रुपये को मिली राहत, डॉलर के मुकाबले 20 पैसे मजबूत; जानिए क्या रही वजह
रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 20 पैसे मजबूत होकर 95.41 पर बंद हुआ. पश्चिम एशिया में तनाव कम होने, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और डॉलर इंडेक्स में कमजोरी से रुपये को समर्थन मिला. RBI के हालिया कदमों और विदेशी निवेश फ्लो की उम्मीदों ने भी भारतीय करेंसी को मजबूती दी.
Rupee vs Dollar: भारतीय करेंसी रुपये ने मंगलवार को डॉलर के मुकाबले मजबूती दिखाई. पश्चिम एशिया में तनाव कम होने, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और डॉलर इंडेक्स के कमजोर होने से रुपये को समर्थन मिला. दिनभर के कारोबार में रुपया मजबूत स्तर पर बना रहा और आखिर में 20 पैसे की बढ़त के साथ 95.41 प्रति डॉलर पर बंद हुआ. रिपोर्ट के मुताबिक, अगर पश्चिम एशिया में हालात और नहीं बिगड़ते हैं तो रुपये को आगे भी कुछ राहत मिल सकती है. वहीं RBI के हालिया कदम और घरेलू बाजारों की मजबूती ने भी भारतीय करेंसी को सपोर्ट दिया है.
95.41 पर बंद हुआ रुपया
इंटरबैंक फॉरेन करेंसी मार्कट में रुपया 95.47 प्रति डॉलर पर खुला. कारोबार के दौरान इसने 95.23 का उच्च स्तर और 95.67 का निचला स्तर छुआ. अंत में रुपया 95.41 प्रति डॉलर पर बंद हुआ. इससे पहले सोमवार को रुपया 43 पैसे कमजोर होकर 95.61 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था. ऐसे में मंगलवार को रुपये में अच्छी रिकवरी देखने को मिली.
डॉलर इंडेक्स और कच्चे तेल में गिरावट
डॉलर इंडेक्स, जो छह प्रमुख करेंसी के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की ताकत को मापता है, 0.24 फीसदी गिरकर 99.80 पर आ गया. वहीं ब्रेंट क्रूड का भाव 2.04 फीसदी टूटकर 92.33 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. इन दोनों कारकों ने रुपये की मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
यह भी पढ़ें- 55 से 65 अरब डॉलर विदेशी निवेश की उम्मीद, RBI के फैसलों से पेमेंट बैलेंस होगा मजबूत; रिपोर्ट में दावा
RBI के कदम से मिला सपोर्ट
जानकारों का कहना है कि RBI द्वारा हाल में उठाए गए कदमों से विदेशी करेंसी फ्लो बढ़ने की उम्मीद है. इसके अलावा भारतीय कर्ज बाजार में विदेशी निवेश की वापसी भी रुपये के लिए पॉजिटिव रही. इससे विदेशी करेंसी रिजर्व और पेमेंट बैलेंस को समर्थन मिलने की संभावना है.
शेयर बाजार की तेजी ने भी बढाया भरोसा
घरेलू शेयर बाजार में भी मंगलवार को मजबूती देखने को मिली. सेंसेक्स 394 अंकों की बढ़त के साथ 73,918 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 23,242 के स्तर पर पहुंच गया. मजबूत शेयर बाजार आमतौर पर विदेशी निवेशकों का भरोसा बढ़ाता है.
Latest Stories
Hindustan Zinc करेगी 5000 करोड़ रुपये का निवेश, नए प्रोजेक्ट और क्षमता विस्तार पर रहेगा फोकस
13 दिन की बमबारी के बाद ट्रंप ने ईरान में अचानक रोका हमला, ओमान की एंट्री से बदले समीकरण! क्या रुकेगी लड़ाई?
NTPC बोर्ड की बड़ी मंजूरी, NCD के जरिए 12,000 करोड़ रुपये जुटाएगी कंपनी; जानें डिटेल
