फीफा वर्ल्ड कप में IPL से 24 गुना ज्यादा मिलेगा पैसा, यह रकम इतनी कि 16 बार हो जाए T20 विश्वकप

FIFA World Cup 2026 की विजेता टीम पर पैसों की बड़ी बारिश होने वाली है. विजेता को 50 मिलियन डॉलर यानी करीब 475 करोड़ रुपये की इनामी राशि मिलेगी, जो IPL 2026 की विजेता राशि से लगभग 24 गुना ज्यादा है. वहीं T20 World Cup 2026 के विजेता को 3 मिलियन डॉलर मिले थे. साथ ही समझिए कि दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल टूर्नामेंट में टीमों को कितनी बड़ी आर्थिक ताकत मिलती है.

FIFA World Cup 2026: खेल प्रेमियों के लिहाज से 2026 काफी अहम रहा है. फरवरी-मार्च में आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप का आयोजन हुआ था, जिसमें भारत ने खिताब अपने नाम किया था. वहीं, हाल ही में समाप्त हुए IPL 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने पहली बार ट्रॉफी जीती. अब खेल प्रेमियों के लिए फुटबॉल का महाकुंभ फीफा विश्व कप 2026 की शुरुआत 11 जून से होने जा रही है. 19 जुलाई तक चलने वाले इस टूर्नामेंट का आयोजन अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में किया जाएगा. एक के बाद एक बड़े खेल आयोजनों के बीच आइए जानते हैं कि T20 World Cup, IPL और फीफा विश्व कप में विजेता टीमों को कितनी पुरस्कार राशि मिली है और इस बार फीफा विश्व कप जीतने वाली टीम को कितनी इनामी राशि मिलेगी.

T20 World Cup विजेता टीम को कितना मिला था पैसा

भारत ने आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में अहमदाबाद में न्यूजीलैंड को हराकर खिताब जीता था. विजेता टीम को टूर्नामेंट के पुरस्कार पूल से 3 मिलियन डॉलर मिले थे, जो लगभग 27.48 करोड़ रुपये के बराबर हैं. वहीं, उपविजेता न्यूजीलैंड को 1.6 मिलियन डॉलर मिले थे, जो करीब 14.65 करोड़ रुपये के बराबर हैं. ICC ने टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी टीमों के बीच कुल पुरस्कार राशि का वितरण किया था, जिसकी कुल वैल्यू लगभग 120 करोड़ रुपये थी. इसके अलावा BCCI ने इस ऐतिहासिक जीत पर भारतीय टीम और सपोर्ट स्टाफ के लिए 131 करोड़ रुपये के बोनस का भी ऐलान किया था.

IPL विजेता को कितना मिला पुरस्कार

IPL 2026 के फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने गुजरात टाइटंस (GT) को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी. खिताब जीतने के साथ RCB को 20 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि मिली थी. BCCI ने IPL 2026 के लिए कुल 46.50 करोड़ रुपये का प्राइज पूल निर्धारित किया था. इस राशि का वितरण टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाली टॉप-4 टीमों के बीच उनकी रैंकिंग के आधार पर किया गया था.

फीफा विश्व कप 2026 के विजेताओं पर होगी पैसों की बारिश

फीफा विश्व कप 2026 की विजेता टीम को 50 मिलियन डॉलर की इनामी राशि दी जाएगी. भारतीय मुद्रा में यह राशि करीब 475 करोड़ रुपये बैठती है. यह रकम IPL 2026 की विजेता राशि से लगभग 24 गुना ज्यादा है. वहीं, उपविजेता टीम को 33 मिलियन डॉलर यानी करीब 313 करोड़ रुपये मिलेंगे. तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 29 मिलियन डॉलर, जबकि चौथे स्थान पर रहने वाली टीम को 27 मिलियन डॉलर की पुरस्कार राशि दी जाएगी.

फीफा विश्व कप की इनामी राशि को देखें तो केवल विजेता टीम को मिलने वाला पुरस्कार ही T20 विश्व कम 2026 और IPL के विजेता पुरस्कार से कई गुना अधिक है. यही वजह है कि फीफा विश्व कप को दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे ज्यादा कमाई वाला खेल आयोजन माना जाता है.

यह भी पढ़ें: अमेरिकी क्लाइंट को लगा झटका और टूटकर बिखर गया यह दिग्गज शेयर, एक साल में आ चुकी है 280% की तेजी