दिल्ली में प्रॉपर्टी और इंटरनेट सबसे सस्ते, लेकिन नेट सैलरी सबसे कम; Deutsche Bank की रिपोर्ट में खुलासा
Deutsche Bank की 'Mapping the World's Prices 2026' रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली दुनिया के सबसे किफायती महानगरों में शामिल है. यहां प्रॉपर्टी, ब्रॉडबैंड इंटरनेट, किराया और रोजमर्रा का खर्च कई बड़े वैश्विक शहरों के मुकाबले कम है. हालांकि, नेट सैलरी के मामले में दिल्ली 69 शहरों में 66वें स्थान पर है.
Delhi Property Prices: अगर आप दिल्ली में रहते हैं, तो आपके लिए एक अच्छी और एक बुरी खबर है. अच्छी खबर यह है कि दुनिया के बड़े शहरों की तुलना में दिल्ली में घर खरीदना, इंटरनेट चलाना और रोजमर्रा का खर्च काफी सस्ता है. वहीं, बुरी खबर यह है कि यहां लोगों की नेट सैलरी भी दुनिया के प्रमुख शहरों के मुकाबले सबसे कम है. यह खुलासा Deutsche Bank की ‘Mapping the World’s Prices 2026’ रिपोर्ट में हुआ है.
दिल्ली को मिला 65वां स्थान
रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली दुनिया के उन प्रमुख शहरों में शामिल है, जहां प्रॉपर्टी की कीमतें अपेक्षाकृत कम हैं. शहर के प्रमुख इलाकों में रेजिडेंशियल प्रॉपर्टी की औसत कीमत 2,465 डॉलर (करीब 2.37 लाख रुपये) प्रति वर्ग मीटर है. इसी वजह से दिल्ली को इस सूची में 65वां स्थान मिला है. हालांकि, पिछले 10 वर्षों में डॉलर के हिसाब से यहां प्रॉपर्टी की कीमतों में 9.8 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि 2019 के बाद इनमें 15.7 फीसदी की रिकवरी भी हुई है.
इंटरनेट के मामले में सबसे सस्ती दिल्ली
रिपोर्ट के अनुसार, ब्रॉडबैंड इंटरनेट के मामले में दिल्ली दुनिया का सबसे सस्ता शहर है. यहां एक महीने का ब्रॉडबैंड कनेक्शन औसतन 7.3 डॉलर (करीब 703 रुपये) में उपलब्ध है, जो रिपोर्ट में शामिल 69 शहरों में सबसे कम है. इसके अलावा, शहर में कैपुचीनो कॉफी, ब्रांडेड जींस, यूटिलिटी सर्विसेज और मिड-रेंज रेस्टोरेंट में खाना भी दुनिया के कई बड़े शहरों की तुलना में काफी सस्ता है.
डेट पर जाना भी दुनिया में सबसे सस्ता
Deutsche Bank की रिपोर्ट में शामिल चीप डेट इंडेक्स के अनुसार, दिल्ली दुनिया का सबसे सस्ता प्रमुख शहर है. यहां दो लोगों के लिए एक सामान्य डेट पर होने वाला कुल खर्च 103 डॉलर (करीब 9,920 रुपये) है. इस गणना में वाइन की एक बोतल, एक जोड़ी जींस, एक ड्रेस, दो कॉफी, दो लोगों का खाना, दो सिनेमा टिकट, दो वन-वे ट्रांसपोर्ट टिकट और 5 किलोमीटर की टैक्सी राइड का खर्च शामिल किया गया है. तुलना करें, तो स्विट्जरलैंड के जिनेवा में यही खर्च 475 डॉलर (करीब 45,750 रुपये) है, जो दुनिया में सबसे अधिक है.
कम कीमतों के साथ कमाई भी सबसे कम
जहां एक तरफ दिल्ली में रहने का खर्च अपेक्षाकृत कम है, वहीं दूसरी ओर यहां लोगों की आय भी काफी कम है. रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली 69 शहरों में 66वें स्थान पर है. यहां औसत मासिक नेट सैलरी 538 डॉलर (करीब 51,800 रुपये) है, जो न्यूयॉर्क की औसत आय का केवल 10 फीसदी है.
रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 10 वर्षों में डॉलर के आधार पर दिल्ली की औसत नेट सैलरी में 17.7 फीसदी की गिरावट आई है. वहीं, 2019 की तुलना में भी इसमें 3.3 फीसदी की कमी दर्ज की गई है. दूसरी ओर, इस सूची में स्विट्जरलैंड का ज्यूरिख पहले स्थान पर है, जहां औसत मासिक नेट सैलरी 8,363 डॉलर (करीब 8.05 लाख रुपये) है.
क्वालिटी ऑफ लाइफ में नहीं मिली जगह
हालांकि, खर्च के मामले में दिल्ली दुनिया के सबसे सस्ते शहरों में शामिल है, लेकिन क्वालिटी ऑफ लाइफ के मामले में तस्वीर अलग है. रिपोर्ट में दिल्ली को शीर्ष 50 शहरों में भी जगह नहीं मिली. इस रैंकिंग में परचेजिंग पावर, सेफ्टी, हेल्थकेयर, कॉस्ट ऑफ लिविंग, हाउसिंग अफोर्डेबिलिटी, कम्यूट टाइम, पॉल्यूशन और क्लाइमेट जैसे मानकों को शामिल किया गया है.
किराया और दूसरी चीजें भी अपेक्षाकृत सस्ती
रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली के सिटी सेंटर में तीन बेडरूम वाले अपार्टमेंट का औसत मासिक किराया 685 डॉलर (करीब 65,970 रुपये) है. वहीं, Gym मेंबरशिप, ब्रांडेड जींस और समर ड्रेस जैसी कई रोजमर्रा की चीजों की कीमतों में पिछले एक दशक के दौरान डॉलर के आधार पर उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है.
रिपोर्ट यह भी बताती है कि दिल्ली में पेट्रोल की कीमतें डॉलर के हिसाब से लगभग न्यूयॉर्क के बराबर हैं. इसके बावजूद हाउसिंग, इंटरनेट, रेस्टोरेंट और अन्य दैनिक खर्चों के मामले में दिल्ली आज भी दुनिया के सबसे किफायती महानगरों में गिनी जाती है.
यह भी पढ़ें: इन 12 शेयरों ने 6 महीने में दिया 140 फीसदी तक रिटर्न, FIIs और रिटेल इन्वेस्टर्स ने बढ़ाई हिस्सेदारी; रखें नजर
Latest Stories
BPCL ने लॉन्च की Bharatgas Lite ZIP सर्विस, अब मिलेगा फटाफट LPG कनेक्शन; 15 अगस्त तक 100 शहरों में होगा विस्तार
52-वीक लो से 284% तक उछले ये 5 स्टॉक, BHEL से लेकर Vodafone Idea तक लिस्ट में शामिल; रखें नजर
Robert Kiyosaki on Gold Silver: सोना-चांदी में आएगी बड़ी तेजी, गिरावट में खरीदारी की सलाह
