TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

Bharti Airtel Q2 Results: मुनाफे में 31% का उछाल, रेवेन्यू 17% बढ़ा; ARPU से लेकर ग्राहकों तक, क्या कह रहे आंकड़े

Bharti Airtel का सितंबर तिमाही में कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 31% बढ़कर 8,887.5 करोड़ रुपये रहा. रेवेन्यू 16.7% बढ़कर 60,878 करोड़ रुपये पहुंच गया. कंपनी का ARPU 271 रुपये रहा. पोस्टपेड सेगमेंट में रिकॉर्ड 12 लाख ग्राहक जुड़े.

भारती एयरटेल

Highlights

  • Q2 FY27 में Bharti Airtel का मुनाफा 31% बढ़कर 8,887.5 करोड़ रुपये रहा.
  • कंपनी का ARPU 256 रुपये से बढ़कर 271 रुपये हो गया.
  • पोस्टपेड सेगमेंट में 12 लाख नए ग्राहक जुड़े, जो एक तिमाही में अब तक की सबसे बड़ी बढ़ोतरी है.

टेलीकॉम सेक्टर की दिग्गज कंपनी Bharti Airtel ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (Q2 FY27) के नतीजे जारी कर दिए हैं. सितंबर तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 31% बढ़कर 8,887.5 करोड़ रुपये हो गया. पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 6,791.6 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था. इस दौरान कंपनी के रेवेन्यू में भी अच्छी बढ़ोतरी हुई. सितंबर तिमाही में Bharti Airtel का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 16.7% बढ़कर 60,878 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले 52,145 करोड़ रुपये था.

कंपनी के भारतीय मोबाइल कारोबार में भी बढ़त दर्ज की गई. इस दौरान प्रति ग्राहक औसत कमाई यानी ARPU बढ़कर 271 रुपये हो गई, जो पिछले साल की समान तिमाही में 256 रुपये थी. कंपनी के ऑपरेटिंग प्रदर्शन में भी मजबूती देखने को मिली.

EBITDA में 17.8% की बढ़ोतरी, भारत का रेवेन्यू 42,308 करोड़ रुपये

सितंबर तिमाही में Bharti Airtel का EBITDA सालाना आधार पर 17.8% बढ़कर 35,240 करोड़ रुपये हो गया. पिछले साल की समान तिमाही में यह 29,919 करोड़ रुपये था. कंपनी का भारत से रेवेन्यू 9.4% बढ़कर 42,308 करोड़ रुपये रहा. कंपनी के मुताबिक, भारतीय मोबाइल कारोबार को ग्राहकों के प्रीमियम प्लान की ओर बढ़ने, ARPU में बढ़ोतरी और स्मार्टफोन डेटा ग्राहकों की संख्या में अच्छी बढ़ोतरी से सपोर्ट मिला.

Homes बिजनेस का रेवेन्यू 25.3% बढ़ा

कंपनी के Homes बिजनेस ने भी दूसरी तिमाही में अच्छी ग्रोथ दर्ज की. इस सेगमेंट का रेवेन्यू सालाना आधार पर 25.3% बढ़ा. तिमाही के दौरान इसमें 6.76 लाख नए ग्राहक जुड़े. इसके साथ ही Homes बिजनेस का कुल ग्राहक आधार बढ़कर 1.54 करोड़ हो गया.

वहीं, Airtel Business के रेवेन्यू में सालाना आधार पर 11.4% की बढ़ोतरी हुई. कंपनी के मुख्य कनेक्टिविटी कारोबार और डिजिटल सर्विसेज पोर्टफोलियो में बढ़त से इस सेगमेंट को फायदा मिला. डिजिटल टीवी कारोबार का रेवेन्यू 2.4% बढ़कर 771 करोड़ रुपये रहा. इसमें IPTV सेवाओं को अपनाने वाले ग्राहकों की बढ़ती संख्या का योगदान रहा.

अफ्रीका कारोबार का रेवेन्यू 25.7% बढ़ा

अफ्रीका में भी कंपनी का कारोबार मजबूत रहा. रिपोर्टेड करेंसी में इस क्षेत्र का रेवेन्यू सालाना आधार पर 25.7% बढ़ा, जबकि कॉन्स्टेंट करेंसी में इसमें 20.6% की बढ़ोतरी हुई. इस कारोबार का ग्राहक आधार 19.39 करोड़ रहा.

