Air India: FY26 में 22238 करोड़ रुपये का घाटा, जानें क्यों बिगड़ा कंपनी का प्रदर्शन
Air India का वित्त वर्ष 2025 26 में कंसोलिडेटेड घाटा बढ़कर 22238.23 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 10858.83 करोड़ रुपये था. इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम घटकर 71869.94 करोड़ रुपये रह गई, जबकि कुल खर्च 93733.31 करोड़ रुपये पहुंच गया. विदेशी मुद्रा घाटा भी बढ़कर 7388.23 करोड़ रुपये हो गया.
Highlights
- Air India का FY26 कंसोलिडेटेड घाटा बढ़कर 22238 करोड़ रुपये हुआ.
- कंपनी की टोटल इनकम घटकर 71870 करोड़ रुपये के करीब रह गई़ .
- कुल खर्च बढ़कर 93733 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया.
Air India को वित्त वर्ष 2025 26 में बड़ा घाटा हुआ है. कंपनी का कंसोलिडेटेड घाटा बढ़कर 22238.23 करोड़ रुपये हो गया, जबकि एक साल पहले यह 10858.83 करोड़ रुपये था. इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम भी घटकर 71869.94 करोड़ रुपये रह गई, जो वित्त वर्ष 2024 25 में 78635.61 करोड़ रुपये थी. कंपनी के प्रदर्शन पर AI171 विमान हादसे, एयरस्पेस बंद होने, ईंधन कीमतों में उतार- चढ़ाव और दूसरी परिचालन चुनौतियों का असर पड़ा. कंसोलिडेटेड आंकडों में Air India Express के वित्तीय नतीजे भी शामिल हैं.
कुल खर्च 93733 करोड़ रुपये के पार पहुंचा
वित्त वर्ष 2025 26 में Air India का कंसोलिडेटेड कुल खर्च बढ़कर 93733.31 करोड़ रुपये हो गया. एक साल पहले कंपनी का कुल खर्च 89317.12 करोड़ रुपये था. यानी एक साल में खर्च करीब 4416 करोड़ रुपये बढ़ गया. दूसरी ओर कंपनी की टोटल इनकम में करीब 6766 करोड़ रुपये की कमी आई. इनकम घटने और खर्च बढ़ने का सीधा असर कंपनी के घाटे पर पड़ा. कंपनी को इस दौरान कई तरह की परिचालन और बाहरी चुनौतियों का सामना करना पड़ा.
मरम्मत और रखरखाव पर खर्च बढ़ा
वित्त वर्ष 2025 26 में Air India का एयरक्राफ्ट रिपेयर और मेंटेनेंस खर्च बढ़कर 14976.45 करोड़ रुपये हो गया. एक साल पहले यह खर्च 13901.82 करोड़ रुपये था. यानी इस मद में भी कंपनी का खर्च बढ़ा. हालांकि ईंधन खर्च में कमी देखने को मिली. कंपनी का फ्यूल खर्च घटकर 26871.80 करोड़ रुपये रह गया, जबकि वित्त वर्ष 2024 25 में यह 29023.37 करोड़ रुपये था. यानी ईंधन खर्च में करीब 2152 करोड़ रुपये की कमी आई. इसके बावजूद कुल खर्च में बढ़ोतरी से कंपनी के घाटे पर दबाव बना रहा.
विदेशी मुद्रा घाटे में बड़ी बढ़ोतरी
Air India के वित्तीय प्रदर्शन पर विदेशी मुद्रा से जुडे़ नुकसान का भी असर पड़ा. वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का विदेशी मुद्रा घाटा बढ़कर 7388.23 करोड़ रुपये हो गया. एक साल पहले यह आंकड़ा 1545.01 करोड़ रुपये था. यानी एक साल में विदेशी मुद्रा घाटे में करीब 5843 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई. एयरलाइन के कारोबार में विदेशी मुद्रा का असर अहम होता है. इसके अलावा एयरस्पेस बंद होने और भू राजनीतिक घटनाक्रम जैसी चुनौतियों ने भी कंपनी के परिचालन को प्रभावित किया.
AI171 हादसे से जुड़े खर्च का भी असर
वित्त वर्ष के नतीजों में जून 2025 में हुए AI171 विमान हादसे से जुड़ा वित्तीय असर भी शामिल है. इस हादसे में 260 लोगों की जान गई थी. कंपनी के वित्तीय विवरण में 429.05 करोड़ रुपये के एक्सेप्शनल आइटम दर्ज किए गए हैं. Air India ने बताया कि विमान के नुकसान और उससे जुडे़ खर्चों के लिए बीमा कवर मौजूद है. कंपनी को विमान के नुकसान और संबंधित खर्चों के लिए बीमा कंपनी से तय रकम भी मिल चुकी है. प्रबंधन के अनुसार उपलब्ध जानकारी के आधार पर ऐसे दावों से जुड़ी वित्तीय देनदारी काफी हद तक बीमा पॉलिसियों से कवर होने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें- 3 शेयरों में खरीदारी का मौका, एक्सपर्ट ने बताए टारगेट और स्टॉप लॉस; जानें कितना हो सकता है फायदा
स्टैंडअलोन घाटा भी चार गुना से ज्यादा बढ़ा
सिर्फ Air India के स्टैंडअलोन नतीजों की बात करें तो वित्त वर्ष 2025 26 में कंपनी का घाटा बढकर 15367.75 करोड़ रुपये हो गया. एक साल पहले यह घाटा 3975.75 करोड़ रुपये था. इस दौरान कंपनी की स्टैंडअलोन कुल आय भी घटकर 53662.15 करोड़ रुपये रह गई, जो वित्त वर्ष 2024 25 में 64343.09 करोड़ रुपये थी. Air India का मालिकाना हक Tata Group और Singapore Airlines के पास है.
Latest Stories
Rupee Rate: 95.95 पर फिसला रुपया, मजबूत डॉलर और महंगे तेल का दिखा असर
38 रुपए तक महंगी हुई Cigarette, इस कंपनी ने बढ़ा दिए दाम!
गोल्ड हॉलमार्किंग हुआ महंगा, 45 से बढ़कर 75 रुपये हुई फीस, क्या आपको भी देने होंगे ज्यादा पैसे
