मार्च में हीटवेव का खतरा! UP समेत कई राज्यों में 7 डिग्री तक चढ़ेगा पारा, जानें देश भर में मौसम का हाल

मार्च की शुरुआत में ही देश के कई हिस्सों में गर्मी ने तेजी से रफ्तार पकड़ ली है. उत्तर-पश्चिम भारत, गुजरात और मध्य भारत में तापमान सामान्य से काफी ऊपर चल रहा है. हालांकि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी से कुछ राहत मिल सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में भी कई इलाकों में गर्मी का असर बना रह सकता है.

क्या है मौसम का हाल Image Credit: Raj K Raj/HT via Getty Images

IMD Weather Alert: मार्च का महीना जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे देश के कई हिस्सों में गर्मी तेजी से बढ़ती नजर आ रही है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारतीय राज्यों जैसे – गुजरात और मध्य भारत के कई इलाकों में दिन का तापमान सामान्य से काफी ऊपर पहुंच गया है. कई जगहों पर यह सामान्य से 4 से 7 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया जा रहा है. मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि कुछ इलाकों में हीट वेव की स्थिति बन सकती है.

कई राज्यों में सामान्य से 7 डिग्री ऊपर पहुंचा तापमान

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में दिन का तापमान सामान्य से 5 से 7 डिग्री ऊपर रहने की संभावना है. वहीं उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों, गुजरात और मध्य प्रदेश में तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री ज्यादा रह सकता है.

देश के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान काफी ऊंचा दर्ज किया गया. पश्चिम राजस्थान, विदर्भ, सौराष्ट्र और कच्छ के कई इलाकों में अधिकतम तापमान 38-41°C के बीच रहा. इसके अलावा मध्य प्रदेश, तेलंगाना, पूर्वी राजस्थान और गुजरात के कुछ इलाकों में भी तापमान काफी ऊंचा रहा. वहीं दिल्ली, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, तमिलनाडु और केरल में तापमान 35-38°C के बीच दर्ज किया गया.

यूपी में अगले 7 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में अगले सात दिनों तक मौसम में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है. अधिकतम तापमान में अगले चार दिनों के दौरान 2 से 7 डिग्री सेल्सियस तक धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है. इसके बाद तापमान में उतनी ही गिरावट आने की संभावना है. इस वजह से राज्य में दिन का तापमान सामान्य से ज्यादा या काफी ज्यादा रहने की संभावना है. वहीं न्यूनतम तापमान में अगले सात दिनों तक कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. हालांकि यह भी सामान्य से ज्यादा या काफी ज्यादा बना रह सकता है.

पश्चिमी हिमालय में बारिश और बर्फबारी की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार 16 मार्च तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में छिटपुट से लेकर व्यापक बारिश और बर्फबारी हो सकती है. 10 से 12 मार्च के बीच जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में गरज-चमक, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है. इसके अलावा 10 और 11 मार्च को जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में भारी बारिश या बर्फबारी भी हो सकती है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 14 मार्च से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिससे मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है.

कुछ राज्यों में हीट वेव का खतरा

मौसम विभाग ने कुछ राज्यों के लिए हीट वेव की चेतावनी भी जारी की है. 10 मार्च को हिमाचल प्रदेश और उत्तर कोंकण के कुछ इलाकों में गंभीर हीट वेव की स्थिति बन सकती है. वहीं गुजरात में 10 और 11 मार्च को, पश्चिम राजस्थान और विदर्भ में 10 और 11 मार्च को हीट वेव की संभावना जताई गई है. इसके अलावा गुजरात के तटीय इलाकों में 10 से 13 मार्च के बीच गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है.

दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-एनसीआर में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है. पिछले 24 घंटों के दौरान यहां अधिकतम तापमान 33°C से 36°C और न्यूनतम तापमान 18°C से 20°C के बीच दर्ज किया गया. 10 मार्च को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और अधिकतम तापमान 35°C से 37°C के बीच रहने की संभावना है. 11 मार्च को भी मौसम लगभग ऐसा ही रहेगा. इस दिन अधिकतम तापमान 35°C से 37°C और न्यूनतम तापमान 17°C से 19°C के बीच रह सकता है.

इसे भी पढ़ें- LPG की फटाफट कैसे हो सकती है बुकिंग, ये हैं 4 तरीके