शिवम ने दिलाई धोनी की याद, भारत ने जड़ीं 37 बाउंड्री, चौकों-छक्कों की लगा दी झड़ी

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 255/5 का विशाल स्कोर खड़ा किया. कप्तान संजू सैमसन (89), अभिषेक शर्मा (52) और ईशान किशन (54) की शानदार पारियों के बाद आखिर में शिवम दूबे ने 8 गेंदों में नाबाद 26 रन ठोककर फैंस को धोनी की याद दिला दी.

India vs New Zealand, Fina Image Credit: TV9

India vs New Zealand, Final, ICC Men’s T20 World Cup 2026: T20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारतीय टीम ने विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया. मैच के आखिरी ओवरों में शिवम दूबे ने सिर्फ 8 गेंदों में नाबाद 26 रन ठोककर फैंस को एक बार फिर एमएस धोनी की याद दिला दी. भारतीय बल्लेबाजों ने पूरे मैच में आक्रामक रुख अपनाया और टीम ने मिलकर 37 से ज्यादा बाउंड्री लगाकर विपक्षी गेंदबाजों पर जबरदस्त दबाव बना दिया.

आखिरी ओवरों में शिवम दूबे का तूफान

पारी के अंत में शिवम दूबे ने महज 8 गेंदों में नाबाद 26 रन बनाकर मैच का रुख और भी खतरनाक बना दिया. उन्होंने अपनी छोटी लेकिन विस्फोटक पारी में 3 चौके और 2 छक्के जड़े. दूबे की इस पारी ने दर्शकों को धोनी की याद दिला दी.

सैमसन ने खेली 89 रन की शानदार पारी

भारत की शुरुआत धमाकेदार रही. संजू सैमसन ने 46 गेंदों में 89 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 8 छक्के शामिल थे. उन्होंने पारी को संभालते हुए रन गति भी तेज रखी और भारत को बड़े स्कोर की दिशा में आगे बढ़ाया. आखिर में उन्हें जेम्स नीशम ने आउट कराया.

अभिषेक और ईशान का ताबड़तोड़ अटैक

मिडिल ओवरों में भारतीय बल्लेबाजों ने गेंदबाजों की जमकर धुनाई की. अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 52 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 3 छक्के शामिल रहे. ईशान किशन ने 25 गेंदों में 54 रन की तेज पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के लगाए. इन दोनों की आक्रामक बल्लेबाजी ने भारत को तेजी से 200 के पार पहुंचाने की नींव रख दी.

भारत की पारी में बाउंड्री की बारिश

भारतीय टीम की बल्लेबाजी पूरी तरह आक्रामक रही. पूरी पारी में टीम ने 19 चौके और 18 छक्के लगाए. इसके दम पर भारत ने 255/5 का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया, जो किसी भी फाइनल मुकाबले में विपक्षी टीम पर भारी दबाव डालने के लिए काफी है.