यूपी के लोग कितना कमाते हैं, बन चुका है 30 लाख करोड़ की इकोनॉमी, कुल 30 हजार फैक्ट्रियां, बनेंगे 12 नए एक्सप्रेसवे

11 फरवरी को उत्तर प्रदेश सरकार ने 9 लाख करोड़ रुपये से अधिक का अब तक का सबसे बड़ा बजट पेश किया. सरकार का दावा है कि राज्य तेजी से आर्थिक रूप से आगे बढ़ रहा है. 2016-17 से 2024-25 के बीच प्रति व्यक्ति आय लगभग दोगुनी होकर 1.26 लाख रुपये पहुंच गई है. अर्थव्यवस्था का साइज 13.30 लाख करोड़ से बढ़कर 30 लाख करोड़ रुपये हो गया है.

अर्थव्यवस्था 30 लाख करोड़ रुपये हो गया है. Image Credit:

UP Economy Size: 11 फरवरी को उत्तर प्रदेश सरकार ने अपना बजट पेश किया. यह बजट 9 लाख करोड़ रुपये से अधिक का है. यह उत्तर प्रदेश का अब तक का सबसे बड़ा बजट है. बजट पेश करते समय सरकार ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश आर्थिक रूप से तेजी से आगे बढ़ रहा है. सरकार के दावों से अलग यदि उत्तर प्रदेश के आर्थिक आंकड़ों पर नजर डालें, तो भी प्रदेश में बड़ा बदलाव दिखाई देता है. चाहे बात प्रति व्यक्ति आय (Per Capita Income) की हो या अर्थव्यवस्था के साइज की, दोनों में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है. इसके अलावा इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में भी प्रदेश तेजी से प्रगति करता दिख रहा है.

प्रति व्यक्ति आय में भारी बढ़ोतरी

यदि आंकड़ों पर नजर डालें तो वित्त वर्ष 2016-17 में प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 61,142 रुपये थी, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़कर 1,26,304 रुपये हो गई है. यानी इसमें लगभग दोगुनी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. यह दिखाता है कि राज्य के लोगों की इनकम में उल्लेखनीय सुधार हुआ है.

इसके अलावा यदि प्रदेश की अर्थव्यवस्था के आकार पर नजर डालें, तो वहां भी तेज बढ़ोतरी देखने को मिली है. वित्त वर्ष 2016-17 में प्रदेश की अर्थव्यवस्था 13.30 लाख करोड़ रुपये थी, जो 2024-25 में बढ़कर 30 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है. सरकार का लक्ष्य इसे 2027 तक 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का है.

मद (Item)2016-172024-25
Per Capita Income (प्रति व्यक्ति आय)₹61,142₹1,26,304
Economy Size (अर्थव्यवस्था का आकार)₹13.30 लाख करोड़₹30 लाख करोड़
Number of Factories (फैक्ट्रियों की संख्या)14,16930,695
Tax Revenue (कर राजस्व)₹86,000 करोड़₹2.09 लाख करोड़

देश का एक्सप्रेसवे कैपिटल बनता प्रदेश

इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में भी प्रदेश में उल्लेखनीय प्रगति हुई है. आज प्रदेश का हर कोना, चाहे वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश हो, पूर्वांचल हो या बुंदेलखंड, एक्सप्रेसवे नेटवर्क से जुड़ रहा है. वर्तमान में प्रदेश में 7 एक्सप्रेसवे ऑपरेशनल हैं और 3 पर काम चल रहा है. जल्द ही आठवां गंगा एक्सप्रेसवे भी शुरू होने वाला है. इसके अलावा राज्य सरकार की योजना 12 नए एक्सप्रेसवे शुरू करने की है. यदि ये सभी बन जाते हैं, तो प्रदेश में कुल 22 एक्सप्रेसवे हो जाएंगे, जो देश में सबसे अधिक होंगे.

ये भी पढ़ें- IDFC FIRST Bank में ICICI Prudential की एंट्री! RBI ने दी 9.95 फीसदी स्टेक खरीदने की मंजूरी

5 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट वाला पहला राज्य

एयरपोर्ट के मामले में भी प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है. वर्तमान में प्रदेश में 4 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (लखनऊ, वाराणसी, कुशीनगर और अयोध्या) ऑपरेशनल हैं. इसके अलावा 12 घरेलू एयरपोर्ट हैं, जिनमें आगरा, कानपुर, बरेली, गाजियाबाद, प्रयागराज, गोरखपुर और झांसी आदि शामिल हैं.

जल्द ही जेवर एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद प्रदेश में कुल 5 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट हो जाएंगे. इसके साथ ही उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य बन जाएगा, जहां 5 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट ऑपरेशनल होंगे.