India vs South Africa: अहमदाबाद में भिड़ेंगी दो अजेय टीमें, जानें पिच रिपोर्ट और कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 स्टेज में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रोमांचक मुकाबला खेला जाएगा. दोनों टीमें अब तक टूर्नामेंट में अजेय रही हैं. आइए जानते हैं इस बड़े मैच से पहले पिच और मौसम का हाल.

T20 Men's World Cup 2026 Image Credit: Canva/ Money9

T20 Men’s World Cup 2026: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सुपर 8 का मुकाबला आज यानी 22 फरवरी को अहमदाबाद के Narendra Modi Stadium में खेला जाएगा. दोनों ही टीमें इस टी20 वर्ल्ड कप में अब तक अजेय रही हैं. भारत ने ग्रुप स्टेज में शानदार प्रदर्शन किया, जबकि दक्षिण अफ्रीका ने भी दमदार खेल दिखाया. ऐसे में जब दो दिग्गज टीमें आपस में टकराएंगी तो यह मुकाबला काफी रोमांचक होने वाला है. अगर मौसम ने खलल नहीं डाला तो दर्शकों को खूब आनंद आने वाला है. इस रिपोर्ट में आप जानेंगे कि अहमदाबाद में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज और बल्लेबाजों और गेंदबाजों में किसे मिलेगा पिच से सपोर्ट.

पिच रिपोर्ट: बल्लेबाजों को मिलेगा फायदा

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अच्छी मानी जाती है. शुरुआत में यहां गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिलती है, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, पिच धीमी हो जाती है और बल्लेबाज आसानी से रन बना सकते हैं. यह वही मैदान है जहां पहले भी हाई स्कोरिंग और रोमांचक मुकाबले देखने को मिले हैं. ऐसे में रविवार को भी दर्शकों को बड़े स्कोर वाला मैच देखने को मिल सकता है. स्पिन गेंदबाजों को बीच के ओवरों में मदद मिल सकती है.

मौसम का हाल: बारिश की कोई संभावना नहीं

मौसम विभाग के अनुसार मैच वाले दिन सुबह का तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस रहेगा. दोपहर में तापमान 36 डिग्री तक जा सकता है. शाम के समय तापमान गिरकर लगभग 26 डिग्री तक पहुंच जाएगा. दिन में हल्की धुंध और गर्मी रहेगी, लेकिन मैच शुरू होने तक आसमान साफ होने की उम्मीद है. अच्छी बात यह है कि बारिश की कोई संभावना नहीं है, यानी पूरा मैच बिना रुकावट के खेला जा सकेगा.

दोनों टीमों की नजरें जीत पर

भारतीय टीम की बल्लेबाजी अब तक मजबूत रही है, लेकिन ओपनर अभिषेक शर्मा का आउट ऑफ फॉर्म चिंता का विषय बना हुआ है. वहीं कप्तान सूर्यकुमार और तिलक वर्मा से भी बड़ी पारी की उम्मीद होगी. भारत के लिए अच्छी बात यह है कि ईशान किशन लय में नजर आ रहे हैं. दक्षिण अफ्रीका की टीम भी शानदार लय में है और वह भारत को कड़ी टक्कर देने के लिए तैयार है. ऐसे में अहमदाबाद का यह मुकाबला टी20 वर्ल्ड कप के सबसे बड़े मैचों में से एक साबित हो सकता है.