पैसा रखें तैयार! 4 मार्च से खुलेगा 1087 करोड़ का IPO, पुणे की डीपटेक कंपनी OFS से बेचेगी 80.43 लाख शेयर
पुणे की डीपटेक कंपनी Sedemac Mechatronics 4 मार्च से अपना IPO खोलने जा रही है, जो पूरी तरह OFS आधारित है और इसमें प्रमोटर व बड़े निवेशक हिस्सेदारी बेचेंगे. कंपनी पावरट्रेन और मोटर कंट्रोल टेक्नोलॉजी में मजबूत पकड़ रखती है और घरेलू के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सक्रिय है. हालिया वित्तीय प्रदर्शन में तेज ग्रोथ देखने को मिली है, जिससे इस इश्यू को लेकर निवेशकों में उत्सुकता बनी हुई है.
Sedemac Mechatronics IPO: पुणे की डीपटेक कंपनी Sedemac Mechatronics जल्द ही अपना IPO यानी इनीशियल पब्लिक ऑफर पेश करने वाली है, जो 1,087.5 करोड़ रुपये का होगा. यह IPO 4 मार्च से पब्लिक सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा. कंपनी ने इसके लिए प्राइस बैंड भी तय कर दिया है. अगर आप भी इसमें निवेश का प्लान बना रहे हैं तो आईपीओ डिटेल से लेकर कंपनी की प्रोफाइल चेक कर लें.
क्या है प्राइस बैंड?
यह IPO पूरी तरह ऑफर फॉर सेल यानी OFS है, जिसमें कुल 80.43 लाख इक्विटी शेयर बेचे जाएंगे. चूंकि इसमें कोई फ्रेश इश्यू शामिल नहीं है, इसलिए कंपनी को इस इश्यू से कोई रकम नहीं मिलेगी. पूरा पैसा बेचने वाले शेयरधारकों को जाएगा. आईपीओ का प्राइस बैंड 1,287 से 1,352 रुपये प्रति शेयर तय किया है. इस हिसाब से कंपनी का वैल्यूएशन करीब 5,970.6 करोड़ रुपये होगा.
कौन बेच रहे हिस्सेदारी?
कंपनी के प्रमोटर मनीष शर्मा और अश्विनी अमित दीक्षित अपनी हिस्सेदारी घटा रहे हैं. इनके अलावा A91 Emerging Fund II, Xponentia Opportunities Fund, NRJN Family Trust और 360 One जैसे निवेशक भी OFS के जरिए हिस्सेदारी बेचेंगे.
लॉट साइज और रिजर्वेशन
आईपीओ का मिनिमम लॉट साइज 11 शेयर का है. ऊपरी प्राइस बैंड 1,352 रुपये के हिसाब से रिटेल निवेशक को कम से कम 14,872 रुपये का निवेश करना होगा. इश्यू का 50 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 15 प्रतिशत नॉन-इंस्टीट्यूशनल निवेशकों के लिए और 35 प्रतिशत रिटेल निवेशकों के लिए रिजर्व रखा गया है. कर्मचारियों के लिए भी खास प्रावधान किया गया है. उन्हें 1 करोड़ रुपये तक के शेयर फाइनल ऑफर प्राइस से 128 रुपये की छूट पर दिए जाएंगे.
तारीखें और निवेश डिटेल
एंकर निवेशक 2 मार्च को बोली लगा सकेंगे. पब्लिक इश्यू 4 मार्च से 6 मार्च तक खुला रहेगा. शेयर अलॉटमेंट 9 मार्च तक होने की उम्मीद है और 11 मार्च को BSE और NSE पर लिस्टिंग संभावित है_ इस इश्यू के बुक रनिंग लीड मैनेजर्स हैं ICICI Securities, Avendus Capital और Axis Capital, जबकि रजिस्ट्रार की भूमिका MUFG Intime India निभा रहा है.
क्या करती है कंपनी?
2007 में स्थापित Sedemac Mechatronics पावरट्रेन कंट्रोलर्स, मोटर कंट्रोल प्रोडक्ट्स और इंटीग्रेटेड स्टार्टर-जनरेटर इलेक्ट्रॉनिक कंट्रोल यूनिट्स यानी ECU डिजाइन और मैन्युफैक्चर करती है. कंपनी ऑटोमोटिव और इंडस्ट्रियल एप्लिकेशंस के लिए सॉल्यूशन देती है.
Xponentia Capital और A91 Partners की ओर से समर्थित यह कंपनी भारत, अमेरिका और यूरोप के OEMs को सप्लाई करती है. कंपनी का दावा है कि भारत में जेनसेट कंट्रोलर्स सेगमेंट में उसका 75 प्रतिशत से ज्यादा मार्केट शेयर है. पुणे में इसके दो मैन्युफैक्चरिंग प्लांट हैं.
वित्तीय प्रदर्शन में उछाल
FY25 में कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू 658.4 करोड़ रुपये रहा, जो सालाना आधार पर 24 प्रतिशत ज्यादा है. सबसे खास बात यह रही कि टैक्स के बाद मुनाफा करीब 8 गुना बढ़कर 47 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो FY24 में 5.8 करोड़ रुपये था. दिसंबर 2025 तक के नौ महीनों में कंपनी ने 770.7 करोड़ रुपये का रेवेन्यू और 71.5 करोड़ रुपये का PAT दर्ज किया है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
NSE ने RFP किया जारी, IPO पिच के लिए इन्वेस्टमेंट बैंक और लॉ फर्म को भेजा इनवाइट; जानें- बड़े अपडेट्स
IPO मार्केट में हलचल, एक ही हफ्ते में 5 IPO पर निवेशकों की नजर; जानें GMP क्या दे रहा संकेत
FY26 के इन IPO ने किया पैसा डबल,100 फीसदी से ज्यादा का रिटर्न, जानें किन शेयरों ने निवेशकों को किया मालामाल