कंपनी के वाइस एग्जीक्यूटिव चेयरमैन गोपाल विट्टल ने कहा कि अफ्रीका में लगातार ग्रोथ देखने को मिली है. कॉन्स्टेंट करेंसी के आधार पर इस कारोबार का रेवेन्यू पिछली तिमाही के मुकाबले 6.7% बढ़ा. उन्होंने इस सुधार के पीछे अलग-अलग बाजारों में कंपनी की अपनी टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल को भी एक वजह बताया.

पोस्टपेड ग्राहकों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी

कंपनी के ऑपरेशनल प्रदर्शन की बात करें तो सितंबर तिमाही में 29 लाख नए स्मार्टफोन डेटा ग्राहक जुड़े. इसके साथ ही कंपनी के कुल मोबाइल ग्राहकों में स्मार्टफोन डेटा ग्राहकों की हिस्सेदारी बढ़कर 81% हो गई. पिछले एक साल में ऐसे ग्राहकों की संख्या में 1.88 करोड़ की बढ़ोतरी हुई.

पोस्टपेड सेगमेंट में कंपनी ने तिमाही के दौरान 12 लाख नए ग्राहक जोड़े. यह किसी एक तिमाही में अब तक की सबसे बड़ी बढ़ोतरी है. इसके साथ ही कंपनी का कुल पोस्टपेड ग्राहक आधार बढ़कर 3.12 करोड़ हो गया. इस दौरान प्रति ग्राहक हर महीने मोबाइल डेटा की खपत सालाना आधार पर 36.5% बढ़कर 36.5 GB हो गई.

नेटवर्क विस्तार के तहत कंपनी ने तिमाही में 497 नए टावर और 11,684 मोबाइल ब्रॉडबैंड बेस स्टेशन जोड़े. पिछले एक साल में कंपनी ने 5,649 अतिरिक्त टावर लगाए और 44,718 किलोमीटर फाइबर नेटवर्क का विस्तार किया. भारत और अफ्रीका में ग्राहकों की संख्या में बढ़ोतरी के दम पर 15 देशों में काम कर रही Airtel का कुल ग्राहक आधार बढ़कर 69.3 करोड़ हो गया. तिमाही के दौरान भारत और अफ्रीका में कुल 1.2 करोड़ नए ग्राहक जुड़े.

कंपनी ने डेटा सेंटर कारोबार के लिए किया निवेश

Bharti Airtel ने सितंबर तिमाही में कुल 12,467 करोड़ रुपये का कैपिटल एक्सपेंडिचर किया. इसमें से 9,908 करोड़ रुपये का निवेश भारत में किया गया. इसके अलावा कंपनी ने देश में डेटा सेंटर विस्तार की योजना के तहत एक रणनीतिक जमीन के टुकड़े में 2,826 करोड़ रुपये का निवेश किया.

कंपनी की बैलेंस शीट में भी सुधार हुआ है. सालाना आधार पर कंसोलिडेटेड नेट डेट-टू-EBITDA अनुपात 30 सितंबर 2025 के 1.63 से घटकर 1.18 पर आ गया. वहीं, लीज से जुड़ी देनदारियों को हटाने के बाद नेट डेट-टू-EBITDAaL अनुपात 0.70 रहा.

नतीजों के बाद कैसा रहा शेयर का प्रदर्शन?

Bharti Airtel के शेयर में गुरुवार को गिरावट दर्ज की गई. NSE पर कंपनी का शेयर 0.52% गिरकर 2,056.90 रुपये पर बंद हुआ. पिछले कारोबारी सत्र में इसका बंद भाव 2,056.60 रुपये था. कारोबार के दौरान शेयर ने 2,048 रुपये का निचला और 2,084 रुपये का ऊपरी स्तर छुआ.

इस साल अब तक कंपनी के शेयर में करीब 3% की गिरावट आई है. मौजूदा भाव के आधार पर Bharti Airtel का मार्केट कैप करीब 12.84 लाख करोड़ रुपये रहा.

इसे भी पढ़ें- सोने की कीमत में आने लगा उछाल, Dhanteras पर ज्वैलर्स को 12% तक सेल्स बढ़ने की उम्मीद