Gold-Silver Price Today 06-03-2026: मिडिल ईस्ट तनाव के बीच सोने-चांदी की चमक बढ़ी, गोल्ड ₹1.61 लाख के पार, चांदी ₹6000 से ज्यादा महंगी
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ी, जिससे सोना-चांदी की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला. MCX पर गोल्ड ₹1.61 लाख प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गया, जबकि चांदी ₹6,000 से ज्यादा उछल गई. डॉलर की कमजोरी और बढ़ती भू-राजनीतिक अनिश्चितता के कारण निवेशक सोना-चांदी जैसे सेफ हेवन एसेट्स की ओर रुख कर रहे हैं.
Gold-Silver Rate Today: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ने से सोना और चांदी की कीमतों में मजबूती देखने को मिली. कीमती धातुओं की चमक लगातार बढ़ती जा रही है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में मजबूती के चलते भारतीय कमोडिटी बाजार MCX पर भी सोना और चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिली.
MCX पर अप्रैल फ्यूचर्स के लिए सोने की कीमत 0.85% बढ़कर 1,61,040 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला. इससे पहले यह 1,59,673 रुपये पर बंद हुआ था. शुरुआती कारोबार में इसका इंट्रा डे हाई 161250 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया. वहीं मई फ्यूचर्स के लिए चांदी की कीमत 5,759 रुपये यानी 2.19% बढ़कर 2,67,950 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई. पिछले सत्र में यह 2,62,191 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी. अभी तक ये 268991 रुपये प्रति किलो तक उछली है. 6 फरवरी को सोना करीब 1200 रुपये और चांदी लगभग 6000 रुपये से ज्यादा महंगी हुई है.
ग्लोबल लेवल पर हल्की बढ़त
अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड हल्की बढ़त के साथ कारोबार करता दिखा. स्पॉट गोल्ड आज 0.16 फीसदी की बढ़त के साथ 5,131.83 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता नजर आया, जबकि स्पॉट सिल्वर में 1.49 फीसदी की तेजी देखने को मिली, जिससे यह 84.36 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया.
रिटेल लेवल पर भी तेजी
रिटेल लेवल पर देखें तो बुलियन वेबसाइट के मुताबिक 24 कैरेट सोना 910 रुपये महंगा होकर 161,390 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. वहीं चांदी के रेट 5010 रुपये बढ़कर 267,730 रुपये प्रति किलो हो गए हैं.
इस साल अब तक सोने की कीमतों में करीब 18% की तेजी आ चुकी है. वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता और भू-राजनीतिक तनाव के कारण सोना लगातार नए रिकॉर्ड स्तर छूता रहा है.
डॉलर की कमजोरी से सपोर्ट
मिडिल ईस्ट तनाव के अलावा डॉलर इंडेक्स में गिरावट भी सोने और चांदी की कीमतों को सहारा दे रही है. चूंकि इनकी कीमत डॉलर में तय होती है, इसलिए डॉलर कमजोर होने पर अन्य मुद्राओं वाले निवेशकों के लिए बुलियन सस्ता हो जाता है. इससे मांग बढ़ने लगती है.
बिगड़ते हालात से बढ़ी मांग
मिडिल ईस्ट में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है. ताजा घटनाक्रम में ईरान ने इजराइल, संयुक्त अरब अमीरात और कतर पर कई हमले किए हैं. वहीं अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और मिडिल ईस्ट में अमेरिकी सेनाओं के प्रमुख एडमिरल ब्रैड कूपर ने कहा है कि अमेरिका के पास लंबे समय तक हमले जारी रखने के लिए पर्याप्त हथियार मौजूद हैं. इन हालातों के कारण वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता बढ़ गई है, जिससे निवेशक सुरक्षित विकल्प के तौर पर सोना और चांदी की ओर रुख कर रहे हैं.
अन्य कीमती धातुओं में भी तेजी
सोना-चांदी के अलावा दूसरी कीमती धातुओं में भी हल्की बढ़त देखने को मिली. स्पॉट प्लेटिनम 0.1% बढ़कर 2,124.05 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया. वहीं पैलेडियम की कीमत 1.1% चढ़कर 1,639.78 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती दिखी.
