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का रेवेन्यू 25.3 फीसदी बढ़कर 580 करोड़ रुपये रहा. बुधवार को इंट्रा-डे कारोबार में कंपनी का शेयर 0.12 फीसदी उछलकर 209.75 रुपये पर ट्रेड कर रहा था.
RIR Power Electronics: सिलिकॉन कार्बाइड टेक्नोलॉजी पर बड़ा दांव
RIR पावर इलेक्ट्रॉनिक्स 55 वर्षों से अधिक समय से पावर सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री में सक्रिय है. कंपनी सिलिकॉन कार्बाइड आधारित सेमीकंडक्टर उपकरणों का निर्माण करती है, जिनका उपयोग इलेक्ट्रिक व्हीकल्स, रिन्यूएबल एनर्जी और डिफेंस सिस्टम्स में किया जाता है. कंपनी ओडिशा के भुवनेश्वर में 620 करोड़ रुपये की लागत से नई सिलिकॉन कार्बाइड फैसिलिटी विकसित कर रही है.
इस परियोजना को ओडिशा सरकार से 50 फीसदी सब्सिडी मिल रही है. मैनेजमेंट का अनुमान है कि इन प्रोडक्टों पर 40 फीसदी से अधिक मार्जिन हासिल किया जा सकता है. बुधवार को इंट्रा-डे कारोबार में कंपनी का शेयर 0.92 फीसदी बढ़कर 164.40 रुपये पर ट्रेड कर रहा था.
यह भी पढ़ें: ₹8,550 करोड़ लगाकर भी Meta को नहीं मिलेगा CRED यूजर्स का डेटा, फिर कंपनी को इस डील से क्या फायदा?
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
अधिग्रहण की खबर से चमका ये शेयर, 9 फीसदी तक आई रैली, 52-वीक हाई पर पहुंचा स्टॉक
अमिताभ बच्चन ने बेचे इस कंपनी के 123622 शेयर, फिर भी 4.5% उछला स्टॉक; क्या है माजरा?
इन 3 स्टॉक्स में बना गोल्डेन क्रॉसओवर, दिख सकता है जोरदार मोमेंटम, रडार पर रखें शेयर!
