5Kg वाला सिलेंडर सबसे महंगा, खा गए ना चक्कर… एक किलो गैस की कीमत 168 रुपये पहुंची, 14.2 किलो वाला LPG 62% सस्ता

पश्चिम एशिया में जारी तनाव की वजह से देश में जो रसोई गैस का संकट फैला है, जिसकी वजह से महंगाई ने जेब पर चाकू चलाई है. 1 मई से सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों ने 5 किलों वाले छोटू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में 261 रुपये का इजाफा कर दिया. हालांकि, 14.2 किलो वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतें जस की तस बनी हुई हैं.

गैस सिलेंडर की कीमत में अंतर. Image Credit: money9live

38 वर्षीय दिनेश उत्तर प्रदेश के शहर नोएडा में एक फैक्ट्री में नौकरी करते हैं. बिहार के गांव से आए दिनेश यहां वो अपने चार साथियों के साथ दो कमरे वाले किराये के मकान में रहते हैं. महीने का 15000 रुपया कमाते हैं. रहने खाने का खर्च काटकर, बचा पैसा घर भेज देते हैं. मार्च का महीना शुरू होने से पहले उनके लिए सबकुछ सामान्य ही चल रहा था. लेकिन फिर जैसे ही अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष की शुरुआत हुई, भारत में रसोई गैस के संकट में लिपट गया. गैस की किल्लत की मार दिनेश पर भी पड़ी, क्योंकि जिस छोटे सिलेंडर का इस्तेमाल वो अपना खाना पकाने के लिए कर रहे थे, उसे रिफिल कराना मुश्किल हो गया.

पांच किलो वाला छोटू सिलेंडर

दरअसल, दिनेश के पास रसोई गैस का कनेक्शन नहीं है, वो दुकान से खरीदे पांच किलो वाले लाल रंग के सिलेंडर में गैस रिफिल कराके के अपना काम चलाते आए थे. लेकिन अब रिफिल करना मुश्किल हो गया, और कीमतें भी कई गुना बढ़ गईं. ऐसे में सरकार ने प्रवासी मजदूरों के लिए हाथों-हाथ 5 किलो वाले छोटू सिलेंडर देने की व्यवस्था की. दिनेश को इसकी जानकारी मिली, तो वो भी एक गैस एजेंसी पर दस्तावेज के साथ पहुंचे. लेकिन जब उन्हें सरकारी छोटू सिलेंडर की कीमत पता चली, तो उनके माथे पर बल पड़ गया. ऐसा क्यों हुआ… ये आपको अब बताते हैं.

कीमतों में इजाफा

दरअसल, 1 मई से सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों ने 5 किलों वाले छोटू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में 261 रुपये का इजाफा कर दिया. हालांकि, 14.2 किलो वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतें जस की तस बनी हुई हैं. यानी नोएडा में 910 रुपये में 14.2 किलो वाला सिलेंडर मिल रहा है. इसके लिए आपके पास वैध कनेक्शन होना चाहिए.

रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों की तुलना

सिलेंडर का प्रकारवजनकुल कीमत (रु.)प्रति किलो कीमत (रु.)14.2 किलो सिलेंडर से अंतर (रु./किलो)अंतर (%)
घरेलू LPG सिलेंडर14.2 किलो91064.08104 ज्यादा163% ज्यादा
कमर्शियल LPG सिलेंडर19 किलो3,071.50161.6697.58 ज्यादा152.3% ज्यादा
छोटू LPG सिलेंडर5 किलो843168.60104.52 ज्यादा163.1% ज्यादा

पहली बार चुकानी होगी इतनी कीमत

दिनेश के माथे पर छोटू सिलेंडर कीमत सुनकर बल इसलिए पड़ गए, क्योंकि इसके लिए उन्हें पहली बार 2000 रुपये से अधिक चुकाने थे. इसके बाद उन्हें पांच किलो वाला सिलेंडर मिल रहा था. उन्होंने अपने साथ रहने वाले अन्य साथियों को फोन किया, मामला बताया और फिर सभी से पैसा मंगाया. इस तरह दिनेश ने छोटू सिलेंडर लिया और पहली बार में 2031 रुपये खर्च किए, जिसमें पांच किलो रसोई गैस की कीमत 843 रुपये बैठी. बाकी का पैसा सिलेंडर की कीमत या सिक्योरिटी बैगरह के हिस्से में गया.

अलग-अलग सिलेंडर की कीमत

अब अगर छोटू सिलेंडर में मिले पांच किलो वाले रसोई गैस कीमत को 14.2 किलो वाले रसोई गैस की कीमत से कैलकुलेट करें, तो अंतर जमीन-आसमान से कम तो नहीं ही है.

14.2 किलो वाले रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 910 रुपये है. अब अगर इसके अनुसार, 1 किलो गैस की कीमत करीब 64 रुपये के आसपास बैठती है.

19 किलो वाले कमर्शियल रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 3,071.50 रुपये है. इसके अनुसार, 1 किलो गैस की कीमत करीब 161 रुपये के आसपास बैठती है.

5 किलो वाले रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 843 रुपये है. अब अगर इसके अनुसार, 1 किलो गैस की कीमत कैलकुलेट करें, तो यह 168 रुपये के आसपास बैठती है.

तुलनाप्रति किलो कीमत (रु.)अंतर (रु./किलो)
5 किलो बनाम 14.2 किलो168.60 बनाम 64.08104.52 ज्यादा
19 किलो बनाम 14.2 किलो161.66 बनाम 64.0897.58 ज्यादा
5 किलो बनाम 19 किलो168.60 बनाम 161.666.94 ज्यादा

कमर्शियल से भी महंगा छोटू सिलेंडर

इस तरह गैस की कीमतों को कैलकुलेट करें, तो दिनेश ने कमर्शियल रसोई गैस सिलेंडर से भी अधिक कीमत एक किलो गैस के लिए चुकाई है. अब जब भी वे इसे रिफिल कराने जाएंगे, उन्हें सबसे अधिक कीमत अपनी रसोई गैस की कीमत के लिए चुकाना होगा. यानी पश्चिम एशिया में जारी तनाव की वजह से देश में जो रसोई गैस का संकट फैला है, जिसकी वजह से महंगाई ने जेब पर चाकू चलाई है, रसोई गैस के मामले में सबसे अधिक जख्मी दिनेश जैसे लोगों की जेब हुई है.

  • 14.2 किलो घरेलू सिलेंडर सबसे सस्ता पड़ता है, जिसकी प्रति किलो कीमत करीब 64 रुपये है.
  • 5 किलो छोटू सिलेंडर की प्रति किलो कीमत 168.60 रुपये है, जो घरेलू सिलेंडर के मुकाबले करीब 163% ज्यादा है.
  • 19 किलो कमर्शियल सिलेंडर की प्रति किलो कीमत 161.66 रुपये है, जो घरेलू सिलेंडर से करीब 152% ज्यादा है.

यह भी पढ़ें: छोटू गैस की बढ़ी कीमतों का साइड इफेक्ट… अब नया सिलेंडर ₹2031 में मिलेगा, जानें क्या है नियम