हेल्थ इंश्योरेंस को आसान बनाने की तैयारी में IRDAI, नई कमेटी करेगी बड़े सुधार, जानें आपको क्या मिलेगा फायदा
हेल्थ इंश्योरेंस में बढ़ते प्रीमियम, क्लेम में देरी और अस्पतालों की मनमानी कीमतों से परेशान पॉलिसीधारकों को राहत देने के लिए Insurance Regulatory and Development Authority of India ने नई सब कमेटी बनाई है. यह कमेटी कवरेज बढ़ाने, क्लेम प्रक्रिया को आसान बनाने और ट्रांसपेरेंसी लाने पर काम करेगी.

Health Insurance IRDAI Committee: देश में हेल्थ इंश्योरेंस से जुड़ी परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं. प्रीमियम महंगा होना, क्लेम में देरी और अस्पतालों की मनमानी कीमतें पॉलिसीधारकों के लिए बड़ी समस्या बन चुकी हैं. कई लोग यह भी समझ नहीं पाते कि उनकी पॉलिसी में क्या कवर है और क्या नहीं. इन समस्याओं को देखते हुए इंश्योरेंस रेगुलेटर IRDAI ने एक नई सब कमेटी बनाई है. इस कदम का मकसद हेल्थ इंश्योरेंस को आसान, ट्रांसपेरेंसी और भरोसेमंद बनाना है.
सब-कमेटी का क्या होगा काम
IRDAI की यह नई सब कमेटी हेल्थ इंश्योरेंस सेक्टर में सुधार के लिए सुझाव देगी. इसमें रेगुलेटरी और पॉलिसी से जुड़े बदलाव शामिल होंगे. कमेटी का फोकस कवरेज बढ़ाने और ज्यादा लोगों तक इंश्योरेंस पहुंचाने पर रहेगा. साथ ही रिस्क शेयरिंग को बेहतर बनाने पर भी काम किया जाएगा. इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि जरूरत के समय पॉलिसीधारकों को बिना परेशानी के लाभ मिल सके.
बड़ी समस्याओं पर फोकस
कमेटी उन समस्याओं पर काम करेगी जो सबसे ज्यादा लोगों को परेशान करती हैं. इसमें क्लेम में देरी, अस्पष्ट पॉलिसी नियम और एक्सक्लूजन शामिल हैं. कई बार अस्पतालों की कीमतें भी साफ नहीं होती जिससे खर्च बढ़ जाता है. शिकायतों के समाधान में भी काफी समय लगता है. इन सभी मुद्दों को सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने की तैयारी है. इससे ग्राहकों का भरोसा बढ़ाने में मदद मिलेगी.
बेहतर तालमेल बनाने पर फोकस
IRDAI प्राइवेट इंश्योरेंस और सरकारी योजनाओं के बीच बेहतर तालमेल लाना चाहता है. इसके साथ अस्पताल नेटवर्क और उनकी फीस स्ट्रक्चर की भी समीक्षा की जाएगी. कई बार अलग-अलग अस्पतालों में एक ही इलाज का खर्च अलग होता है. इस असमानता को कम करने की कोशिश की जाएगी.
फ्रॉड रोकने पर जोर
कमेटी डिजिटल सिस्टम को मजबूत बनाने पर भी काम करेगी. इसमें क्लेम प्रोसेस को तेज और आसान बनाना शामिल है. फ्रॉड को रोकने के लिए नए तरीके अपनाए जाएंगे. साथ ही National Health Claims Exchange जैसे प्लेटफॉर्म को बढ़ावा दिया जाएगा. इससे डेटा शेयरिंग आसान होगी और क्लेम जल्दी सेटल हो सकेंगे.
पॉलिसीधारकों को क्या मिलेगा फायदा
इस पहल से पॉलिसीधारकों को कई फायदे मिल सकते हैं. सबसे पहले उन्हें साफ और सरल पॉलिसी समझ आएगी. अस्पताल बिलिंग में ट्रांसपेरेंसी बढ़ेगी और क्लेम जल्दी मिलेगा. अलग- अलग शहरों और अस्पतालों में एक जैसा अनुभव मिलने की उम्मीद है. पोर्टेबिलिटी भी आसान होगी जिससे पॉलिसी बदलना आसान होगा. कुल मिलाकर हेल्थ इंश्योरेंस ज्यादा यूजर फ्रेंडली बन सकता है.
ये भी पढ़ें- ईरान- इजरायल युद्ध के बीच सरकार का बड़ा प्लान, बनाएगी ₹1000 करोड़ का वार इंश्योरेंस फंड, रिस्क कवर में मिलेगी मदद
प्रीमियम और भविष्य पर असर
IRDAI मेडिकल महंगाई और क्लेम ट्रेंड का भी रिसर्च कर रहा है. इसका मकसद प्रीमियम को स्थिर रखना है. हालांकि कुछ हाई रिस्क मामलों में कीमतें बढ़ सकती हैं. लेकिन आम ग्राहकों के लिए सिस्टम ज्यादा संतुलित और निष्पक्ष होगा. आने वाले एक से दो साल में इन सुधारों का असर दिख सकता है.