ये 5 ट्रिक… और AC का बिजली बिल होगा कम, मेंटेनेंस खर्च भी घटेगा तुरंत!

गर्मी में AC का गलत इस्तेमाल बिजली बिल बढ़ा सकता है. बहुत कम तापमान सेट करना, गंदे फिल्टर, दरवाजे-खिड़की खुले रखना और सर्विसिंग न करवाना मुख्य कारण हैं. साथ ही गलत सेटिंग्स भी खर्च बढ़ाती हैं. सही तापमान, नियमित सफाई और मेंटेनेंस से न सिर्फ बिजली बचती है, बल्कि AC की परफॉर्मेंस और उम्र भी बेहतर होती है.

एसी Image Credit:


AC Maintenance Tips: गर्मी जैसे-जैसे बढ़ रही है, वैसे-वैसे घरों में एयर कंडीशनर यानी AC की जरूरत भी बढ़ती जा रही है. लेकिन कई लोग अनजाने में ऐसी गलतियां कर रहे हैं, जो उनके बिजली बिल को तेजी से बढ़ा रही हैं. आमतौर पर लोग मानते हैं कि ज्यादा बिल सिर्फ ज्यादा इस्तेमाल से आता है, लेकिन असल में कुछ छोटी गलतियां भी इसका बड़ा कारण बनती हैं. अच्छी बात यह है कि इन्हें आसानी से सुधारा जा सकता है.

बहुत कम तापमान रखना पड़ सकता है भारी

कई लोग AC को 16 से 18 डिग्री पर सेट कर देते हैं, यह सोचकर कि कम तापमान से कमरा जल्दी ठंडा हो जाएगा. लेकिन हकीकत यह है कि AC एक ही स्पीड पर काम करता है. तापमान कम करने से मशीन पर ज्यादा लोड पड़ता है और वह लंबे समय तक चलती रहती है. इससे बिजली की खपत बढ़ती है और मशीन पर भी दबाव पड़ता है. बेहतर है कि तापमान को संतुलित यानी 24 से 26 डिग्री के बीच रखें.

गंदे फिल्टर बढ़ाते हैं खर्च

AC के फिल्टर में समय के साथ धूल जमा हो जाती है, जिससे हवा का फ्लो कम हो जाता है. ऐसे में AC को कमरे को ठंडा करने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है. कई लोग फिल्टर साफ करने को जरूरी नहीं समझते, लेकिन यही लापरवाही बिजली बिल बढ़ा देती है और मशीन खराब होने का खतरा भी बढ़ाती है. महीने में कम से कम एक बार फिल्टर साफ करना जरूरी है.

दरवाजे-खिड़की खुली रखना पड़ सकता है महंगा

अगर AC चलाते समय कमरे के दरवाजे या खिड़की थोड़ी भी खुली रह जाए, तो बाहर की गर्म हवा अंदर आती रहती है. इससे AC को लगातार ठंडा करने में ज्यादा समय और बिजली लगती है. इसलिए बेहतर कूलिंग और कम खर्च के लिए कमरे को पूरी तरह बंद रखना चाहिए.

सर्विसिंग की अनदेखी से बढ़ता है खर्च

कई लोग सालों तक AC की सर्विसिंग नहीं करवाते. शुरुआत में मशीन ठीक चलती है, लेकिन धीरे-धीरे धूल, गैस की कमी और पार्ट्स की घिसावट से इसकी क्षमता कम हो जाती है. इससे बिजली ज्यादा खर्च होती है और खराब होने का खतरा भी बढ़ जाता है. साल में कम से कम एक बार सर्विसिंग करवाना जरूरी है.

सही सेटिंग का न इस्तेमाल करना भी गलती

कुछ लोग बिजली बचाने के लिए बार-बार AC बंद करते हैं, लेकिन यह तरीका सही नहीं है. इसके बजाय AC के sleep mode और timer जैसे फीचर्स का इस्तेमाल करना चाहिए. इससे AC खुद जरूरत के हिसाब से चलता है और बिजली की बचत भी होती है.

इसे भी पढ़ें- 6300mAh बैटरी और रिवर्स चार्जिंग! Poco C81 ने दी बड़े ब्रांड्स को चुनौती, 23 अप्रैल को होने वाला है बड़ा धमाका