अहमदाबाद में भारत–दक्षिण अफ्रीका की टक्कर; किसका पलड़ा भारी? जानें क्या कहते हैं आंकड़े
अहमदाबाद में होने वाला भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच T20 मुकाबला सुपर 8 चरण की दिशा तय करने वाला साबित हो सकता है. दोनों टीमों के पास मैच विनर खिलाड़ी हैं और दोनों के लिए जीत बेहद अहम है. ऐसे में आइए जानते हैं कि दोनों टीमों का पिछला रिकॉर्ड क्या कहता है और किसका पलड़ा भारी रहा है.
T20 World Cup 2026: ICC मेंस T20 वर्ल्ड कप 2026 में क्रिकेट प्रेमियों को एक हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिलने वाला है. रविवार, 22 फरवरी को अहमदाबाद में भारत और दक्षिण अफ्रीका सुपर 8 फेज के अपने पहले मैच में आमने-सामने होंगे. डिफेंडिंग चैंपियन भारत इस मुकाबले में दो महत्वपूर्ण अंक हासिल कर सेमीफाइनल की राह को आसान बनाने के इरादे से उतरेगा. आइए जानते हैं कि दोनों टीमों का पिछला रिकॉर्ड क्या कहता है और किसका पलड़ा भारी रहा है
दोनों टीमों का शानदार अभियान
भारत और दक्षिण अफ्रीका, दोनों ही टीमें इस टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही हैं. सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारत ने USA, नामीबिया, पाकिस्तान और नीदरलैंड्स को हराकर लगातार चार जीत दर्ज की हैं. खास बात यह रही कि टीम ने अभी तक अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं दिया, फिर भी नतीजे अपने पक्ष में रखे.
दूसरी ओर दक्षिण अफ्रीका का सफर भी उतना ही प्रभावशाली रहा है. अफगानिस्तान के खिलाफ रोमांचक डबल सुपर ओवर मुकाबले में जीत और फिर कनाडा, न्यूजीलैंड व UAE पर मजबूत प्रदर्शन, टीम के संतुलन और आत्मविश्वास को दिखाता है.
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका: हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
अगर T20 इंटरनेशनल मुकाबलों के इतिहास पर नजर डालें तो आंकड़े भारत के पक्ष में झुकते दिखाई देते हैं. दोनों टीमों के बीच अब तक 35 T20 मैच खेले गए हैं. इनमें भारत ने 21 मुकाबले जीते हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका को 13 जीत मिली हैं. एक मैच बेनतीजा रहा. हालिया रिकॉर्ड भी भारत को बढ़त देता है. भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने पिछले 10 T20 मैचों में से 7 में जीत दर्ज की है.
मैच में नजर रखने वाले प्रमुख खिलाड़ी
ईशान किशन: ईशान किशन इस टूर्नामेंट में भारत के लिए बेहद अहम साबित हुए हैं. पावरप्ले में उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने टीम को तेज शुरुआत दी है. पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई 77 रन की पारी ने एक बार फिर दिखाया कि वे मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं.
वरुण चक्रवर्ती: गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती भारत के सबसे प्रभावशाली हथियार बनकर उभरे हैं. टूर्नामेंट में 9 विकेट लेकर वे टीम के लीडिंग विकेट-टेकर हैं. मध्य ओवरों में उनकी गेंदबाजी दक्षिण अफ्रीका के मिडिल ऑर्डर के लिए बड़ी चुनौती हो सकती है.
एडन मार्क्रम: दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्कराम शानदार फॉर्म में हैं. चार पारियों में 178 रन, और 187.36 का स्ट्राइक रेट, उनकी निरंतरता और आक्रामकता को दर्शाता है. भारतीय गेंदबाजों के लिए मार्कराम को जल्दी आउट करना प्राथमिकता होगी.
लुंगी निडी: गेंदबाजी में लुंगी एनगिडी दक्षिण अफ्रीका के लिए अहम भूमिका निभा रहे हैं. तीन मैचों में 8 विकेट और 7.58 की इकॉनमी रेट बताती है कि वे विकेट लेने के साथ रन भी कंट्रोल कर रहे हैं.
किस टीम का पलड़ा भारी?
मौजूदा फॉर्म और रिकॉर्ड को देखें तो भारत का पलड़ा थोड़ा भारी नजर आता है. टीम ने लगातार चार जीत हासिल की हैं और आत्मविश्वास ऊंचा है. ऐसे में अगर भारत अपनी मिडिल ऑर्डर की चुनौतियों को सुलझा लेता है, तो टीम को रोकना किसी भी विपक्ष के लिए मुश्किल हो सकता है. दक्षिण अफ्रीका भी बैलेंसिंग टीम है, लेकिन हेड-टू-हेड और हालिया आंकड़े भारत को बढ़त देते हैं.
इसे भी पढ़ें- T20 वर्ल्ड कप में क्या एक बार फिर भिड़ सकते हैं भारत-पाकिस्तान, कैसे होगा ये संभव… जान लीजिए
Latest Stories
देशभर के इन संस्थानों में न लें एडमिशन! UGC ने दिल्ली की 12, UP की 4 समेत 32 यूनिवर्सिटी को बताया फर्जी, देखें लिस्ट
UP में बारिश के आसार, दिल्ली-NCR में 31 डिग्री तक चढ़ेगा पारा, जानें हफ्तेभर का मौसम अपडेट
दिन में गर्मी रात में ठंड! UP में 6 डिग्री तक चढ़ेगा पारा, उत्तराखंड समेत इन राज्यों में बारिश के आसार
