Blinkit को प्लेटफॉर्म पर खराब दही बेचना पड़ा भारी, FSSAI ने कंपनी से मांगा जवाब

फूड सेफ्टी रेगुलेटर FSSAI ने Blinkit से जवाब मांगा है. एक ग्राहक ने शिकायत की है कि प्लेटफॉर्म से मंगाया गया दही खाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई. शिकायत के मुताबिक उसे पेट दर्द और दस्त की परेशानी हुई और इलाज कराना पड़ा. मामले के बाद FSSAI ने कंपनी से स्पष्टीकरण और एक्शन टेकन रिपोर्ट मांगी है.

फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया

फूड सेफ्टी रेगुलेटर FSSAI ने क्विक कॉमर्स कंपनी Blinkit से जवाब मांगा है. यह कदम एक शिकायत मिलने के बाद उठाया गया है जिसमें एक ग्राहक ने आरोप लगाया कि प्लेटफॉर्म से मंगाया गया दही खाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई. शिकायत के अनुसार ग्राहक को तेज पेट दर्द और दस्त की परेशानी हुई जिसके बाद उसे इलाज कराना पड़ा. इस मामले में मेडिकल पर्ची भी शिकायत के साथ जमा की गई है. अब फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने कंपनी से जवाब और एक्शन टेकन रिपोर्ट मांगी है.

दही खाने के बाद बिगड़ी ग्राहक की तबीयत

मामला उस समय सामने आया जब एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई कि उसने Blinkit ऐप से दही ऑर्डर किया था. शिकायत के मुताबिक दही खाने के कुछ समय बाद ही उसकी तबीयत खराब हो गई. उसे तेज पेट दर्द और दस्त की परेशानी हुई. हालत बिगड़ने पर उसे मेडिकल मदद लेनी पड़ी. ग्राहक ने इसकी लिखित शिकायत FSSAI को भेजी.

FSSAI ने Blinkit से मांगा जवाब

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, FSSAI ने 29 मई को Blink Commerce Pvt Ltd के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और संचालन से जुड़े अधिकारियों को पत्र भेजा. इसमें कंपनी से इस मामले पर जवाब मांगा गया है. साथ ही पूरे मामले में क्या कार्रवाई की गई इसकी रिपोर्ट भी मांगी गई है.

पहले भी मिल चुकी हैं कई शिकायतें

रिपोर्ट के मुताबिक, FSSAI को हाल के समय में Blinkit प्लेटफॉर्म को लेकर कई शिकायतें मिली हैं. इनमें खराब, अस्वच्छ या खराब हालत में फूड आइटम की डिलीवरी की बात कही गई है. कुछ शिकायतें सोशल मीडिया के जरिए सामने आईं जबकि कुछ सीधे दर्ज कराई गईं. इससे पहले भी खराब क्वालिटी के अंडों की बिक्री को लेकर कंपनी से जवाब मांगा गया था.

फूड बिजनेस ऑपरेटर पर होती है जिम्मेदारी

खाद्य सुरक्षा कानून के तहत किसी भी फूड बिजनेस ऑपरेटर की जिम्मेदारी होती है कि वह सुरक्षित फूड आइटम ग्राहकों तक पहुंचाए. कानून के मुताबिक फूड आइटम के मैन्युफैक्चिरिंग, स्टोरेज और डिस्ट्रीब्यूशन की जिम्मेदारी कंपनी की होती है. FSSAI इसी नियम के तहत इस मामले की जांच कर रहा है. अगर किसी तरह की लापरवाही मिलती है तो आगे कार्रवाई हो सकती है.

यह भी पढ़ें- तेल मार्केट में बड़ा उलटफेर! 3 महीने में पहली बार 100 डॉलर से नीचे फिसला इंडियन ऑयल बास्केट

फूड सेफ्टी को लेकर सख्त है रेगुलेटर

हाल के समय में FSSAI खाद्य सुरक्षा को लेकर लगातार सख्ती दिखा रहा है. हाल ही में रेगुलेटर ने आईआरसीटीसी को भी नोटिस जारी किया था. सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में ट्रेन के टॉयलेट एरिया में बर्तन धोते हुए दिखाया गया था. इसके बाद FSSAI ने खुद संज्ञान लिया था. अब Blinkit मामले में भी नियामक पूरी जानकारी जुटा रहा है.