दिल्ली, यूपी, बिहार समेत इन 8 राज्यों में मौसम लेगा यू टर्न! आंधी-बारिश, ओले और तूफान की चेतावनी
यूपी, बिहार, दिल्ली समेत कई राज्यों में 29 मार्च को बारिश और आंधी के दौर आ सकते हैं. इस दौरान 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. 30 और 31 मार्च को भी हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना बनी रहेगी.
IMD Weather Alert: देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है और आने वाले दिनों में इसका असर और तेज होने वाला है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक 29 और 30 मार्च को उत्तर भारत समेत कई क्षेत्रों में बारिश, तेज हवाएं, गरज-चमक और ओले गिरने का जोर देखने को मिलेगा. खासतौर पर उत्तर-पश्चिम भारत में इस दौरान मौसम की गतिविधियां चरम पर रहने की संभावना है.
UP में अगले 7 दिनों तक मौसम कैसा रहेगा?
अगले 2 से 3 दिनों में मैक्सिमम टेम्परेचर धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री सेल्सियस बढ़ेगा, उसके बाद अगले 2 दिनों में उतनी ही गिरावट आएगी और उसके बाद 2 से 4 डिग्री टेम्परेचर बढ़ेगा.
उत्तर भारत में बारिश और तेज हवाओं का असर
उत्तर-पश्चिम भारत में पूरे सप्ताह हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी और बारिश दोनों देखने को मिलेंगे. वहीं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 29 से 31 मार्च के बीच तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है.
दिल्ली-एनसीआर में 29 मार्च को सुबह से लेकर शाम तक दो बार बारिश के दौर आ सकते हैं. इस दौरान 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. 30 और 31 मार्च को भी हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना बनी रहेगी.
पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में भी एक्टिव रहेगा मौसम
पूर्वोत्तर भारत में पूरे सप्ताह बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. वहीं बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होगी. कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है.
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में भी बारिश और आंधी का असर देखने को मिलेगा. गुजरात और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में 29 से 31 मार्च के बीच हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है.
दक्षिण भारत में भी जारी रहेगा असर
इस दौरान दक्षिण भारत में भी मौसम पूरी तरह शांत नहीं रहेगा. केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का असर बना रहेगा. मौसम के इस बदलाव के कारण तापमान में भी लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा. उत्तर भारत में पहले तापमान बढ़ेगा, फिर बारिश के कारण 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आएगी और उसके बाद फिर बढ़ोतरी होगी.
तूफान का भी खतरा
29 और 30 मार्च को कई राज्यों में ओलावृष्टि का खतरा भी बना हुआ है. इससे फसलों को नुकसान हो सकता है और पेड़ गिरने, बिजली लाइनों के टूटने जैसी घटनाएं भी हो सकती हैं. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. खराब मौसम के दौरान घर के अंदर रहने, पेड़ों के नीचे शरण न लेने और बिजली के उपकरणों से दूरी बनाने की सलाह दी गई है. तेज हवाओं में ढीली चीजें उड़ सकती हैं, इसलिए सावधानी जरूरी है.
इसे भी पढ़ें- दुबई-सिंगापुर को जाता है भारतीय एविएशन का ₹2 लाख करोड़… क्या जेवर एयरपोर्ट रोक पाएगा भारत का ‘ट्रांजिट लीकेज’?
