वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा सचिन का रिकॉर्ड, पास में है ₹7 करोड़ की दौलत, उनके लिए बेहद अलग है टैक्स चुकाने का नियम

15 साल के वैभव सूर्यवंशी भारतीय टीम में चुने जाने वाले सबसे युवा पुरुष क्रिकेटर बन गए हैं. उन्होंने 15 साल की उम्र में चयनित होकर सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया. आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद उनकी नेटवर्थ करीब 7 करोड़ रुपये बताई जा रही है. उनकी क्रिकेट और एंडोर्समेंट से होने वाली आय पर सामान्य नाबालिगों से अलग टैक्स नियम लागू होते हैं.

वैभव सूर्यवंशी बनाम सचिन तेंदुलकर Image Credit:

Vaibhav Sooryavanshi Net Worth: देश के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने भारतीय क्रिकेट में नया इतिहास रच दिया है. महज 15 साल की उम्र में उनका चयन भारतीय टीम में हुआ है. इसके साथ ही वह टीम इंडिया में चुने जाने वाले सबसे युवा पुरुष क्रिकेटर बन गए हैं. इस मामले में उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है. सचिन तेंदुलकर का चयन 16 साल की उम्र में भारतीय टीम के लिए हुआ था, जबकि वैभव को इससे भी कम उम्र में राष्ट्रीय टीम में जगह मिल गई है.

वैभव को जून-जुलाई में आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी-20 सीरीज और सितंबर में आयोजित एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है. चयनकर्ताओं का यह फैसला आईपीएल 2026 में उनके शानदार प्रदर्शन के बाद आया है.

कितनी है वैभव सूर्यवंशी की नेटवर्थ?

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, वैभव सूर्यवंशी की कुल संपत्ति करीब 7 करोड़ रुपये है. वहीं ब्रांड एंडोर्समेंट और बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए यह आंकड़ा 10 करोड़ रुपये से भी अधिक पहुंच सकता है.

उनकी कमाई के प्रमुख सोर्स आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट, मैच फीस, पुरस्कार राशि, स्पॉन्सरशिप और ब्रांड एंडोर्समेंट हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें आईपीएल नीलामी में करीब 1.1 करोड़ रुपये प्रति सीजन के कॉन्ट्रैक्ट पर खरीदा था. इसके अलावा उन्हें प्रति मैच करीब 7.5 लाख रुपये की फीस भी मिलती है. 20 से अधिक मैच खेलने के कारण उनकी मैच फीस से होने वाली कमाई 1.5 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जाती है.

घर, कार और इनाम से बढ़ी दौलत

रिपोर्ट्स के मुताबिक, वैभव के पास मुंबई में 2.5 करोड़ से 3 करोड़ रुपये कीमत का एक अपार्टमेंट है. वहीं बिहार के ताजपुर स्थित उनके पैतृक घर की अनुमानित कीमत 40 लाख से 60 लाख रुपये के बीच बताई जाती है.

नाबालिग होने के बावजूद कैसे लगता है टैक्स?

वैभव की कमाई जितनी चर्चा में है, उतने ही उनके टैक्स नियम भी. आमतौर पर 18 साल से कम उम्र के बच्चों की इनकम उनके माता-पिता की आय में जोड़ दी जाती है और उसी आधार पर टैक्स लगाया जाता है. लेकिन वैभव का मामला अलग है.

आयकर अधिनियम की धारा 64(1A) के तहत यदि किसी नाबालिग की इनकम उसकी अपनी प्रतिभा, विशेष कौशल, पेशेवर काम या मेहनत से होती है, तो उस आय को माता-पिता की आय में नहीं जोड़ा जाता. चूंकि वैभव की कमाई क्रिकेट खेलने, टूर्नामेंट में हिस्सा लेने, स्पॉन्सरशिप और ब्रांड एंडोर्समेंट से हो रही है, इसलिए यह आय उनकी खुद की मानी जाएगी.

यानी उनकी कमाई पर टैक्स भी उनके नाम से ही लगेगा. हालांकि नाबालिग होने की वजह से उनकी ओर से आयकर रिटर्न (ITR) दाखिल करने की जिम्मेदारी उनके माता-पिता या कानूनी अभिभावक निभाएंगे.

क्यों खास है वैभव का मामला?

वैभव सूर्यवंशी सिर्फ सबसे कम उम्र में टीम इंडिया में चुने जाने वाले खिलाड़ी नहीं हैं, बल्कि कम उम्र में करोड़ों रुपये की संपत्ति बनाने वाले चुनिंदा भारतीय खिलाड़ियों में भी शामिल हो गए हैं. क्रिकेट के मैदान पर रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन और मैदान के बाहर तेजी से बढ़ती कमाई ने उन्हें देश के सबसे चर्चित युवा खिलाड़ियों में शामिल कर दिया है.

IPL 2026 में मचाया धमाल

राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने वाले वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2026 के सबसे बड़े सितारों में शामिल रहे. उन्होंने 16 पारियों में 776 रन बनाए. उनका औसत 48.50 और स्ट्राइक रेट 237.30 रहा. इस शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने ऑरेंज कैप अपने नाम की.

यही नहीं, वैभव को मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP), इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन, सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन और सुपर सिक्सेस ऑफ द सीजन जैसे बड़े पुरस्कार भी मिले. पूरे सीजन में उन्होंने 72 छक्के लगाए, जो आईपीएल के एक सीजन में किसी भी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं. इस मामले में उन्होंने क्रिस गेल का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया.

इसे भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी की टीम इंडिया में एंट्री, श्रेयस को मिली T20 की कमान, इंग्लैंड-आयरलैंड दौरे के लिए टीम का ऐलान