गर्मी का कहर शुरू! यूपी में 5 डिग्री तक बढ़ेगा तापमान; कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट
देश में गर्मी का असर तेजी से बढ़ रहा है. उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. जिससे ज्यादातर इलाकों में तापमान बढ़ने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता. ऐसे में मौसम विभाग की चेतावनियों को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतना जरूरी है.

IMD Weather Alert: देश के अलग-अलग हिस्सों में गर्मी ने अब तेजी से अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में तापमान लगातार बढ़ने वाला है और कई इलाकों में हीटवेव जैसी स्थिति बन सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है.
यूपी में अगले 7 दिनों का मौसम कैसा रहेगा मौसम ?
उत्तर प्रदेश की बात करें तो यहां भी गर्मी लगातार बढ़ने वाली है. अगले 6 दिनों में अधिकतम तापमान 4 से 6 डिग्री तक बढ़ सकता है. वहीं रात के तापमान में भी 2 से 4 डिग्री तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है. इसके बाद तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं दिखेगा, लेकिन गर्मी बनी रहेगी.
देश के कई हिस्सों में पहले से ही तेज गर्मी
पिछले 24 घंटों की बात करें तो देश के कई हिस्सों में तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है. महाराष्ट्र के अकोला में सबसे ज्यादा 43.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. इसके अलावा राजस्थान, मध्य प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना जैसे राज्यों में भी तेज गर्मी देखने को मिली.
कहीं बारिश और आंधी, तो कहीं लू का असर
IMD के मुताबिक, जहां एक तरफ गर्मी बढ़ रही है, वहीं पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान की संभावना बनी हुई है. सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. वहीं उत्तर-पश्चिम भारत में 15 से 18 अप्रैल के बीच कुछ जगहों पर बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं.
इन राज्यों में हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेलंगाना, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, विदर्भ और राजस्थान के कुछ हिस्सों में आने वाले दिनों में हीटवेव चल सकती है. इसके अलावा कई तटीय इलाकों में गर्म और उमस भरा मौसम भी बना रहेगा. दिल्ली-NCR में भी बढ़ेगी गर्मी दिल्ली की बात करें तो 14 से 17 अप्रैल के बीच तापमान लगातार बढ़ेगा. 17 अप्रैल तक अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. आसमान साफ रहेगा और गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी.
इसे भी पढ़ें- IPL में आया ‘साइलेंट बॉलर’! ₹30 लाख के Praful का तूफान, जिसके आगे सूर्यवंशी भी फेल, बहन ने बना दिया ‘हीरा’