6300mAh की बैटरी और 32MP कैमरा के साथ Redmi 15A लॉन्च, 3 अप्रैल से बिक्री शुरू; जानें कितनी है कीमत

Xiaomi ने बजट सेगमेंट में Redmi 15A लॉन्च किया है, जिसमें 6300mAh बैटरी, 32MP कैमरा, 120Hz डिस्प्ले और Android 16 आधारित HyperOS 3 जैसे फीचर्स दिए गए हैं. कंपनी का दावा है कि एक बार फोन को चार्ज करने के बाद इसकी बैटरी दो दिनों तक चलेगी.

Redmi 15A लॉन्च Image Credit: @mi.com

Redmi 15A Launch: स्मार्टफोन बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए Xiaomi ने भारत में अपनी Redmi 15 सीरीज का विस्तार करते हुए Redmi 15A लॉन्च कर दिया है. यह फोन खास तौर पर बजट सेगमेंट के यूजर्स को ध्यान में रखकर पेश किया गया है, जिसमें बड़ी बैटरी, हाई रिफ्रेश रेट डिस्प्ले और लेटेस्ट सॉफ्टवेयर जैसे फीचर्स दिए गए हैं. इसकी शुरुआती कीमत 12,999 रुपये रखी गई है और यह Flipkart समेत अन्य प्लेटफॉर्म पर बिक्री के लिए उपलब्ध होगा.

बड़ी डिस्प्ले और स्मूथ एक्सपीरियंस

Redmi 15A में 6.9 इंच का HD+ डिस्प्ले दिया गया है, जो 60Hz से लेकर 90Hz और 120Hz तक के रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है. इसके अलावा, स्क्रीन की ब्राइटनेस 800 निट्स तक जाती है, जिससे धूप में भी विजिबिलिटी बेहतर रहती है. फोन में 240Hz टच सैंपलिंग रेट भी मिलता है, जो गेमिंग और स्क्रॉलिंग को स्मूथ बनाता है.

प्रोसेसर और परफॉर्मेंस

परफॉर्मेंस के लिहाज से यह स्मार्टफोन ऑक्टा-कोर T8300 5G प्रोसेसर पर काम करता है, जिसे Mali-G57 GPU के साथ जोड़ा गया है. डिवाइस में 6GB तक LPDDR4X RAM और 128GB तक UFS 2.2 स्टोरेज का विकल्प मिलता है, जो डेली यूज और मल्टीटास्किंग के लिए पर्याप्त है.

कैमरा सेटअप

फोटोग्राफी के लिए Redmi 15A में डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है, जिसमें 32 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा शामिल है. यह LED फ्लैश के साथ आता है. वहीं, सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है, जो वाटरड्रॉप नॉच डिजाइन में फिट किया गया है.

दमदार बैटरी और चार्जिंग

इस स्मार्टफोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 6,300mAh की बैटरी है, जो लंबे समय तक चलने का दावा करती है. कंपनी के मुताबिक, यह फोन एक बार चार्ज करने पर दो दिन तक का बैकअप दे सकता है. इसमें 15W वायर्ड चार्जिंग और 7.5W रिवर्स चार्जिंग का भी सपोर्ट मिलता है, जिससे आप दूसरे डिवाइस भी चार्ज कर सकते हैं.

सॉफ्टवेयर, AI फीचर्स और वजन

Redmi 15A Android 16 आधारित HyperOS 3 पर चलता है. Xiaomi ने इसमें 4 साल तक Android अपडेट और 6 साल तक सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा किया है. इसके अलावा, फोन में Google Gemini, Circle to Search और Xiaomi के इंटरकनेक्टिविटी टूल्स जैसे AI फीचर्स भी शामिल हैं. इससे इतर, फोन का वजन करीब 210 ग्राम है और यह IP52 रेटिंग के साथ आता है, जो इसे धूल और हल्के पानी के छींटों से सुरक्षित रखता है. इसमें डुअल सिम सपोर्ट भी दिया गया है.

कीमत और उपलब्धता

Redmi 15A को तीन वेरिएंट में लॉन्च किया गया है:

  • 4GB + 64GB: 12,999 रुपये
  • 4GB + 128GB: 14,499 रुपये
  • 6GB + 128GB: 16,499 रुपये

यह स्मार्टफोन Ace Black, Awesome Blue और Amaze Purple रंग विकल्पों में उपलब्ध होगा. इसकी बिक्री 3 अप्रैल से Flipkart, Mi.com और Xiaomi के अधिकृत रिटेल स्टोर्स पर शुरू होगी.

ये भी पढ़ें- इस वीकेंड OTT पर एंटरटेनमेंट का धमाका, ये 10 नई फिल्में और शो मिस न करें; चेक करें पूरी लिस्ट