Ship live location tracker: समुद्र में कहां पहुंचा LPG और तेल का टैंकर, रियल टाइम में ऐसे करें लाइव ट्रैकिंग
दुनिया में तेल और गैस की सप्लाई पर नजर रखना पहले मुश्किल था, लेकिन अब डिजिटल प्लेटफॉर्म की मदद से यह बेहद आसान हो गया है. MarineTraffic, VesselFinder और MyShipTracking जैसे प्लेटफॉर्म की मदद से कोई भी की रियल टाइम लोकेशन देख सकता है.
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण दुनिया भर में कच्चे तेल और LPG गैस की सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ गई है. कई देशों को डर है कि अगर सप्लाई बाधित हुई तो तेल की कीमतों पर बड़ा असर पड़ सकता है. होर्मुज स्ट्रेट में जारी तनाव के बीच भारत ने सफलतापूर्वक दो एलपीजी टैंकरों को वहां से निकाला और भारत पहुंचा है. ऐसे समय में लोगों के मन में यह सवाल भी उठता है कि आखिर तेल या एलपीजी लेकर आने वाले टैंकर इस समय कहां हैं और वे कब पहुंचेंगे. अच्छी बात यह है कि अब आप इंटरनेट की मदद से इन जहाजों को रियल टाइम में ट्रैक भी कर सकते हैं.
कैसे ट्रैक होता है जहाजों का लोकेशन?
दुनिया के ज्यादातर जहाजों में AIS यानी ऑटोमैटिक आइडेंटिफिकेशन सिस्टम लगा होता है. यह एक तरह का ट्रैकिंग सिस्टम है जो जहाज की लोकेशन, स्पीड और दिशा जैसी जानकारी सैटेलाइट और जमीन पर लगे रिसीवर तक भेजता है. इसी डेटा को अलग-अलग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म इकट्ठा करके लाइव मैप पर दिखाते हैं. अगर आपको किसी तेल या एलपीजी टैंकर की जानकारी चाहिए तो आप जहाज का नाम, IMO नंबर या MMSI नंबर डालकर उसकी लोकेशन, स्पीड और मंजिल तक देख सकते हैं.
MarineTraffic से ऐसे करें लाइव ट्रैक?
MarineTraffic दुनिया के सबसे पॉपुलर शिप-ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म में से एक है. यह सैटेलाइट और जमीन पर लगे रिसीवर से AIS डेटा इकट्ठा करता है और इंटरएक्टिव मैप पर जहाजों की लाइव पोजीशन दिखाता है.
कैसे काम करता है?
इस प्लेटफॉर्म पर मैप में आपको कई जहाजों के आइकन दिखाई देते हैं. किसी भी जहाज पर क्लिक करने पर उसका नाम, किस तरह का जहाज है, उसकी स्पीड, दिशा और वह किस पोर्ट की ओर जा रहा है, यह सारी जानकारी मिल जाती है.
इसमें सर्च बार भी होता है जहां आप सीधे जहाज का नाम या नंबर डालकर उसे ढूंढ सकते हैं. अगर आप फ्री अकाउंट बनाते हैं तो “My Fleet” फीचर के जरिए पांच जहाजों को लगातार ट्रैक भी कर सकते हैं. इसके अलावा जहाज के आने-जाने पर नोटिफिकेशन भी सेट किया जा सकता है.
VesselFinder से भी मिलती है पूरी जानकारी
VesselFinder भी एक फ्री शिप-ट्रैकिंग सर्विस है जो AIS डेटा की मदद से दुनिया भर के दो लाख से ज्यादा जहाजों को ट्रैक करता है. इसे वेबसाइट या मोबाइल ऐप दोनों के जरिए इस्तेमाल किया जा सकता है.
कैसे काम करता है?
इस प्लेटफॉर्म पर लाइव मैप में समुद्र में चल रहे जहाजों की गतिविधि दिखाई देती है. सर्च बार में जहाज का नाम, IMO या MMSI नंबर डालते ही उसकी लोकेशन सामने आ जाती है. जब आप किसी जहाज पर क्लिक करते हैं तो उस पर किस देश का झंडा है, स्पीड, दिशा, मौजूदा मंजिल और अनुमानित पहुंचने का समय यानी ETA जैसी जानकारी दिखाई देती है. इसके अलावा आप जहाज का पुराना रूट भी देख सकते हैं जिससे पता चलता है कि वह किन रास्तों से होकर आया है.
MyShipTracking से भी कर सकते हैं लाइव ट्रेकिंग
MyShipTracking भी एक ऐसा प्लेटफॉर्म है जो AIS डेटा के जरिए दुनिया भर के जहाजों की GPS लोकेशन दिखाता है. इसमें जहाज की स्पीड (SOG) और दिशा (COG) जैसी जानकारी भी मिलती है. वेबसाइट या ऐप में जाकर आप जहाज का नाम, आईडी या MMSI नंबर डालकर उसकी लोकेशन देख सकते हैं. इंटरएक्टिव मैप में अलग-अलग फिल्टर लगाकर यह भी देखा जा सकता है कि कौन-कौन से टैंकर, कार्गो जहाज या यॉट किस दिशा में जा रहे हैं.
इस प्लेटफॉर्म पर पोर्ट से जुड़ी जानकारी भी मिलती है. यानी किसी बंदरगाह पर कौन-सा जहाज कब पहुंचने वाला है और कौन-सा जहाज निकल चुका है, यह भी पता लगाया जा सकता है.
इसे भी पढ़ें- चीन न जाकर भारत पहुंच रहे हैं रुसी तेल टैंकर, पुतिन को दिख रहा फायदे का सौदा, जानें क्यों बदल रहा है सप्लाई का रुख