पाकिस्तान के इस्लामाबाद में बम धमाका, 31 की मौत, 169 घायल, इमामबाड़ा में हो रही थी जुमे की नमाज
इस्लामाबाद के तरलाई इलाके में स्थित एक इमामबाड़े में शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान विस्फोट हुआ. बीबीसी उर्दू के मुताबिक, इस हमले में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 169 लोग घायल हो हुए हैं.
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के तरलाई इलाके में स्थित एक इमामबाड़े में शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान विस्फोट हुआ. बीबीसी उर्दू के मुताबिक, इस हमले में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 169 लोग घायल हो गए. इसे लेकर वहां के स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि यह हमला आत्मघाती था.
हालात को देखते हुए विस्फोट के तुरंत बाद पूरे इस्लामाबाद में आपातकाल लागू कर दिया गया. घायलों को पीआईएमएस, पॉलीक्लिनिक और दूसरे अस्पतालों में लाया जा रहा है. प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने स्वास्थ्य मंत्री को निर्देश दिया है कि वे घायलों के इलाज की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करें.
राष्ट्रपति ने जताया शोक
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने इस हमले में मारे गए लोगों के प्रति शोक व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि बेगुनाह लोगों को निशाना बनाना इंसानियत के खिलाफ है. राष्ट्रपति ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और अधिकारियों को बेहतर इलाज की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
वहीं पार्लियामेंट्री अफेयर्स के मंत्री डॉ. तारिक फजल चौधरी ने सोशल मीडिया पर इस हमले की कड़ी निंदा की. उन्होंने कहा कि ऐसी आतंकी घटनाएं देश और लोगों का हौसला नहीं तोड़ सकतीं. जरूरत है कि सभी लोग शांति के लिए एकजुट हों और कानून-व्यवस्था संभालने वाली एजेंसियों के साथ मजबूती से खड़े रहें.
पहले भी हो चुके हैं हमले
इससे पहले 11 नवंबर 2025 को इस्लामाबाद के G-11 इलाके में जिला और सत्र न्यायालय के बाहर हुए आत्मघाती धमाके में 12 लोगों की मौत हुई थी और 30 से ज्यादा लोग घायल हुए थे. ग्लोबल टेररिज्म इंडेक्स 2025 के अनुसार, बुर्किना फासो के बाद पाकिस्तान दुनिया का दूसरा सबसे अधिक आतंक प्रभावित देश बन चुका है. रिपोर्ट के मुताबिक, तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के हमलों में 90 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि बलूच आर्मी के हमलों में 60 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.




