Jio IPO से AI तक… मुकेश अंबानी AGM में कर सकते हैं ये 4 बड़े ऐलान, निवेशकों की टिकी नजर?

रिलायंस इंडस्ट्रीज की 49वीं AGM पर निवेशकों की नजर टिकी है. माना जा रहा है कि मुकेश अंबानी Jio IPO, रिलायंस रिटेल IPO, ग्रीन एनर्जी, ग्रीन हाइड्रोजन और AI से जुड़े बड़े ऐलान कर सकते हैं. इसके अलावा कंपनी की भविष्य की रणनीति, पूंजी निवेश और ऑयल-टू-केमिकल्स कारोबार को लेकर भी महत्वपूर्ण अपडेट मिलने की उम्मीद है.

मुकेश अंबानी Image Credit: GettyImages

Reliance AGM 2026: रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) की 49वीं सालाना आम बैठक (AGM) शुक्रवार, 19 जून को होने जा रही है. हर साल की तरह इस बार भी निवेशकों को मुकेश अंबानी के बड़े ऐलानों का इंतजार है. सबसे ज्यादा चर्चा Jio IPO को लेकर है. इसके अलावा रिलायंस रिटेल के IPO, ग्रीन एनर्जी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और कंपनी की भविष्य की रणनीति पर भी बड़े अपडेट मिल सकते हैं. ऐसे में यह AGM सिर्फ शेयरधारकों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे बाजार के लिए अहम मानी जा रही है.

Jio IPO पर सबसे ज्यादा नजर

इस AGM में सबसे बड़ा सवाल जियो प्लेटफॉर्म के IPO को लेकर है. बाजार में चर्चा है कि कंपनी जल्द ही सेबी के पास IPO के लिए ड्राफ्ट पेपर (DRHP) दाखिल कर सकती है. फिलहाल रिलायंस के पास Jio Platforms में 66.43 फीसदी हिस्सेदारी है. वहीं Meta, Google और दूसरी ग्लोबल निवेशकों के पास बाकी 33.57% हिस्सेदारी में से 17.71% हिस्सा है.

क्या रिलायंस रिटेल IPO पर भी मिलेगी अपडेट?

मिंट की रिपोर्ट के मुताबिक, Jio की लिस्टिंग 2026-27 के दौरान हो सकती है. अगर AGM में इसकी समय-सीमा और संभावित वैल्यूएशन पर कोई जानकारी मिलती है, तो यह भारतीय शेयर बाजार की सबसे बड़ी लिस्टिंग में शामिल हो सकती है. इसके साथ ही रिलायंस रिटेल के IPO को लेकर भी तस्वीर साफ हो सकती है. कंपनी ने हालिया तिमाही में 87,344 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया है.

ग्रीन एनर्जी पर क्या है अगला प्लान?

जामनगर गीगा कॉम्प्लेक्स, बैटरी स्टोरेज और ग्रीन हाइड्रोजन प्रोजेक्ट्स पर भी बड़े ऐलान होने की उम्मीद है. कंपनी इन कारोबारों में लंबे समय के लिए बड़ा निवेश कर रही है. इसके अलावा अमेरिका-ईरान शांति समझौते के बाद ऑयल-टू-केमिकल्स (O2C) कारोबार के भविष्य पर भी मैनेजमेंट का नजरिया अहम रहेगा.

AI पर भी खुल सकता है बड़ा प्लान

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दौड़ में रिलायंस भी तेजी से आगे बढ़ रही है. माना जा रहा है कि AGM में कंपनी अपनी जनरेटिव AI रणनीति और संभावित ग्लोबल साझेदारियों का रोडमैप पेश कर सकती है. कंपनी एंटरप्राइज और आम ग्राहकों के लिए AI आधारित नई सेवाओं पर भी बड़ा अपडेट दे सकती है.

इसे भी पढ़ें- हर कमाई पर नहीं लगता टैक्स! ये 8 तरह की इनकम है पूरी तरह टैक्स फ्री, जानें कहीं आपकी भी तो नही