ज्यादा मुनाफे का लालच पड़ा भारी, रिटायर्ड बैंक अधिकारी ने गंवाए 1.10 करोड़ रुपये; साइबर ठगों ने इस तरह बनाया शिकार
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक रिटायर्ड बैंक अधिकारी साइबर ठगी का शिकार हो गए. ठगों ने निवेश पर 30 से 40 फीसदी मुनाफे का लालच देकर पहले भरोसा जीता. व्हाट्सएप ग्रुप और फर्जी एप के जरिये उन्हें लगातार मुनाफा दिखाया गया. धीरे- धीरे पूरी रिटायरमेंट पूंजी निकलवा ली गई. कुल मिलाकर पीड़ित को एक करोड़ दस लाख रुपये का नुकसान हुआ.
Cyber Fraud: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से साइबर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है. यहां एक रिटायर्ड बैंक अधिकारी ने ऑनलाइन ठगों के जाल में फंसकर अपनी पूरी जीवनभर की जमा पूंजी गंवा दी. पीड़ित ने बताया कि ठगों ने ज्यादा मुनाफे का लालच देकर धीरे- धीरे भरोसा बनाया. इस दौरान कई फर्जी दावे किए गए. आखिरकार पीड़ित को एक करोड़ 10 लाख रुपये का भारी नुकसान हुआ.
कैसे शुरू हुई साइबर ठगी
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़ित दिनेश शर्मा ने बताया कि यह मामला पिछले साल 2 नवंबर से शुरू हुआ. उन्हें एक मैसेज मिला जिसमें निवेश पर 30 से 40 फीसदी मुनाफे का दावा किया गया था. उन्होंने शुरुआत में इसे फ्रॉड समझा लेकिन इसके बाद उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया गया. उस ग्रुप में कई लोग लगातार अपने मुनाफे की बातें साझा कर रहे थे. यहीं से ठगों ने धीरे- धीरे उनका भरोसा जीतना शुरू किया.
करोड़ों तक पहुंचा नुकसान
ठगों ने शुरुआत में केवल 5000 रुपये निवेश करने को कहा. इसके बाद एक ऐप के जरिये उन्हें ज्यादा मुनाफा दिखाया गया. फर्जी मुनाफे को देखकर पीड़ित का भरोसा बढ़ता गया. धीरे- धीरे उनसे और ज्यादा रकम डालने को कहा गया. इस तरह करते- करते ठगों ने उनकी पूरी रिटायरमेंट की रकम निकाल ली.
ऐसे हुआ ठगी का खुलासा
जब ठगों ने उनसे 3 करोड़ रुपये और मांगने शुरू किए तब पीड़ित को संदेह हुआ. इसके बाद उन्होंने पहली बार इस बारे में अपने परिवार को बताया. परिवार ने मामले को गंभीरता से लिया और इसे साइबर ठगी बताया. तभी पीड़ित को अहसास हुआ कि वह धोखे का शिकार हो चुके हैं. इसके बाद उन्होंने तुरंत साइबर क्राइम सेल से संपर्क किया.
ये भी पढ़ें- साइबराबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एक हफ्ते में 12 ठग गिरफ्तार, निवेश के नाम पर सबसे अधिक ठगी
पीड़ित ने बताए जरूरी सुरक्षा उपाय
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीड़ित ने आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि कभी भी अपनी वित्तीय बातों को परिवार से न छुपाएं. किसी भी आकर्षक और असंभव मुनाफे वाले ऑफर के झांसे में न आएं. अगर कोई साइबर ठगी का शिकार हो जाए तो तुरंत पुलिस साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराएं. समय पर की गई कार्रवाई नुकसान को कम कर सकती है.




