लगातार तीसरे दिन सस्ता हुआ सोना, चांदी की कीमतों में ₹6660 की गिरावट; जानें- कितने पर आ गया भाव

Gold-Silver Price Today: यह गिरावट इसलिए आई क्योंकि घरेलू शेयर बाजार मजबूत बने रहे और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया मजबूत हुआ. अमेरिका और ईरान के बीच अंतरिम शांति समझौते की दिशा में हुई प्रगति से भू-राजनीतिक जोखिम और महंगाई की चिंताएं कम हुई हैं.

सोना-चांदी की कीमतें Image Credit: AI/Money9live

Gold-Silver Price Today: गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमतों में लगातार तीसरे दिन गिरावट आई. सोना 960 रुपये गिरकर 1.53 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि चांदी की कीमत में 6,660 रुपये की गिरावट दर्ज की गई. शेयर बाजार में तेजी के कारण कीमती मेटल्स की ‘सुरक्षित निवेश’वाली अपील कम हो गई.

सोने का भाव

ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के अनुसार, 99.9 फीसदी प्योरिटी वाले सोने की कीमत 960 रुपये घटकर 1,53,440 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) हो गई, जबकि बुधवार को यह 1,54,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था.

चांदी में गिरावट

चांदी पर भी भारी बिकवाली का दबाव देखा गया और इसकी कीमत 6,660 रुपये गिरकर 2,48,740 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) हो गई. पिछले सत्र में चांदी 2,55,400 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी.

सोने-चांदी में क्यों आई गिरावट?

जानकारों का कहना है कि यह गिरावट इसलिए आई क्योंकि घरेलू शेयर बाजार मजबूत बने रहे और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया मजबूत हुआ. इससे निवेशकों ने वैश्विक स्तर पर कीमती मेटल्स की कीमतों में मामूली सुधार के बावजूद बुलियन (सोना-चांदी) से अपना पैसा निकालकर दूसरी जगह लगाना शुरू कर दिया.

बाजार के जानकारों ने अमेरिकी फेडरल रिजर्व के हालिया नीतिगत फैसले और नए फेड चेयरमैन केविन वॉर्श की टिप्पणियों के असर का भी आकलन किया.

केविन वॉर्श के संकेत

LKP सिक्योरिटीज के कमोडिटी और करेंसी रिसर्च एनालिस्ट (VP) जतिन त्रिवेदी ने कहा, ‘फेडरल रिजर्व की नीतिगत घोषणा के बाद सोने की कीमतों में भारी गिरावट देखी गई, क्योंकि नए फेड चेयरमैन केविन वॉर्श की टिप्पणियों से संकेत मिला कि अगर अमेरिकी अर्थव्यवस्था मजबूत बनी रहती है, तो 2026 में ब्याज दरों में एक बार बढ़ोतरी हो सकती है.’

उन्होंने कहा कि फेड के स्थिर आर्थिक ग्रोथ और मजबूत लेबर मार्केट के आकलन ने डॉलर को मजबूत किया और बुलियन की कीमतों पर दबाव डाला.

ग्लोबल मार्केट में गोल्ड और सिल्वर के भाव

वैश्विक स्तर पर, स्पॉट गोल्ड की कीमत मामूली बढ़कर 4,266.47 डॉलर प्रति औंस हो गई, जबकि चांदी की कीमत 0.38 प्रतिशत बढ़कर 68.17 डॉलर प्रति औंस हो गई.

अमेरिका-ईरान के बीच समझौता

यह बढ़ोतरी तब हुई जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके ईरानी समकक्ष मसूद पेजेशकियन ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत के लिए एक रूपरेखा तैयार करने और तनाव खत्म करने के मकसद से एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर डिजिटल रूप से हस्ताक्षर किए.

महंगाई की चिंताएं कम हुईं

HDFC सिक्योरिटीज में कमोडिटीज के सीनियर एनालिस्ट सौमिल गांधी ने कहा, ‘अमेरिका और ईरान के बीच अंतरिम शांति समझौते की दिशा में हुई प्रगति से भू-राजनीतिक जोखिम और महंगाई की चिंताएं कम हुई हैं, जिससे बुलियन (कीमती धातुओं) को कुछ सहारा मिला है.’

यह भी पढ़ें: Nifty Outlook June 19: चार्ट पर बनी बुल कैंडल, जानें- इमीडिएट सपोर्ट लेवल; शुक्रवार को कैसी रहेगी निफ्टी की चाल?