ललित मोदी हर हफ्ते खर्च करते हैं 12 करोड़, कहां से आता है इतना पैसा, जानें क्या है कमाई का जरिया
IPL के संस्थापक रहे ललित मोदी का नाम भले ही विवादों से जुड़ा रहा हो, लेकिन उनका संबंध देश के सबसे बड़े कारोबारी परिवारों में से एक से है. आइए जानते हैं कि ललित मोदी की कमाई के प्रमुख सोर्स क्या हैं, उनका फैमिली बिजनेस कितना बड़ा है और उनकी कुल नेटवर्थ कितनी है.

Lalit Modi Net Worth: भारत छोड़ने के 16 साल बाद भी ललित मोदी की लग्जरी लाइफस्टाइल चर्चा में बनी हुई है. हाल ही में दिए गए एक इंटरव्यू में उन्होंने दावा किया कि वह हर हफ्ते 10 से 12 करोड़ रुपये तक खर्च कर देते हैं और यह रकम उनके लिए कोई बड़ी बात नहीं है. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर ललित मोदी के पास इतना पैसा कहां से आता है. IPL के संस्थापक रहे ललित मोदी का नाम भले ही विवादों से जुड़ा रहा हो, लेकिन उनका संबंध देश के सबसे बड़े कारोबारी परिवारों में से एक से है. आइए जानते हैं कि ललित मोदी की कमाई के प्रमुख सोर्स क्या हैं, उनका फैमिली बिजनेस कितना बड़ा है और उनकी कुल नेटवर्थ कितनी है.
दादा ने रखी थी कारोबारी साम्राज्य की नींव
ललित मोदी के दादा राय बहादुर गुजरमल मोदी अपने समय के बड़े उद्योगपति थे. उन्होंने 1933 में एक चीनी मिल की शुरुआत की थी. बाद में उन्होंने मोदी एंटरप्राइजेज की स्थापना की. इतना ही नहीं, उन्होंने उत्तर प्रदेश के मेरठ के पास मोदीनगर नाम का औद्योगिक शहर भी बसाया था. यहीं से मोदी परिवार के कारोबारी साम्राज्य की नींव पड़ी, जिसे आगे चलकर परिवार की अगली पीढ़ियों ने और बड़ा बनाया.
12,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का फैमिली बिजनेस
गुजरमल मोदी के निधन के बाद कारोबार की कमान ललित मोदी के पिता केके मोदी के हाथों में आई. उन्होंने कारोबार का तेजी से विस्तार किया और कई नए क्षेत्रों में निवेश किया.
आज मोदी एंटरप्राइजेज एग्रो, केमिकल्स, पान मसाला, माउथ फ्रेशनर, तंबाकू, कन्फेक्शनरी, रिटेल, शिक्षा, कॉस्मेटिक्स, एंटरटेनमेंट, फैशन, ट्रैवल और रेस्टोरेंट जैसे कई सेक्टरों में मौजूद है. रिपोर्ट के मुताबिक, मोदी एंटरप्राइजेज का मूल्य 1.5 अरब डॉलर यानी करीब 12,000 करोड़ रुपये से अधिक है.
कई पॉपुलर ब्रांड्स के मालिक
मोदी एंटरप्राइजेज के पास Modi Care, Indofil Industries Limited, Rockford Whiskey, Marlboro Cigarettes, Pan Vilas Pan Masala, Beacon Travel Company और 24 Seven Retail Stores जैसे कई लोकप्रिय ब्रांड हैं.
दिल्ली में कंपनी Ego Thai, Ego Italian और Ego 33 जैसे रेस्टोरेंट भी संचालित करती है. इसके अलावा कंपनी का कारोबार अरब देशों, अफ्रीका और यूरोप तक फैला हुआ है.
