Google 28th Birthday: 28 साल का हुआ गूगल, क्यों 4 सितंबर से 27 सितंबर हुई जन्मदिन की तारीख? ये है दिलचस्प कहानी

Google Birthday Date: आज गूगल 28 साल का हो गया है, हम आज आपको बताएंगे कि कैसे गूगल की शुरुआत हुई, कौन सी थी वो कंपनी जिसने शुरुआत में 100000 डॉलर का चेक दिया, गूगल से पहले इसका क्या नाम था और क्यूं 4 सितंबर की तारीख 27 सितंबर पर शिफ्ट हो गई?

गूगल बर्थडे 2026 Image Credit: गूगल

Highlights

  • आज है गूगल का जन्मदिन.
  • सुसान वोज्स्की के गैराज से शुरुआत.
  • 4 से 27 सितंबर पर शिफ्ट हुई जन्मदिन की तारीख.

आज है 27 सितंबर और आज का दिन इसलिए भी खास है क्योंकि आज ग्लोबल सर्च इंजन Google का 28वां जन्मदिन है. गूगल हर खास मौके पर डूडल के जरिए पुरानी यादों को फिर से ताजा करता है और कंपनी ने इसी परंपरा को कायम रखते हुए पुरानी यादों को ताजा करने वाला एक आकर्षक डूडल तैयार किया है. गूगल ने 28 साल का लंबा सफर पूरा कर लिया है, लेकिन क्या आपको पता है कि आखिर गूगल की शुरुआत कैसे हुई थी और क्यों गूगल का जन्मदिन 4 सितंबर से 27 सितंबर पर शिफ्ट हो गया?

तारीख चाहे जो भी चुनी जाए, गूगल ने पिछले 28 सालों में एक बेसिक सर्च इंजन से लेकर एक ग्लोबल टेक पावरहाउस तक का सफर पूरा किया है, कंपनी के प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में YouTube, Gmail, Android, Google Maps, Pixel फोन और Gemini प्लेटफॉर्म के जरिए एआई सपोर्ट शामिल है.

कैसे और कब हुई थी Google की शुरुआत?

कंपनी को ऑफिशियली 4 सितंबर 1998 को Larry Page और Sergey Brin ने शुरू किया था, जो उस समय स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में PhD स्टूडेंट थे. गूगल की तरफ से दी गई ऑफिशियल जानकारी के मुताबिक, कंपनी असल में अगस्त 1998 में बनी थी, जब सन माइक्रोसिस्टम्स के को-फाउंडर Andy Bechtolsheim ने लैरी पेज और सर्गेई ब्रिन को 100,000 डॉलर का चेक लिखा था, जिससे Google Inc. की ऑफिशियल शुरुआत हुई.

मशहूर गैराज की कहानी पर आते हैं, साल 1998 में, पेज और ब्रिन ने अपने रिसर्च प्रोजेक्ट को एक पूरी कंपनी में बदलने का फैसला किया. उन्होंने कैलिफोर्निया के मेनलो पार्क में सुसान वोज्स्की (जो बाद में YouTube की CEO बनीं) से एक गैराज किराए पर लिया और अपने सर्च इंजन पर काम करना शुरू किया, जिसे उन्होंने शुरू में Backrub नाम दिया.

शुरुआत के कुछ महीनों तक गैराज कंपनी का हेडक्वार्टर था. कहा जाता है कि यह एक साधारण सी जगह थी, जो कंप्यूटर, पिंग पोंग टेबल और चमकीले नीले कालीन से भरी हुई थी. 1999 में गूगल गैराज से निकलकर पालो ऑल्टो में एक बड़े ऑफिस में चला गया. वहां से, कंपनी बढ़ती रही और फैलती रही और आखिरकार दुनिया की सबसे असरदार टेक कंपनियों में से एक बन गई. हालांकि यह गैराज अब एक पुरानी याद जैसा लग सकता है, लेकिन यह गूगल की साधारण शुरुआत और उसकी सफलता को आगे बढ़ाने वाली एंटरप्रेन्योरशिप की भावना का प्रतीक है.

क्यों शिफ्ट हुई जन्मदिन की तारीख?

गूगल हर साल 27 सितंबर को अपना जन्मदिन मनाता है तो 4 सितंबर कंपनी के लिए खास क्यों है? 4 सितंबर वह दिन है जब गूगल की स्थापना हुई थी, असल में कंपनी ने 7 साल तक 4 सितंबर को अपना जन्मदिन मनाया, जिसके बाद इसे 27 सितंबर कर दिया गया.

तारीख बदलने के पीछे क्या कारण रहा, फिलहाल इस बात की स्पष्ट जानकारी नहीं है. 2000 के दशक की शुरुआत में, कंपनी ने सितंबर में अलग-अलग तारीखों पर अपना जन्मदिन मनाया, शायद शुरुआती माइलस्टोन या पब्लिक अनाउंसमेंट से जुड़ा हो लेकिन 2006 से कंपनी 27 सितंबर पर लगातार जन्मदिन मना रही है, शायद इस तारीख के पीछे का कारण यह होता है कि उसी समय के आसपास वेब इंडेक्सिंग में कंपनी को कोई बड़ी कामयाबी मिली हो जिसे याद करने के लिए इस तारीख को चुना गया हो.

लैरी पेज और सर्गेई ब्रिन के पास वोटिंग कंट्रोल

आज, गूगल अपनी पेरेंट कंपनी Alphabet Inc. के तहत काम करता है, जिसे 2015 में अपनी बढ़ती सर्विसेज को मैनेज करने के लिए बनाया गया था. हालांकि लैरी पेज और सर्गेई ब्रिन ने रोजाना के काम से खुद को अलग कर लिया है, लेकिन स्पेशल क्लास B शेयर्स के जरिए उनके पास वोटिंग कंट्रोल है. सुंदर पिचाई अभी गूगल और अल्फाबेट दोनों के CEO हैं.

ये भी पढ़ें- 80,000 रुपए से सस्ता मिलेगा 1 लाख वाला iPhone 17, सैमसंग-पिक्सल फोन पर भी छप्परफाड़ डिस्काउंट