क्या खुलने वाला है होर्मुज स्ट्रेट? ट्रंप ने चीन, फ्रांस, जापान जैसे देशों से युद्धपोत भेजने को कहा; ईरान को दी चेतावनी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर चीन, फ्रांस, जापान, दक्षिण कोरिया और ब्रिटेन समेत कई देशों से इस समुद्री मार्ग की सुरक्षा के लिए युद्धपोत भेजने की अपील की है. उन्होंने कहा कि अमेरिका जल्द ही टैंकरों को सुरक्षा देने के लिए नौसेना एस्कॉर्ट सेवा शुरू करेगा.

डोनाल्ड ट्रंप

ईरान-अमेरिका और इजरायल के बीच जारी युद्ध के कारण वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए बेहद अहम होर्मुज स्ट्रेट में तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर ईरान और होर्मुज स्ट्रेट को लेकर एक पोस्ट किया है. इसमें उन्होंने दुनिया के कई देशों से अपील की कि वे इस समुद्री मार्ग की सुरक्षा के लिए अपने युद्धपोत भेजें. ट्रंप ने कहा कि अमेरिका भी जल्द ही टैंकरों को सुरक्षा देने के लिए नौसेना की एस्कॉर्ट सेवा शुरू करेगा.

ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर क्या कहा?

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए लिखा कि कई देश, खासकर वे जो ईरान द्वारा होर्मुज स्ट्रेट को बंद करने की कोशिश से प्रभावित हो रहे हैं, अमेरिका के साथ मिलकर इस क्षेत्र में युद्धपोत भेजेंगे. उन्होंने उम्मीद जताई कि चीन, फ्रांस, जापान, दक्षिण कोरिया, ब्रिटेन और अन्य प्रभावित देश भी इस मिशन में शामिल होंगे, ताकि इस समुद्री मार्ग को खुला और सुरक्षित रखा जा सके.

वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए क्यों अहम है यह स्ट्रेट?

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापार मार्गों में से एक है. इस रास्ते से सामान्य परिस्थितियों में दुनिया के कुल कच्चे तेल और लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) की लगभग एक-पांचवां हिस्सा गुजरता है. यह स्ट्रेट अपने सबसे संकरे हिस्से में करीब 54 किलोमीटर (34 मील) चौड़ा है. लेकिन हाल के ईरानी हमलों के बाद यहां से समुद्री यातायात लगभग ठप हो गया है, जिससे वैश्विक तेल बाजार में चिंता बढ़ गई है.

ट्रंप ने कहा टैंकरों को सुरक्षा देने की तैयारी

तेल की कीमतों में तेजी के बीच जब ट्रंप से पूछा गया कि अमेरिकी नौसेना टैंकरों को एस्कॉर्ट करना कब शुरू करेगी, तो उन्होंने शुक्रवार को कहा, यह जल्द होगा, बहुत जल्द. इससे संकेत मिलता है कि अमेरिका जल्द ही इस मार्ग में जहाजों की सुरक्षा के लिए सैन्य कार्रवाई शुरू कर सकता है.

ईरान की सैन्य क्षमता पर ट्रंप का दावा

अपने पोस्ट में ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका ने ईरान की सैन्य क्षमता को पूरी तरह नष्ट कर दिया है. हालांकि उन्होंने यह भी माना कि ईरान अभी भी ड्रोन, समुद्री बारूदी सुरंग या कम दूरी की मिसाइलों के जरिए इस जलमार्ग को निशाना बना सकता है. ट्रंप ने कहा कि चाहे ईरान कितना भी कमजोर क्यों न हो, वह इस रास्ते पर हमला करने की कोशिश कर सकता है.
इसके अलावा ट्रंप ने अपने बयान में सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अमेरिका जरूरत पड़ने पर तटीय इलाकों पर जोरदार बमबारी करेगा और ईरानी नौकाओं व जहाजों को निशाना बनाएगा. उन्होंने कहा कि किसी भी हालत में होर्मुज जलडमरूमध्य को जल्द ही खुला, सुरक्षित और स्वतंत्र बनाया जाएगा.

इसे भी पढ़ें- डिफेंस सेक्टर की इन 5 कंपनियों पर रख सकते हैं नजर, 6000 करोड़ रुपये तक का है मजबूत ऑर्डर बुक