IPO की तैयारी में कोविड वैक्सीन बनाने वाली Bharat Biotech, ₹4500 करोड़ से बड़ा हो सकता है इश्यू
भारत बायोटेक इंटरनेशनल लिमिटेड 500 मिलियन डॉलर यानी 4500 करोड़ रुपये से ज्यादा जुटाने के लिए IPO लाने पर विचार कर रही है. कोविड वैक्सीन बनाने वाली यह कंपनी 9 अरब से अधिक डोज सप्लाई कर चुकी है. अगर यह इश्यू आता है तो फार्मा और बायोटेक सेक्टर के लिए बड़ा मौका साबित हो सकता है.
Bharat Biotech IPO Planning: भारत की प्रमुख वैक्सीन निर्माता कंपनी Bharat Biotech इंटरनेशनल लिमिटेड अब शेयर बाजार में कदम रखने की तैयारी कर सकती है. कंपनी एक बड़े इनीशियल पब्लिक ऑफर यानी IPO पर विचार कर रही है, जिसके जरिए 500 मिलियन डॉलर (प्रति डॉलर 90 रुपये के आधार पर लगभग 4500 करोड़ रुपये से ज्यादा) जुटाए जा सकते हैं. हालांकि, इस प्रस्ताव को लेकर अभी आंतरिक स्तर पर चर्चा जारी है और डील का आकार, समय और अन्य शर्तें आगे चलकर बदल भी सकती हैं. कंपनी की ओर से फिलहाल इस पर आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है.
फार्मा और बायोटेक सेक्टर के लिए क्या मतलब?
अगर भारत बायोटेक IPO लाती है, तो यह भारतीय फार्मा और बायोटेक सेक्टर के लिए काफी बड़ी बात होगी. हालांकि, मौजूदा समय में भारत का IPO बाजार कुछ धीमा नजर आ रहा है. लगातार दो साल रिकॉर्ड फंड जुटाने के बाद 2026 की शुरुआत अपेक्षाकृत सुस्त रही है. कंपनियों की इनकम वृद्धि में कमी, वैश्विक व्यापार को लेकर अनिश्चितता और विदेशी निवेशकों की असमान भागीदारी ने बाजार की रफ्तार पर असर डाला है.
कंपनी के बारे में
इस आईपीओ से जुड़ी जानकारी ब्लूमबर्ग ने अपनी एक रिपोर्ट में दी है. साल 1996 में स्थापित भारत बायोटेक ने पिछले तीन दशकों में वैक्सीन निर्माण के क्षेत्र में मजबूत पहचान बनाई है. कंपनी का दावा है कि वह अब तक दुनियाभर में 9 अरब (9 बिलियन) से ज्यादा वैक्सीन डोज उपलब्ध करा चुकी है. इसके पोर्टफोलियो में कोविड-19 वैक्सीन, हेपेटाइटिस-बी का टीका, और जलने (बर्न्स) तथा डायरिया जैसी बीमारियों के उपचार से जुड़े प्रोडक्ट शामिल हैं. कोविड महामारी के दौरान कंपनी का नाम वैश्विक स्तर पर चर्चा में रहा, जिससे उसकी ब्रांड वैल्यू और भरोसा दोनों बढ़े.
कई बड़े इश्यू लाइन में
इससे इतर, आने वाले समय में कई बड़ी कंपनियां बाजार में उतरने की तैयारी कर रही हैं. इनमें जियो प्लेटफॉर्म्स, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और कुछ बड़ी रियल एस्टेट कंपनियों के नाम शामिल बताए जा रहे हैं. ऐसे में अगर भारत बायोटेक का IPO आता है, तो यह निवेशकों के लिए हेल्थकेयर और वैक्सीन सेक्टर में निवेश का एक बड़ा अवसर साबित हो सकता है. भारत बायोटेक का संभावित IPO न केवल कंपनी के विस्तार और रिसर्च क्षमताओं को नई मजबूती दे सकता है, बल्कि भारतीय पूंजी बाजार में भी एक अहम जोड़ बन सकता है. निवेशक अब इस प्रस्ताव से जुड़ी आधिकारिक घोषणा और आगे की रणनीति का इंतजार कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें- पैसा रखें तैयार! 4 मार्च से खुलेगा 1087 करोड़ का IPO, पुणे की डीपटेक कंपनी OFS से बेचेगी 80.43 लाख शेयर
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
