14 मार्च से ₹2300 तक महंगा होगा IndiGo का टिकट, जेट फ्यूल बढ़ने से एयरलाइन ने लगाया नया चार्ज
मिडिल ईस्ट में बढ़ते जियो पॉलिटिकल टेंशन और जेट फ्यूल की कीमतों में तेजी के बीच इंडिगो ने टिकटों पर नया फ्यूल चार्ज लगाने का फैसला किया है. 14 मार्च से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर 425 रुपये से लेकर 2300 रुपये तक अतिरिक्त शुल्क लिया जाएगा. एयरलाइन के मुताबिक एविएशन टरबाइन फ्यूल की बढ़ती लागत के कारण यह कदम उठाया गया है, जिससे हवाई किराए में बढ़ोतरी होगी.
IndiGo Levy Fuel Charges: मिडिल ईस्ट में जारी अमेरिका-इजरायल-ईरान युद्ध का असर अब हवाई यात्रा पर भी दिखने लगा है. देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो (IndiGo) ने टिकटों पर नया फ्यूल चार्ज लगाने का फैसला किया है. कंपनी ने घोषणा की है कि 14 मार्च से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के टिकटों पर 425 रुपये से लेकर 2300 रुपये तक का अतिरिक्त शुल्क लिया जाएगा. जेट फ्यूल की कीमतों में तेज उछाल के बाद एयरलाइन ने यह कदम उठाया है. एयरलाइन के मुताबिक, बढ़ती लागत के दबाव को देखते हुए यह फ्यूल चार्ज लागू किया जा रहा है, जिससे आने वाले दिनों में यात्रियों के लिए हवाई यात्रा कुछ महंगी हो सकती है.
425 से 2300 रुपये तक देना होगा फ्यूल चार्ज
इंडिगो ने बताया कि अलग-अलग रूट्स के हिसाब से फ्यूल चार्ज तय किया गया है-
- घरेलू उड़ानें और भारतीय उपमहाद्वीप के रूट्स: 425 रुपये
- मिडिल ईस्ट की उड़ानें: 900 रुपये
- दक्षिण-पूर्व एशिया, चीन, अफ्रीका और वेस्ट एशिया: 1800 रुपये
- यूरोप की उड़ानें: 2300 रुपये
इस अतिरिक्त शुल्क के कारण टिकट की कुल कीमत बढ़ जाएगी, जिसका सीधा असर यात्रियों की जेब पर पड़ेगा.
जेट फ्यूल की कीमतों में तेज उछाल
एयरलाइन इंडस्ट्री में एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) सबसे बड़ा खर्च होता है. आमतौर पर किसी भी एयरलाइन की कुल ऑपरेशनल लागत का करीब 40 फीसदी हिस्सा ईंधन पर खर्च होता है. इंडिगो का कहना है कि मिडिल ईस्ट में जारी जियो पॉलिटिकल टेंशन के कारण कच्चे तेल और जेट फ्यूल की कीमतों में तेजी आई है. इसी वजह से एयरलाइनों की लागत अचानक बढ़ गई है, जिसके चलते यह अतिरिक्त शुल्क लगाना पड़ा.
यात्रियों पर बोझ कम रखने की कोशिश
कंपनी ने अपने बयान में कहा कि ईंधन की कीमतों में आई तेज बढ़ोतरी का पूरा असर टिकट कीमतों में शामिल किया जाए तो किराए में काफी बड़ी बढ़ोतरी करनी पड़ती. लेकिन यात्रियों पर ज्यादा बोझ न पड़े, इसलिए फिलहाल अपेक्षाकृत कम फ्यूल चार्ज लागू किया गया है. एयरलाइन के मुताबिक यह कदम लागत के दबाव को आंशिक रूप से संतुलित करने के लिए उठाया गया है.
Air India भी लगा चुकी है फ्यूल सरचार्ज
गौरतलब है कि इंडिगो अकेली एयरलाइन नहीं है जिसने यह कदम उठाया है. 10 मार्च को एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी टिकटों पर फ्यूल सरचार्ज लगाने की घोषणा कर चुके हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि अगर कच्चे तेल और जेट फ्यूल की कीमतें इसी तरह ऊंचे स्तर पर बनी रहती हैं तो आने वाले समय में अन्य एयरलाइंस भी किराए बढ़ा सकती हैं.
ये भी पढ़ें- होर्मुज संकट के बाद भी अमेरिका को क्यों नहीं तेल की टेंशन, क्या गुजरने वाले जहाज देते हैं टोल टैक्स?