हर हफ्ते 10-12 करोड़ रुपये खर्च
इंटरव्यू में ललित मोदी ने अपनी लाइफस्टाइल और खर्चों को लेकर खुलकर बात की. उन्होंने कहा, “मैं हर जगह जाता हूं. आपको क्या लगता है, यह मैं कैसे कर लेता हूं. इसकी वजह क्या है. मैं हर सप्ताह 10-12 करोड़ रुपये खर्च करता हूं. यह रकम एक हफ्ता भी नहीं चल पाती. मैं इसी माहौल में पैदा हुआ हूं. मैं किसी और के लिए अपना लाइफस्टाइल क्यों बदलूं. मैं अपनी जिंदगी किसी और के हिसाब से क्यों जीऊं. जब मेरे दादा ने ऐसा नहीं किया और मेरे पिता भी किसी और के लिए नहीं जिए.”
उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर फिर से उनकी संपत्ति और लाइफस्टाइल को लेकर चर्चा शुरू हो गई है.
4,555 करोड़ रुपये की नेटवर्थ
ललित मोदी फिलहाल लंदन की स्लोन स्ट्रीट पर स्थित एक आलीशान बंगले में रहते हैं. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, यह पांच मंजिला मकान करीब 7,000 वर्ग फुट में फैला हुआ है, जिसमें 14 कमरे और एक निजी लिफ्ट भी है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्रिकेट प्रशासन और विभिन्न कारोबारी उपक्रमों से कमाई के दम पर ललित मोदी की कुल संपत्ति 570 मिलियन डॉलर यानी करीब 4,555 करोड़ रुपये आंकी गई है. यही वजह है कि वह आज भी बेहद आलीशान जिंदगी जी रहे हैं और हर हफ्ते करोड़ों रुपये खर्च करने का दावा करते हैं.
मनोरंजन कारोबार में भी बनाया बड़ा नाम
ललित मोदी ने सिर्फ क्रिकेट ही नहीं, बल्कि मनोरंजन और मीडिया कारोबार में भी अपनी पहचान बनाई. उन्होंने मोदी एंटरटेनमेंट नेटवर्क की स्थापना की. साल 1993 में भारत में डिज्नी का कंटेंट प्रसारित करने के लिए उन्होंने वॉल्ट डिज्नी के साथ साझेदारी की. इसके बाद 1994 में वह ESPN के अखिल भारतीय वितरक भी बने.
भारत छोड़ते वक्त कितनी थी नेटवर्थ
साल 2010 में जब ललित मोदी भारत छोड़कर लंदन गए थे, तब उनकी व्यक्तिगत नेटवर्थ का कोई आधिकारिक और सार्वजनिक आंकड़ा उपलब्ध नहीं था. हालांकि उस समय वह पहले से ही मोदी एंटरप्राइजेज से जुड़े एक बड़े कारोबारी परिवार का हिस्सा थे. साथ ही IPL के संस्थापक के तौर पर देश के सबसे चर्चित बिजनेस चेहरों में शामिल थे. उनकी उस समय की सटीक संपत्ति का खुलासा कभी नहीं किया गया.
IPL ने दिलाई दुनिया भर में पहचान
ललित मोदी को सबसे ज्यादा पहचान IPL की वजह से मिली. साल 2008 में उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग की शुरुआत की थी. आगे चलकर यह दुनिया की सबसे सफल और सबसे ज्यादा कमाई करने वाली क्रिकेट लीग बन गई. एक समय ऐसा भी आया जब IPL के हर मैच की कीमत करीब 117 करोड़ रुपये आंकी गई.
हालांकि IPL शुरू होने के दो साल बाद ही 2010 में BCCI ने वित्तीय अनियमितताओं और दूसरे आरोपों के चलते उन्हें निलंबित कर दिया. इसके बाद वह लंदन चले गए. फिर 2013 में BCCI ने उन पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया.
इसे भी पढ़ें- शेयर बाजार में फ्लैट क्लोजिंग! IT और Metal शेयरों में कमजोरी, Titan बना स्टार; निफ्टी 23400 के पार बंद