अब अगले दिन पहुंचेगा पार्सल, India Post ने शुरू की ’24 Speed Post’ सर्विस, इन 6 शहरों में मिलेगी डिलीवरी
India Post ने नई ‘24 Speed Post’ सेवा शुरू करने का ऐलान किया है, जिसके तहत दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद के बीच पार्सल की अगले दिन गारंटीड डिलीवरी दी जाएगी. यह सेवा 17 मार्च से शुरू होगी और इसमें OTP डिलीवरी व रियल-टाइम ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं मिलेंगी.
India Post: देश में तेजी से बढ़ते ई-कॉमर्स और पार्सल डिलीवरी की मांग को देखते हुए अब डाक विभाग भी अपनी सर्विस को और तेज बनाने की दिशा में कदम उठा रहा है. इसी कड़ी में इंडिया पोस्ट एक नई और तेज डाक सेवा शुरू करने जा रहा है. इस नई सर्विस का नाम 24 स्पीड पोस्ट रखा गया है.
इस सर्विस के जरिए ग्राहकों को अगले ही दिन पार्सल डिलीवरी की सुविधा देने का लक्ष्य रखा गया है. इंडिया पोस्ट की यह नई सेवा 17 मार्च से शुरू की जाएगी. इसे केंद्रीय संचार मंत्री Jyotiraditya Scindia नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में लॉन्च करेंगे. इस मौके पर संचार राज्य मंत्री Chandra Sekhar Pemmasani भी मौजूद रहेंगे.
शुरुआत में इन छह शहरों में सेवा
- नई 24 स्पीड पोस्ट सेवा शुरुआत में देश के छह बड़े शहरों में उपलब्ध होगी.
- इनमें Delhi, Mumbai, Chennai, Kolkata, Bengaluru और Hyderabad शामिल हैं.
- इन शहरों के बीच भेजे गए पार्सल अगले दिन पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है.
क्या होंगी इस सेवा की खास बातें
इस सेवा में समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रोसेसिंग और एयर ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल किया जाएगा. इसके अलावा ग्राहकों को OTP आधारित सुरक्षित डिलीवरी, SMS अलर्ट के साथ ट्रैकिंग और डिलीवरी में देरी होने पर मनी बैक गारंटी जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी.
कारोबारियों के लिए अतिरिक्त सुविधा
व्यापार करने वाली कंपनियों को इस सेवा में कुछ अतिरिक्त सुविधाएं भी दी जाएंगी. इनमें Buy Now Pay Later बिलिंग, बड़े पार्सल के लिए फ्री पिकअप, API इंटीग्रेशन और केंद्रीकृत बिलिंग सिस्टम जैसी सुविधाएं शामिल हैं. सरकार का मानना है कि इस नई सेवा से इंडिया पोस्ट तेज डिलीवरी सेवाओं के क्षेत्र में अपनी स्थिति और मजबूत कर सकेगा.
यह भी पढ़ें: 100 साल पुरानी कंपनी को अगले 10 साल के लिए मिला मेगा ऑर्डर, रेखा झुनझुनवाला का है 8% स्टेक, शेयर पर टूट पड़े निवेशक
