गर्मियों में आम खाने से पहले जरूर करें यह काम, शरीर को मिलेंगे कई फायदे; नहीं तो हो सकती हैं ये परेशानियां

गर्मी के मौसम में आम खाने से पहले उसे 30 मिनट तक पानी में भिगोकर रखने की सलाह दी जाती है. इससे आम में मौजूद फाइटिक एसिड कम होता है, जिससे शरीर को आयरन और कैल्शियम जैसे पोषक तत्व बेहतर तरीके से मिलते हैं. पानी में रखने से आम की गर्म तासीर भी कम होती है और केमिकल, गंदगी तथा एलर्जी पैदा करने वाले तत्व हटाने में मदद मिलती है.

30 मिनट तक पानी में भिगोकर रखने से आम में मौजूद फाइटिक एसिड कम होता है Image Credit: money9live

Mango Health Benefits: गर्मी का मौसम आते ही बाजार में आम की बहार दिखाई देने लगी है. भारत में आम को फलों का राजा कहा जाता है और लोग इसे बड़े स्वाद से खाते हैं. लेकिन घरों में अक्सर एक सलाह दी जाती है कि आम खाने से पहले उसे कुछ देर पानी में भिगोकर रखना चाहिए. अब डॉक्टर और हेल्थ एक्सपर्ट भी इस आदत को फायदेमंद मान रहे हैं. जानकारों के कहना है कि आम को करीब 30 मिनट तक पानी में रखने से शरीर को कई तरह के फायदे मिल सकते हैं. इससे पाचन बेहतर होता है और कई नुकसानदायक तत्व भी कम हो जाते हैं. आइए जानते हैं कि आम को पानी में भिगोकर खाने की सलाह क्यों दी जाती है.

आम में मौजूद तत्व कर सकते हैं नुकसान

जानकारों के मुताबिक, आम में फाइटिक एसिड नाम का एक तत्व पाया जाता है. इसे एंटी न्यूट्रिएंट भी कहा जाता है क्योंकि यह शरीर में आयरन, कैल्शियम और जिंक जैसे जरूरी मिनरल्स के अवशोषण (Absorption) को कम कर सकता है. अगर आम को बिना भिगोए खाया जाए तो शरीर को इन पोषक तत्वों का पूरा फायदा नहीं मिल पाता. पानी में रखने से यह तत्व कम हो जाता है और आम ज्यादा हेल्दी बन जाता है. इससे शरीर को पोषण बेहतर तरीके से मिलता है.

शरीर की गर्मी कम करने में मिलती है मदद

आम की तासीर गर्म मानी जाती है. ज्यादा मात्रा में आम खाने से शरीर में गर्मी बढ़ सकती है. कई लोगों को इससे मुहांसे, फुंसी या पेट में जलन जैसी समस्याएं होने लगती हैं. डॉक्टरों का कहना है कि आम को पानी में भिगोने से उसकी गर्मी कुछ हद तक कम हो जाती है. इससे आम शरीर के लिए हल्का और आसानी से पचने वाला बन जाता है. खासकर गर्मियों में यह तरीका काफी फायदेमंद माना जाता है.

केमिकल और गंदगी हटाने में मददगार

आजकल बाजार में बिकने वाले कई आमों को जल्दी पकाने के लिए केमिकल का इस्तेमाल किया जाता है. कुछ फलों पर वैक्स की परत भी लगाई जाती है ताकि वे ज्यादा समय तक ताजे दिखें. केवल पानी से धोने पर यह पूरी तरह साफ नहीं हो पाते. लेकिन 30 मिनट तक पानी में रखने से आम की सतह पर मौजूद गंदगी और केमिकल काफी हद तक हट जाते हैं. इससे फल ज्यादा सुरक्षित हो जाता है और शरीर पर खराब असर का खतरा कम होता है.

एलर्जी और पेट की परेशानी से बचाव

आम के डंठल के पास एक तरह का सफेद पदार्थ निकलता है जिसे लेटेक्स कहा जाता है. यह कुछ लोगों में एलर्जी का कारण बन सकता है. इससे मुंह के आसपास खुजली, सूजन या जलन की समस्या हो सकती है. कई बार यह पेट में भी परेशानी पैदा कर सकता है. पानी में भिगोने से यह पदार्थ काफी हद तक निकल जाता है. इससे आम खाने के बाद एलर्जी और पेट खराब होने का खतरा कम हो सकता है.

यह भी पढ़ें- क्या आपने भी कभी फ्रिज में रखा देखा है सूखा स्पंज? वजह जानकर आज ही अपनाएंगे ये ट्रिक

स्वाद और रस बढ़ाने में भी मदद

जानकारों का कहना है कि पानी में रखने से आम में नमी बनी रहती है. इससे उसका गूदा ज्यादा रसदार और मुलायम हो जाता है. कई बार लंबे समय तक स्टोर रहने के कारण आम थोड़ा सूखा हो जाता है. पानी में रखने से उसका स्वाद और ताजगी वापस आ सकती है. यही वजह है कि कई लोग आम को ठंडे पानी में रखकर खाना पसंद करते हैं.