घर में शॉर्ट सर्किट है या नहीं? ऐसे करें पता, नहीं तो लग सकती है लाखों की चपत

शॉर्ट सर्किट एक छोटी तकनीकी खराबी नहीं बल्कि बड़ा सुरक्षा खतरा है. अगर घर में बार-बार बिजली संबंधी समस्याएं सामने आ रही हैं तो उन्हें नजरअंदाज करने की बजाय तुरंत जांच करवाएं. थोड़ी सी सावधानी आपको आगजनी, उपकरणों के नुकसान और लाखों रुपये के नुकसान से बचा सकती है.

शार्ट सर्किट Image Credit: FREEPIK

Short Circuit: घर में अचानक स्पार्क होना, बिजली का बार-बार ट्रिप होना या तारों से जलने जैसी गंध आना कई बार बड़े खतरे का संकेत हो सकता है. अक्सर लोग इन छोटी-छोटी समस्याओं को नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन यही लापरवाही आगे चलकर शॉर्ट सर्किट और आगजनी जैसी गंभीर घटनाओं का कारण बन सकती है. हर साल देश में हजारों आग लगने की घटनाएं शॉर्ट सर्किट की वजह से होती हैं, जिससे जान-माल का भारी नुकसान होता है. ऐसे में यह जानना बेहद जरूरी है कि आपके घर की वायरिंग सुरक्षित है या नहीं और कहीं शॉर्ट सर्किट का खतरा तो नहीं मंडरा रहा.

क्या होता है शॉर्ट सर्किट?

शॉर्ट सर्किट तब होता है जब बिजली का करंट अपने निर्धारित रास्ते को छोड़कर कम प्रतिरोध वाले रास्ते से बहने लगता है. इससे अचानक करंट का प्रवाह बढ़ जाता है, जिससे तार गर्म होने लगते हैं और आग लगने का खतरा पैदा हो जाता है.

इन संकेतों को भूलकर भी नजरअंदाज न करें

अगर आपके घर में बार-बार MCB ट्रिप हो रही है, तो यह शॉर्ट सर्किट का संकेत हो सकता है. इसके अलावा स्विच बोर्ड या प्लग पॉइंट से चिंगारी निकलना, तारों से जलने की गंध आना, दीवार के किसी हिस्से का असामान्य रूप से गर्म होना या बिजली उपकरणों का अचानक बंद होना भी खतरे की घंटी है.

कई बार बल्ब का बार-बार फ्यूज होना या लाइट्स का टिमटिमाना भी वायरिंग में गड़बड़ी की ओर इशारा करता है. ऐसे संकेत मिलने पर तुरंत जांच करवानी चाहिए.

ऐसे करें शुरुआती जांच

सबसे पहले घर की MCB और फ्यूज बॉक्स की जांच करें. यदि बिना किसी बड़े लोड के MCB बार-बार गिर रही है, तो समस्या वायरिंग में हो सकती है. घर के स्विच बोर्ड और प्लग पॉइंट को ध्यान से देखें. कहीं काला निशान, पिघला हुआ प्लास्टिक या जलने की गंध महसूस हो रही हो तो तुरंत बिजली बंद कर दें.

यदि किसी उपकरण को लगाते ही बिजली ट्रिप हो जाती है, तो समस्या उस उपकरण में भी हो सकती है. ऐसे में उसे अलग करके जांच करें.

क्या करें और क्या न करें

अगर शॉर्ट सर्किट का संदेह हो तो खुद तारों को छूने या खोलने की कोशिश न करें. सबसे पहले मुख्य बिजली सप्लाई बंद करें और किसी योग्य इलेक्ट्रीशियन से संपर्क करें. समय-समय पर घर की वायरिंग की जांच करवाना और अच्छी गुणवत्ता वाले तार एवं सुरक्षा उपकरण लगवाना फ्यूचर में बड़े नुकसान से बचा सकता है.

इसे भी पढ़ें- AC सर्विस से पहले जान लें सही गैस प्रेशर, नहीं तो बेवजह भरना पड़ सकता है हजारों रुपये का बिल