TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

Gold Price: एक बार फिर डेढ़ लाख रुपये के करीब सोना, धनतरेस से पहले बढ़ गई कीमत; चांदी भी हुई महंगी

Gold Price Today: त्योहारी सीजन में यह तेजी ऐसे समय में आई है, जब पिछले साल की तुलना में कीमती धातुओं की कीमतों में भारी उछाल आया है. पिछले साल 18 अक्टूबर को मनाए गए धनतेरस के दिन, सोने की कीमत 1,32,400 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी की कीमत 1.7 लाख रुपये प्रति किलोग्राम थी.

सोने की कीमतें

Highlights

  • निवेश की मांग ने भी खरीदारी के रुझान को बढ़ावा दिया है.
  • पिछले साल धनतेरस के दिन, सोने की कीमत 1,32,400 रुपये प्रति 10 ग्राम थी.
  • स्पॉट गोल्ड 65.12 डॉलर बढ़कर 4,125.25 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस हो गया.

Gold Price Today: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को सोने की कीमतों में लगातार दूसरे दिन तेजी देखी गई. धनतेरस के त्योहार से पहले जौहरियों और खुदरा विक्रेताओं की ओर से खरीदारी बढ़ने के कारण सोने की कीमत 2,200 रुपये बढ़कर 1.48 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई. ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, 99.9 फीसदी प्योरिटी वाले सोने की कीमत 2,200 रुपये बढ़कर 1,48,800 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) हो गई. बुधवार को यह 1,46,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था.

चांदी की कीमतों में उछाल

चांदी की कीमतों में भी तेजी जारी रही और यह 1,500 रुपये बढ़कर 1,94,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) हो गई, जबकि पिछले सत्र में इसकी कीमत 1,93,000 रुपये प्रति किलोग्राम थी.

व्यापारियों ने बताया कि शुक्रवार को धनतेरस (जो कीमती धातुओं की खरीदारी के लिए एक शुभ अवसर माना जाता है) और उसके बाद रविवार को दिवाली आने के कारण जौहरियों, खुदरा विक्रेताओं और स्टॉक रखने वालों (स्टॉकिस्टों) ने खरीदारी तेज कर दी है. उन्होंने कहा कि निवेश की मांग ने भी खरीदारी के रुझान को बढ़ावा दिया है.

पिछले धनतेरस पर सोने की की कीमत

त्योहारी सीजन में यह तेजी ऐसे समय में आई है, जब पिछले साल की तुलना में कीमती धातुओं की कीमतों में भारी उछाल आया है. पिछले साल 18 अक्टूबर को मनाए गए धनतेरस के दिन, सोने की कीमत 1,32,400 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी की कीमत 1.7 लाख रुपये प्रति किलोग्राम थी.

सोने की कीमतों में क्यों आई तेजी?

मोनार्क पीएमएस (Monarch PMS) के असिस्टेंट फंड मैनेजर ध्रुव जोगलेकर ने बताया कि तब से सोने की कीमतों में लगभग 13 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है और घरेलू बाजार में इसकी कीमत 1.40 लाख से 1.48 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के दायरे में रही है. उन्होंने आगे कहा कि काफी उतार-चढ़ाव वाले इस साल में सोने से मिलने वाला रिटर्न पूंजी सुरक्षा के सामान्य मानकों से कहीं बेहतर रहा है.

ग्लोबल मार्केट में गोल्ड-सिल्वर की कीमत

वैश्विक स्तर पर, स्पॉट गोल्ड 65.12 अमेरिकी डॉलर यानी लगभग 2 फीसदी बढ़कर 4,125.25 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस हो गया, जो 4,100 अमेरिकी डॉलर के स्तर को पार कर गया है. चांदी की कीमत भी 1 फीसदी बढ़कर 52.73 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस हो गई.

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट

मिराए एसेट शेरखान में कमोडिटीज के प्रमुख प्रवीण सिंह ने बताया कि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बीच स्पॉट गोल्ड की कीमत 4,127 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस की ओर बढ़ गई. ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि ऐसी अटकलें हैं कि अमेरिका, ईरान के साथ चल रहे विवाद को जल्द सुलझाने की कोशिश कर सकता है.

ईरान के साथ समझौते की उम्मीद

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस ने मध्यावधि चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी के खराब प्रदर्शन के लिए ईरान विवाद को जिम्मेदार ठहराया. इससे यह उम्मीदें बढ़ गई हैं कि ट्रंप प्रशासन तेहरान के साथ किसी समझौते पर विचार कर सकता है. सिंह ने कहा कि भू-राजनीतिक तनाव कम होने की संभावना और युद्ध के लिए फंडिंग को लेकर चिंताओं का असर तेल की कीमतों पर पड़ा है.

यह भी पढ़ें: LIC Q2 Results: मुनाफे में 20 फीसदी का उछाल, ₹12115 करोड़ पर पहुंचा प्रॉफिट; नतीजों में क्या रहा खास?