BPCL ने लॉन्च की Bharatgas Lite ZIP सर्विस, अब मिलेगा फटाफट LPG कनेक्शन; 15 अगस्त तक 100 शहरों में होगा विस्तार

BPCL ने अपनी नई Bharatgas Lite ZIP सेवा लॉन्च की है, जिसके तहत ग्राहकों को Instant LPG Connection और Express Delivery की सुविधा मिलेगी. फिलहाल इसकी शुरुआत मुंबई से हुई है और 15 अगस्त 2026 तक इसे 24 राज्यों के 100 अतिरिक्त शहरों में शुरू किया जाएगा.

भारतगैस लाइट ZIP Image Credit: x.com/BPCLimited

Bharatgas Lite ZIP: देश की बड़ी सरकारी कंपनियों में शामिल ऑयल मार्केटिंग कंपनी Bharat Petroleum Corporation Ltd. (BPCL) ने अपने ग्राहकों के लिए नई प्रीमियम LPG सर्विस Bharatgas Lite ZIP लॉन्च की है. इस नई सुविधा के तहत ग्राहकों को इंस्टेंट न्यू कनेक्शन के साथ एक्सप्रेस डिलीवरी की सुविधा मिलेगी. कंपनी ने इसकी शुरुआत फिलहाल मुंबई से की है और 15 अगस्त 2026 तक इसे देश के 24 राज्यों के 100 अतिरिक्त शहरों में शुरू करने की योजना बनाई है. कंपनी के मुताबिक, Bharatgas Lite ZIP को मौजूदा समय की जीवनशैली को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है. इसका उद्देश्य ग्राहकों को आसान, सुरक्षित और तेज LPG सर्विस उपलब्ध कराना है.

क्या है Bharatgas Lite ZIP की खासियत?

Bharatgas Lite ZIP की सबसे बड़ी खासियत इसका भारतगैस लाइट कंपोजिट सिलेंडर है. पारंपरिक स्टील सिलेंडर की तुलना में यह काफी हल्का है, जिससे इसे उठाना और एक जगह से दूसरी जगह ले जाना आसान हो जाता है. इसके अलावा, यह कोरोजन-फ्री है, यानी इसमें जंग लगने की समस्या नहीं होती.

इस सिलेंडर में विजिबल गैस-लेवल इंडिकेटर भी दिया गया है, जिससे ग्राहक आसानी से देख सकते हैं कि सिलेंडर में कितनी गैस बची है. कंपनी का दावा है कि इसमें अतिरिक्त सेफ्टी फीचर्स और आधुनिक डिजाइन भी दिया गया है, जिससे यह प्रीमियम ग्राहकों के लिए बेहतर विकल्प बनता है.

15 अगस्त तक 100 शहरों में होगा विस्तार

ET की रिपोर्ट के मुताबिक, BPCL ने कहा है कि फिलहाल यह सेवा मुंबई में शुरू की गई है. इसके बाद 15 अगस्त 2026 तक इसे देश के 24 राज्यों के 100 और शहरों तक पहुंचाया जाएगा. कंपनी का मानना है कि इससे अधिक से अधिक परिवारों को तेज और सुविधाजनक LPG सर्विस का लाभ मिलेगा.

प्रीमियम LPG सेगमेंट में बढ़ी प्रतिस्पर्धा

BPCL की यह घोषणा ऐसे समय में आई है, जब कुछ दिन पहले Hindustan Petroleum Corporation Ltd. (HPCL) ने स्विगी इंस्टामार्ट के साथ साझेदारी कर क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए ऑन-डिमांड LPG सिलेंडर डिलीवरी की शुरुआत की थी. इस सेवा की शुरुआत बेंगलुरु से की गई है, जहां ग्राहकों को HP Navya नाम का 10 किलोग्राम का कंपोजिट सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है.

HPCL की इस सुविधा की खास बात यह है कि ग्राहक बिना किसी मौजूदा डोमेस्टिक LPG कनेक्शन के भी नया सिलेंडर ऑर्डर कर सकते हैं. यह सुविधा खासतौर पर छात्रों, वर्किंग प्रोफेशनल्स और छोटे परिवारों को ध्यान में रखकर शुरू की गई है.

अब तीनों सरकारी कंपनियों में बढ़ी होड़

BPCL के Bharatgas Lite ZIP लॉन्च होने के बाद अब देश की तीनों सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियां प्रीमियम और फास्ट डिलीवरी LPG सेगमेंट में अपनी मौजूदगी मजबूत करने में जुट गई हैं. कंपोजिट सिलेंडर, डिजिटल बुकिंग और तेज डिलीवरी जैसी सुविधाओं के जरिए कंपनियां ग्राहकों को बेहतर अनुभव देने की कोशिश कर रही हैं.

विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में क्विक कॉमर्स और प्रीमियम LPG सर्विसेज का दायरा तेजी से बढ़ सकता है. इससे ग्राहकों को अधिक विकल्प मिलेंगे, जबकि कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा भी और तेज होने की संभावना है.

यह भी पढ़ें: 100 रुपये का शेयर पहुंचा 240 रुपये के पार, फिर भी मुकुल अग्रवाल ने घटाई हिस्सेदारी; जानें क्या है वजह