TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

PM Kisan: गुजरात से देश के करोड़ों किसानों के खाते में पैसे ट्रांसफर करेंगे PM मोदी, इस दिन खाते में आएगी ₹2000 की रकम

PM Kisan 24th Instalment Date: 23 किस्तों के माध्यम से देशभर में 4.47 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की गई है, जबकि गुजरात में लाभार्थियों को 24,137 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी गई है. देश के करोड़ों किसानों को 24वीं किस्त का इंतजार है.

पीएम किसान सम्मान निधि Image Credit: money9live.com

Highlights

  • पीएम मोदी 30 और 31 अक्टूबर को गुजरात के दौरे पर रहेंगे.
  • किसान परिवारों को सालाना 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता तीन किस्तों में दी जाती है.
  • 23 किस्तों के माध्यम से देशभर में 4.47 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की गई है.

PM Kisan 24th Instalment Date: देश के करोड़ों किसानों को दिवाली से पहले प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM Kisan) की 24वीं किस्त मिल जाएगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 अक्टूबर को किसानों के खाते में 2000-2000 रुपये की रकम ट्रांसफर करेंगे.

पीएम किसान की 24वीं किस्त

गुजरात के कृषि मंत्री जीतू वघानी ने बुधवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 अक्टूबर को राज्य के बनासकांठा जिले में एक राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि’ (PM-किसान) योजना की 24वीं किस्त जारी करेंगे. पीएम मोदी 30 और 31 अक्टूबर को गुजरात के दौरे पर रहेंगे.

9.34 करोड़ किसानों को मिलेगा लाभ

मंत्री ने बताया कि भिलडी कस्बे में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान, प्रधानमंत्री PM-किसान योजना की 24वीं किस्त जारी करेंगे. इससे देश भर के 9.34 करोड़ से अधिक किसान परिवारों को 18,680 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिलेगी. भिलडी में ‘PM किसान उत्सव दिवस’ कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के बाद वघानी ने बताया कि गुजरात में 52.33 लाख से अधिक किसान परिवारों को 1,051 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता मिलेगी.

पीएम किसान स्कीम क्या है?

PM-किसान योजना के तहत, पात्र किसान परिवारों को सालाना 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता तीन बराबर किस्तों में दी जाती है. सरकार ने इस स्कीम की शुरुआत फरवरी 2019 में की थी.

बायोगैस प्लांट की आधारशिला रखेंगे पीएम

प्रधानमंत्री थराद और राधनपुर में ‘बनास डेयरी’ द्वारा स्थापित किए जा रहे दो कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) संयंत्रों की आधारशिला भी रखेंगे. थराद संयंत्र में प्रतिदिन 75 टन पशु गोबर को प्रोसेस किया जाएगा, जबकि राधनपुर संयंत्र की प्रोसेसिंग क्षमता प्रतिदिन 100 टन होगी.

इन दो नए संयंत्रों के जुड़ने से ‘बनास मॉडल’ के तहत बायो-CNG संयंत्रों की संख्या बढ़कर छह हो जाएगी, जिनकी कुल पशु गोबर प्रोसेसिंग क्षमता प्रतिदिन 515 टन होगी.

बायो-CNG की सप्लाई

पशु गोबर से बनी बायो-CNG को सब्सिडी वाली दरों पर बेचा जाता है. बनासकांठा डेयरी अभी प्रतिदिन लगभग 6,100 किलोग्राम बायो-CNG की आपूर्ति कर रही है. इन छह संयंत्रों से सालाना 33,400 से 34,600 टन कार्बन उत्सर्जन को रोकने में मदद मिलने का अनुमान है.

वघानी ने बताया कि 30 अक्टूबर के कार्यक्रम के दौरान, मोदी ‘भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर’ (BBBRC) का भी उद्घाटन करेंगे, जिसे 328.77 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है. प्रधानमंत्री बनास डेयरी की नई आलू प्रोसेसिंग विस्तार परियोजना और इसकी अल्ट्रा-हाई-टेम्परेचर (UHT) सुविधा के लिए स्वचालित भंडारण और पुनर्प्राप्ति प्रणाली (ASRS) का भी उद्घाटन करेंगे.

वाघानी ने बताया कि अब तक जारी की गई 23 किस्तों के माध्यम से देशभर में 4.47 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की गई है, जबकि गुजरात में लाभार्थियों को 24,137 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी गई है.

यह भी पढ़ें: Gold-Silver Price: सोने की कीमतों में उछाल, चांदी अभी भी 2 लाख रुपये के नीचे; जानें- स्पॉट गोल्ड का भाव