रुपये पर बढ़ा दबाव, 94.97 पर बंद हुआ भाव; कच्चा तेल और मजबूत डॉलर बने वजह

भारतीय रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 2 पैसे कमजोर होकर 94.97 पर बंद हुआ. मजबूत डॉलर, कच्चे तेल की बढ़ती कीमत और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में तेजी ने रुपये पर दबाव बनाया. ब्रेंट क्रूड 95.07 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. वहीं डॉलर इंडेक्स 99.82 पर रहा. अमेरिका ईरान तनाव से बाजार में रिस्क बढ़ा है.

भारतीय रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 2 पैसे कमजोर होकर 94.97 पर बंद हुआ. Image Credit:

भारतीय रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 2 पैसे कमजोर होकर 94.97 के स्तर पर बंद हुआ. फॉरेन कैपिटल के आने से रुपये को सपोर्ट मिला, लेकिन कमजोर घरेलू शेयर बाजार और मजबूत अमेरिकी डॉलर के कारण यह लाभ टिक नहीं सका. अमेरिका ईरान तनाव बढ़ने से बाजार में रिस्क को लेकर चिंता बढी है. इस बीच ब्रेंट क्रूड की कीमत 95 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गई है. अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में तेजी और सितंबर में फेडरल रिजर्व की ब्याज दर बढ़ने की संभावना ने भी रुपये पर दबाव बढ़ाया.

रुपया दिनभर सीमित दायरे में रहा

इंटरबैंक फॉरेन करेंसी मार्केट में रुपया 94.97 के स्तर पर खुला. कारोबार के दौरान रुपये ने 94.83 का ऊपरी स्तर और 94.99 का निचला स्तर देखा. दिन के अंत में रुपया 94.97 के स्तर पर बंद हुआ. पिछले कारोबारी सत्र के मुकाबले इसमें 2 पैसे की गिरावट दर्ज की गई. कारोबार के दौरान रुपये में ज्यादा उतार चढ़ाव देखने को नहीं मिला.

मजबूत डॉलर से रुपये पर दबाव

विदेशी मुद्रा कारोबारियों के मुताबिक अमेरिकी डॉलर की मजबूती का असर रुपये पर दिखाई दे रहा है. डॉलर इंडेक्स 0.14 फीसदी की बढ़त के साथ 99.82 पर पहुंच गया. बाजार में अमेरिका ईरान तनाव को लेकर जोखिम से बचने का रुझान बढ़ा है. इसके चलते निवेशकों का रुझान डॉलर की ओर बढ़ा है. मजबूत डॉलर आमतौर पर उभरती अर्थव्यवस्थाओं की मुद्राओं पर दबाव डालता है.

यह भी पढ़ें- राम मंदिर के नए CEO बने जितेंद्र मिश्रा, कितनी मिलेगी सैलरी और क्या होगी सुविधाएं

कच्चे तेल की कीमत 95 डॉलर के पार

ब्रेंट क्रूड की कीमतों में तेजी भी रुपये के लिए चिंता का कारण बनी हुई है. ब्रेंट क्रूड वायदा 0.44 फीसदी बढ़कर 95.07 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका के कारण कीमतों पर दबाव बना हुआ है. भारत अपनी कच्चे तेल की जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है. ऐसे में तेल की कीमत बढ़ने से देश के आयात बिल पर असर पड़ सकता है.