इस हफ्ते पहले उछला और फिर टूटा! सोना हाई से ₹4557 नीचे, चांदी में ₹24000 की बड़ी गिरावट
बीते सप्ताह सोने और चांदी की कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला. गोल्ड एक समय ₹1,57,322 के स्तर तक पहुंचा, लेकिन सप्ताह के अंत तक ₹4,500 से ज्यादा टूट गया. वहीं चांदी में भी ₹24,000 प्रति किलो से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई. वैश्विक संकेतों और मुनाफावसूली ने कीमती धातुओं की चाल बदल दी.
Gold and Silver Weekly Report: भारत में सोने की कीमतों में इस सप्ताह तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला. कभी निवेशकों ने सुरक्षित विकल्प के तौर पर सोने की ओर रुख किया, तो कभी मुनाफावसूली और वैश्विक संकेतों के चलते दाम फिसलते नजर आए. 9 फरवरी से 13 फरवरी 2026 के बीच सोना पहले तेजी से चढ़ा और फिर अचानक दबाव में आ गया.
हफ्ते की शुरुआत में तेजी का दौर
सप्ताह की शुरुआत यानी 9 फरवरी को 10 ग्राम के लिए 24 कैरेट गोल्ड की कीमत 1,54,876 रुपये रही. अगले ही दिन 10 फरवरी को सोने में जोरदार तेजी देखने को मिली और दाम बढ़कर 1,56,255 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गए. यह उछाल करीब 1,379 रुपये का था. 11 फरवरी को भी तेजी जारी रही और सोना 1,57,322 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया, जो हफ्ते का उच्चतम स्तर रहा.
इस तेजी के पीछे मुख्य वजह वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता मानी जा रही है. अमेरिका और यूरोप में ब्याज दरों को लेकर असमंजस और शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव ने निवेशकों को सुरक्षित निवेश की ओर धकेला.
अचानक बदला रुख, दामों में तेज गिरावट
11 फरवरी के बाद सोने की चाल ने अचानक करवट ली. 12 फरवरी को गोल्ड प्राइस गिरकर 1,55,650 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया. यानी एक ही दिन में करीब 1,672 रुपये की गिरावट दर्ज की गई. 13 फरवरी को गिरावट और गहरी हो गई और सोना 1,52,765 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. इस तरह हफ्ते के ऊपरी स्तर से देखें तो सोने में 4,557 रुपये प्रति 10 ग्राम की कमजोरी देखने को मिली.
मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है जिन निवेशकों ने ऊंचे स्तरों पर तेजी का फायदा उठाया था, उन्होंने दाम बढ़ते ही बिकवाली शुरू कर दी. इसके अलावा वैश्विक स्तर पर बॉन्ड यील्ड में सुधार और डॉलर में मजबूती ने भी सोने पर दबाव बनाया. घरेलू बाजार में ऊंची कीमतों के कारण ज्वेलरी डिमांड भी कमजोर रही, जिससे भाव और फिसल गए.
सिल्वर में भी दिखा तेज उतार-चढ़ाव
सिल्वर में भी इस हफ्ते भारी हलचल रही. 9 फरवरी को चांदी 2,53,665 रुपये प्रति किलो थी, जो 11 फरवरी तक बढ़कर 2,66,449 रुपये प्रति किलो पहुंच गई. इसके बाद तेज गिरावट आई और 13 फरवरी को चांदी फिसलकर 2,42,433 रुपये प्रति किलो पर आ गई. इस तरह हफ्ते के ऊपरी स्तर से सिल्वर 24,016 रुपये नीचे है. इंडस्ट्रियल डिमांड को लेकर अनिश्चितता और मुनाफावसूली ने चांदी की कीमतों को भी दबाव में रखा.
| तारीख | गोल्ड 24K / 10 ग्राम | बदलाव (₹) | सिल्वर / 1 किलो | बदलाव (₹) |
|---|---|---|---|---|
| 09-Feb-26 | 1,54,876 | +3,994 | 2,53,665 | +8,736 |
| 10-Feb-26 | 1,56,255 | +1,379 | 2,59,100 | +5,435 |
| 11-Feb-26 | 1,57,322 | +1,067 | 2,66,449 | +7,349 |
| 12-Feb-26 | 1,55,650 | −1,672 | 2,59,133 | −7,316 |
| 13-Feb-26 | 1,52,765 | −2,885 | 2,42,433 | −16,700 |
