दिल्ली में 37 डिग्री तक पहुंचेगा पारा, अगले 7 दिनों तक UP में पड़ेगी भयंकर गर्मी; गुजरात में हीटवेव का अलर्ट

मार्च की शुरुआत में ही देश के कई हिस्सों में गर्मी तेजी से बढ़ती दिख रही है. गुजरात में हीटवेव की स्थिति बनी हुई है, जबकि उत्तर भारत में तापमान सामान्य से काफी ऊपर चल रहा है. हालांकि 14 मार्च के बाद आने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण कुछ राज्यों में बारिश और तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है.

क्या है मौसम का हाल Image Credit: Raj K Raj/HT via Getty Images

IMD Weather Update: मार्च का महीना अभी आधा भी नहीं बीता है, लेकिन देश के कई हिस्सों में गर्मी का असर तेजी से बढ़ने लगा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, गुजरात में 11 से 13 मार्च के बीच हीटवेव से लेकर सीवियर हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है. वहीं उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान सामान्य से काफी ज्यादा चल रहा है, जिससे लोगों को समय से पहले गर्मी का अहसास होने लगा है.

पिछले 24 घंटों के आंकड़ों के मुताबिक, देश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 38 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है. गुजरात के राजकोट में सबसे ज्यादा 42°C तापमान रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग के अनुसार कई राज्यों में दिन का तापमान सामान्य से 5 डिग्री या उससे भी ज्यादा ऊपर चल रहा है.

उत्तर प्रदेश में अगले 7 दिन कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश में अगले सात दिनों तक तापमान में बहुत बड़ा बदलाव नहीं होगा. हालांकि दिन का तापमान सामान्य से काफी ज्यादा बना रह सकता है. अगले तीन दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, उसके बाद अधिकतम तापमान में लगभग 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है. इसके बावजूद प्रदेश में दिन और रात दोनों का तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है. इसके अलावा 15 और 16 मार्च को उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवा चलने की संभावना भी जताई गई है.

गुजरात में हीटवेव का खतरा

मौसम विभाग ने बताया है कि गुजरात में 11 से 13 मार्च के बीच हीटवेव और कहीं-कहीं गंभीर हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है. इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है. सौराष्ट्र और कच्छ इलाके में तापमान सामान्य से काफी ज्यादा दर्ज किया गया है. यही वजह है कि इन इलाकों में गर्मी का असर सबसे ज्यादा महसूस किया जा रहा है.

उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ का असर

मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर के आसपास ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है. इसके अलावा 14 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है. इस सिस्टम के असर से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है. 11 और 12 मार्च को जम्मू-कश्मीर में कहीं-कहीं भारी बारिश या बर्फबारी भी हो सकती है. हिमाचल प्रदेश में 11 और 12 मार्च को ओला गिरने का भी अलर्ट है.

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम ?

दिल्ली में भी गर्मी का असर साफ दिखाई देने लगा है. पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम तापमान 17 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार 12 मार्च को अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री और 13 मार्च को 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. 14 मार्च को आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन तापमान सामान्य से ज्यादा ही रहेगा.

इसे भी पढ़ें- जब नहीं था LPG सिलेंडर तो काम देता था ये छुटकू स्टोव, याद है वो पंप और पिन? Gen-Z क्या आप जानते हैं जलाने का तरीका